अ+ अ-
|
ऐसा कहीं होता नहीं
ऐसा कभी होगा नहीं
धरती जले बरसे न घन
सुलगे चिता झुलसे न तन
औ' ज़िंदगी में हों न ग़म
ऐसा कभी होगा नहीं
ऐसा कभी होता नहीं
हर नींद हो सपनों भरी
डूबे न यौवन की तरी
हरदम जिए हर आदमी
उसमें न हो कोई कमी
ऐसा कभी होगा नहीं
ऐसा कभी होता नहीं
सूरज सुबह आए नहीं
औ' शाम को जाए नहीं
तट को न दे चुम्बन लहर
औ' मृत्यु को मिल जाए स्वर
ऐसा कभी होगा नहीं
ऐसा कभी होता नहीं
दुख के बिना जीवन कटे
सुख से किसी का मन हटे
पर्वत गिरे टूटे न कन
औ' प्यार बिन जी जाए मन
ऐसा कभी होगा नहीं
ऐसा कभी होता नहीं
|
|