हिंदी का रचना संसार

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

 

दिनेश कुमार शुक्ल/ नया अनहद
 

कविता ही दुख की बोली है

मुझको तब भी यह लगता था
कविता ही दुख की बोली है
काग़ज की नावों के जैसे
यद्यपि छोटे-छोटे सुख थे,
दुख का भवसागर अपार था
लेकिन थी एक जगह घर में
जो नहीं अभी तक डूबी थी

उस जगह थकी दीवारों के
जीवट की आहट आती थी
उस ठौर कभी झपकी लेने
के लिए समय भी आता था
धरती तो अक्सर आती थी
पानी पी कर सुस्ताने को
जब कभी अकेले में आ कर
बादल भी लोट लगाते थे
इतनी ऊँची वो जगह
हमारे घर की यही दुछत्ती थी
जिसमें थे चार झरोखे जो
सीधे आत्मा में खुलते थे

जब अन्धकार में डूब-डूब
सारी दुनिया सो जाती थी
तब इन्हीं झरोखों से हो कर
पानी की चादर ओढ़-ओढ़
मिट्टी की खुशबू आती थी
पावस की आँखें आकाशी
नीलम की तरह चमकती थीं
फिर उन्हीं झरोखों से हो कर
धरती की मज्जा से बोझिल
बैताल-पचीसी के वितान
के टुकड़े उड़ते आते थे,
ताजे अखबारी कागज की
खुशबू में उलझी उलझी-सी
अद्भुत ध्वनियां भी आती थीं
दानाड्. लुमुम्बा होची मिन्ह ...
पश्चिम से उठती थीआँधी
पूरब से बादल आते थे
फिर बूँद बूँद आसव बन कर
यह सब घुलता अन्तर्जल में

यह अजब दुछत्ती थी जिसमें
रहती भाषा की धूप-छाँव
कुछ फटे पुराने कागज थे
कुछ जंग लगी आवेजें थीं
सपनों के थे कुछ बीज वहाँ
जिसमें अंकुर भी आते थे
रहती थी इसी दुछत्ती में
उन दिनों छिपी कविता की लय
जो भाषा को रक्तिम प्रकाश से
कभी कभी भर देती थी
मुझसे झींगुर से और थकी
दीवारों से कविता की लय
तब आ-आ कर टकराती थी

कविता ने ही हमें बताया भेद दुःख का --
इस अपार की भी सीमा है
यह अथाह भी अतल नहीं है
इस अनादि का आदि अन्त है इस अनन्त का
कहीं अपरिमित अप्रमेय अज्ञेय कुछ नहीं !
 
 

                                       <<भीतर कवि थे<<             सूची               >>आगमन>>

 

 

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

Copyright 2009 Mahatma Gandhi Antarrashtriya Hindi Vishwavidyalaya, Wardha. All Rights Reserved.