परीक्षा लेती जिंदगी
प्रतिनिधि कविताएँ
रमेश पोखरियाल ' निशंक '
प्रकाशक • प्रभात प्रकाशन प्रा. लि.
4/19 आसफ अली रोड,
नई दिल्ली -110002
सर्वाधिकार • सुरक्षित
संस्करण • प्रथम, 2021
मूल्य • चार सौ रुपए
मुद्रक • आर-टेक ऑफसेट प्रिंटर्स, दिल्ली
PAREEKSHA LETI ZINDAGI
poems by Shri Ramesh Pokhriyal 'Nishank'
ISBN 978-93-90366-16-3
Published by Prabhat Prakashan Pvt. Ltd.,
4/19 Asaf Ali Road, New Delhi-2
e-mail: prabhatbooks@gmail.com
अनुक्रम
1. जीवन बसंत
2. शांत बहने दो
3. यातना अकेली थी
4. मानव कहाँहै
5. कहीं दूर जाना चाहिए
6. प्रश्न
7. तिरोधान
8. कुछ पूछ रहा हूँ
9. कठोर बना दिया
10. काश, तुम सुन लेते!
11. आज
12. समय की चुनौती स्वीकार करो
13. धधकता हुआ दिल
14. काश, तुम होते!
15. प्रतिशोध में
16. तूफानी रात
17. अच्छा लगता है
18. लाश पड़ी थी
19. ऐसा नहीं होने दूँगा
20. तुमने मेरी झोंपड़ी जलाई है
21. कविता गंगा
22. पहचान
23. भिखारिन
24. हाय! नन्हेपौधे
25. पहाड़ की कहानी
26. उनकी शर्त
27. वेदना केआर्तस्वर
28. कथित आदर्शवादी
29. तुम्हारी चाह
30. ये पुरस्कार पाते हैं
31. व्यथा खेत की
32. विषैलेसाँप
33. मैंपहाड़ हूँ
34. तुम्हारा मन न भरा
35. भारत भू
36. प्रिय गढ़वाल
37. ऐ वतन!
38. मातृभूमि के लिए
39. पत्थर बोलेंगे
40. इन्हें निकल जाने दो
41. मानव
42. हे कालिदास!
43. प्रतीक्षा
44. मित्र ग्रंथ
45. मैंने देखा है उसको
46. ओह! वेछलतेरहे
47. प्रेम की शक्ति
48. चरैवेति-चरैवेति
49. संघर्ष जारी है
50. एक रेखा
51. मन और वक्त मेरी पूँजी है
52. वेबेरोजगार
53. नया इतिहास
54. महाप्रलय
55. वेदना
56. उभरती चेतना
57. भोला पहाड़
58. आशा
59. आओ मंथन करें
60. कुछ रिश्ते
61. जिंदगी भी तो
62. कसौटी
63. अनुभव
64. प्रगति गीत बन
65. नया संसार बना
66. जीवन क्या पहचाने
67. जागते रहते
68. यदि रोते रहे
69. मरे हुए लोग
70. विभ्रम
71. पीड़ा का मरहम
72. मदद कोई नहीं करेगा
73. स्वयं ही लड़ना पड़ता है
74. मर्म न जाना है
75. परिवर्तन
76. क्षण भंगुरता
77. परीक्षा लेती जिंदगी
78. ये दिल
79. हे आलोक तुम आओ!
80. मानवता की बात
81. त्रिपदी
82. प्यार की ज्योति जलाएँ
83. राह उन्हें दिखलाएगा
84. तरुणों से
85. काँटों की गोदी में
86. दीपक जलने दो
87. जीवन-वीणा
88. विजय केगीत गाऊँ
89. आज मेरा मन
90. संकल्प लिया है हमने
91. उजाड़ रहे हो!
92. क्यों कहीं उत्सव नहीं?
93. क्या रोना
94. छिपा है कुछ
95. जिंदगी की राह पर पुकार खो गई!
96. मैं धरणी हूँ
97. पता नहीं क्यों
98. आशा सुबह की
99. जिधर देखो
100. नाम नहीं रुकने का
101. लक्ष्य
102. अंतिम संदेश
103. मैंहारा नहीं हूँ
104. हम ही जले
105. तुम न जाने क्यों?
106. हर जगह परीक्षा है
107. तुम्हारे रोड़े
108. हर जगह बहेलिया
109. विचार-तरंग
110. कौन सी रीति?
111. मन-ही-मन रोया
112. श्वास एक फिर भरनी
113. किस्मत की करनी
114. पीड़ामुक्त करो
115. गूँगा इतिहास बाँझ व्यवस्था
116. प्रभाती
117. जीवन
118. वह गीत
119. अपनी जमीन
120. मेरी शिकायत उससे
121. बूँद मचाएगी हाहाकार
जीवन बसंत
भँवर जगाए इसने सोए,
पुष्प दिए सब उनको खोए,
कोकिल को पास बुलाया,
सब आँसू पोंछे रोए,
जब-जब भी कोई सोएगा,
मधुकर बन तुम गाना,
हे बसंत! जल्दी आना!
हर पल था वह घुटन भरा,
तड़प रही थी सकल धरा।
कण-कण को पुलकित करके,
नव अंकुर को जन्म दिया।
मेरे जीवन केबसंत ने,
सबको आनंदित किया।
जब-जब भी पतझड़ आया,
डाल-डाल खाली पाया।
तब नव जीवन नई प्रेरणा,
नई स्फूर्ति यह लाया,
घुटन भरी तड़पी श्वासों ने,
तब उन्मुक्त हो गीत गाया।
अंधकार तनिक न आए,
अब ज्योति पुंज को लाना,
हे बसंत! जल्दी आना!
नवयौवन दान दिया इसने,
पल्लव का मान किया इसने,
नव उमंग नई चेतना,
उन्नत मार्ग दिया इसने,
सुप्त चेतना होगी जब भी,
छोड़ेगा जन मधुपाना,
तब पुष्पों को विकसित कर लाना,
हे बसंत! जल्दी आना!
शांत बहने दो
वह असह्य पीड़ा जिसको,
कभी व्यक्त नहीं कर पाया।
बेचैनी बढ़ती रही,
श्वासें चढ़ती रहीं।
नयनों में अश्रु सतत छलके,
उभरी हैं रोते-रोते,
मेरी नयनों की पलकें।
जलती रही आज तक जो,
गाल गीला कर गई है।
आसमाँ से आ नयन में,
वह बूँद सागर भर गई है।
गोद कहते हैं जिसे,
सागर उसी में बह रहा है।
शांत बहने दो मुझे, वह
बिन कहे भी कह रहा है।
यातना अकेली थी
यातना की कारा में,
दुःख-दर्दों की धारा में,
मैं कष्ट,
सबकुछ ही सहता रहा,
तुमने कहा गूँगा है,
नहीं! नहीं! ऐसा कहाँ।
यातना अकेली थी,
बाँहें इसकी फैली थीं,
इसके मीठे दर्दों को ले,
इसे आत्मसात करता रहा,
और क्षण-क्षण आगे बढ़ता रहा।
इस यातना की कारा में,
दुःख-दर्दों की धारा में,
शांत हो बहता रहा।
मानव कहाँ है
न जाने क्यों?
न जाने क्यों कभी ऐसा लगता है, ये मानव
ये जंगल
ये पर्वत
ये हवाएँ
सब किराए के हैं,
जिन पर कर लगता है।
मानव अब मानव कहाँ?
यह तो
भौतिक यंत्र बन गया है।
अफसोस!
क्यों आज के समूचे तंत्र से,
मुझे डर लगता है।
और
ये लाल चट्टानें खाने को दौड़ती हैं।
ये धाराएँ विषैली हवा छोड़ती हैं,
यह जगह
जहाँ खड़े हैं,
एक कदम,
बस एक कदम रखने के लिए भी,
मुझे डर लगता है,
जिंदगी का सफर कभी-कभी
तो क्षण भर लगता है।
चाहता हूँ विचरण करूँ,
उन्मुक्त रहूँ,
पर कहाँ?
यहाँ तो इसके लिए भी
कर लगता है।
बात-बात में,
अब तो
अपनी ही जमीन में भी,
मुझे डर लगता है।
कहीं दूर जाना चाहिए
मन करता है,
कि यहाँ से
कहीं दूऽऽऽर
बहुत दूर चला जाना चाहिए।
किंतु
शर्त यह है कि
वहाँ
स्वार्थों में जकड़ा,
माया को पकड़ा,
हिंसा का पूजक,
दानव सूचक,
मानव कहलाने वाला
आज का
यह आदमी नहीं आना चाहिए।
प्रश्न
फल पाता वह वैसा ही
जैसा कोई बोता है।
गद्गद हृदय तब होता,
जब मानस हृदय धोता है।
कुछ खाते, कुछ पीते हैं,
कुछ भूले-भटके मिलते हैं।
फूल एक से होने पर भी,
काँटों में सब खिलते हैं।
स्वार्थों का सर्पीला पथ,
गरल मिले किस क्षण किसको,
'नंगा भूखा बंधु खड़ा' वह
सब धक्का देते हैं जिसको।
क्या जीवन सच में इनका?
जो जीवित रहते मरते हैं।
प्रश्न यही आज सामने,
हम उनका क्या करते हैं?
तिरोधान
आ चुका नव सूर्य अब ढलने लगा है,
धैर्य खोता श्रम भी चलने लगा है।
वृक्षों ने शीत छाया छोड़ दी है,
तूफान ने सुंदर सड़क ही तोड़ दी है।
उष्ण लू से महल संग कुटिया फुँकी है,
वेदना से श्वास की गति भी रुकी है।
भावना तो तपन में ही झुक चुकी थी,
घुटे दम से सत्यवाणी रुक चुकी थी।
यत्न कर अब अंत ही तो रह गया है,
जो बचा था, कष्ट ही सब सह गया है।
कुछ पूछ रहा हूँ
क्यों?
कैसे?
किसलिए,
किसके लिए?
ढेर सारे प्रश्न हैं,
जिनसे
निसदिन जूझ रहा हूँ।
कभी भटकता,
कभी तड़पता,
मैं
तुमसे
कुछ पूछ रहा हूँ!
कठोर बना दिया
कलम पकड़ना
और स्कूल जाना
उन्हें भी अच्छा लगता है,
जिन कोमल हाथों में
कुदाल और बेलचा होता है।
खेलना-कूदना,
नाचना-गाना
कहाँ किस्मत में है उनके,
पत्थर और हथौड़ी!
हाथों में है जिनके।
भूख और प्यास की
चिल्लाहट ही है पास जिनके,
मजबूरी ने इन
कोमल हाथों को
समय से बहुत पहले
पत्थर बना दिया है,
दिल था कोमल
पर भूख की तपस
और दुखारियों की चट्टानों ने
उन्हें कठोर बना दिया है।
काश , तुम सुन लेते!
यदि तुम सुन रहे हो तो
मेरे मन को सुनो
अभी तक तुमने
क्यों मेरे मन को नहीं सुना,
कोई जरूरी नहीं कि
शब्द
सुनकर तुम उसे सुन ही लोगे,
और सुन भी लोगे
तो उसे ग्रहण कर ही लोगे,
काश!
तुम मन को
सुन लेते
सुनकर कुछ तो रुकते,
और रुककर
तुम उस संसार में विचरण करते।
मेरी हर संवेदना
मेरी हर आवाज को
मन मेंगहराई तक भरते
तो कितना अच्छा होता,
जाते हुए समय को
हम बचा पाते
और एक क्षण
भी कहीं नहीं खोता,
हमारा एक-एक शब्द
एक-एक वाक्य
एक नई फसल को बोता।
आज
हलचल चारों ओर मची है,
सदा सत्य आवाज दबी है।
भ्रम ने सबको घेर लिया है,
इसको हर जन देख रहा है।
हीन आचरण फैल रहा है,
उच्च आचरण मूक खड़ा है।
हर दिशा में स्वार्थ अड़ा है,
माँगों के ध्वज दंड खड़ा है।
लोभ व लालच और बढ़ा है,
अहं का ज्वर भी तेज चढ़ा है।
ईमान धर्म सब खो बैठा है,
कर्तव्यनिष्ठ भी रो बैठा है।
चाहे नर हो चाहे नारी,
सब में फैली त्राहि-त्राहि।
स्वयं सुरक्षित कोई न पाता,
बिछुड़ गया है रिश्ता-नाता।
हीन भाव भी बढ़ता जाता,
हृदय स्वार्थ के गीत है गाता।
जो है संयमी घुटता जाता,
घुट-घुटकर कुछ कह न पाता।
कुछ कहता है यम है पीछे,
सब हैं ऊपर, स्वयं है नीचे।
अब तो इतना दबा पड़ा है,
श्वास भी उसका उखड़ रहा है।
कब तक ऐसा राज चलेगा,
ज्ञान नहीं कब श्वास मिलेगा।
समय की चुनौती स्वीकार करो
समय की चुनौती स्वीकार करो तुम,
मंजिल तुम्हारे पग-पग में होगी।
दूर यदि बहुत हो मंजिल तुम्हारी,
करो श्रम दिन-रात क्षणिक न थको तुम।
वह दीवार तोड़ो बाधक बनी जो,
कदम शीघ्र रखकर शिखर पर बढ़ो तुम,
अगर बढ़ सको तो बढ़ो सूर्य से तुम।
सफलता तुम्हारे हर अंग होगी,
समय की चुनौती स्वीकार करो तुम।
कहाँ मार्ग में वे कभी भी बढ़े हैं,
जो लक्ष्यहीन निष्क्रिय फीके पड़े हैं।
वही मृत्यु पाते, जो डरे मृत्यु से हैं,
अमर तो वही जो अडिग पग खड़े हैं।
अडिग दृढ़ डगर पर अगर तुम बढ़ो तो,
अमरता तुम्हारी-सफल शक्ति होगी,
समय की चुनौती स्वीकार करो तुम।
परहित जो सबका नित सोचते हैं,
विपरीत आँधी वही रोकते हैं।
कहाँ शक्ति उनमें जो जूझे नहीं हैं,
वही लिप्त होकर दुःख भोगते हैं।
करो मार्ग प्रशस्त संघर्ष से तुम,
तो राह रोशनी से जगमग होगी,
समय की चुनौती स्वीकार करो तुम।
धधकता हुआ दिल
धधकता हुआ दिल ये क्या कह रहा,
क्यों आज शोषित लहू बह रहा।
स्वार्थों को लेकर जहाँ तुम लड़े थे,
दूसरों पर ही प्रहार करने खड़े थे।
वर्ष बीते हैं, जलते जलाते हुए,
स्वजन देखे तुमने बिलखाते हुए।
मूक क्रंदन सुना पर मिटा दी आवाज,
डूबने को जो आया है वृहद् समाज।
खेद! जलते हुए जन का दुःख ही नहीं,
स्वयं भी कुचलकर लिया सुख वहीं।
आनंद भी तुमने इसका ही लिया,
सब अंकुर मिटाकर ही पानी पिया।
अश्रु भी तुमने इस पर खुशी के बहाए,
भद्र बन करके ढोंगी, हम दर्द कहलाए।
दैव से बढ़कर है तुममें दनुजता,
इसे ही कहते हो तुम मनुजता।
काटा गाजर सदृश तुमने जिसे,
चिर परम शोषित समझा इसे।
अब सोच लो! कर्म तुमने क्या किया,
सबको मिटा धर्म जग नाश प्याला पिला।
काश , तुम होते!
कहना है स्तर से ऊँचा,
स्वयं हो गहरे पानी में।
मधुर दिखावा करते हो,
जहर उगलते वाणी में।
उपदेश कहाँ वे कम होते,
जो घंटों तक भी चल जाते।
स्वयं पता तुमको भी है,
जो सुनते भटकन को पाते।
कर्तव्य नहीं अधिकार तो है,
जो चाहे कर सकते हैं।
हित-अहित मतलब ही क्या,
जहर गले भर सकते हैं।
कथनी-करनी एक ही होती,
काश पूर्ण यदि तुम होते।
सभी प्रेरणा लेते तुमसे
हृदय हजारों न रोते।
प्रतिशोध में
वह भटकता दौड़ता ही जा रहा था।
होंठ सूखे, गाल गीले,
मात्र केवल साथ भय था,
पवन को ही पा रहा था।
भावना प्रतिशोध की थी,
दृश्य भीषण आँख में लिए था।
कान आहों से भरे थे,
क्रोध केही घूँट पिए था।
कौन था जिससे कहे वह
जो भी दिखता शत्रु लगता,
वेदना मन की सताए
आदमी भी भूत लगता,
जिसको देखे और भागता।
यह ही बढ़ गया था,
अग्निसम प्रतिशोध में,
और पहुँचा आग से बढ़
हिम शिखर की गोद में।
तूफानी रात
यह तूफानी रात क्यों आई?
यह वर्षा बिन बादल क्यों?
बिजली चमक-चमककर गिरती,
तारे कहते हलचल क्यों?
बूँदें टप-टप कर गिरतीं,
पत्थर सा प्रहार करे,
कुरेद गए बन घाव हृदय को,
कौन इन्हें अब पार करे?
करुणामय क्रंदन ने मेरे,
मानस को भी दहलाया
गूँथ-गूँथ अनल ज्वाला,
विह्वल तन को सहलाया।
अच्छा लगता है
कभी-कभी अच्छा लगता है,
चुप-चुप करकेरहना।
और कभी अच्छा लगता है,
आँसू का छिपकर बहना।
यह भी अच्छा लगता है,
हर घूँट पीड़ा का पीना।
और सदा अच्छा लगा है,
मुझको यह जीवन जीना।
लाश पड़ी थी
सफेद कफन से ढकी हुई,
देखी है मैंने,
वह लाश पड़ी है।
आँखों में आँसू लिए,
पास सटी,
एक महिला खड़ी है।
शेष सब मौन! बस मौन हैं,
न जाने कौन! वे कौन हैं।
दुःख छाया है मुख पर,
ज्ञात हुआ है,
काल ने क्रूर नियति डाली है,
आज यकायक इनके सुख पर।
वह सुख तो नहीं?
यह भी क्या सुख है जो,
कुछ दिन गिनकर जीवन में,
सुख बन करके आए।
और सभी को तड़पा-तड़पा,
दुःख बन करके जाए।
ऐसा नहीं होने दूँगा
रूठा-रूठा कैसा मौसम,
रूखे-रूखे सब जीवन।
बाहर गोरे-गोरे हैं पर,
अंदर काले-काले मन।
हाय! बता यह कैसा जीवन,
बस स्वार्थों पर छाने का।
पहले खाते थे जीने को,
अब जीवन है खाने का।
नीरस-नीरस सारे जीवन,
केवल खाकर सोना है।
कट जाएगा यह जीवन,
यही तो इनका रोना है।
ललकारा मैंने तुमको,
मैं ऐसा नहीं होने दूँगा।
केवल पशु सम जीवन जीकर,
मैं तुम्हें नहीं रोने दूँगा।
बन मेरा 'अंकुर' 'ऋजुपर्ण',
हरियाली फैलाएगा।
और 'विधाता' घर-घर जाकर,
किस्मत सबकी चमकाएगा।
'तुम भी मेरे साथ चलो',
संदेश तुम्हें यह आएगा।
तुमने मेरी झोंपड़ी जलाई है
तुमने मेरी झोंपड़ी जलाई है
अपनी मंजिलों को चढ़ाने के लिए।
तुम्हारी शान बढ़ाने के लिए,
मैंने कहा कोई बात नहीं,
मेरी झोंपड़ी जलने दो,
इस झोंपड़ी का पत्थर-पत्थर भी ढलने दो।
इतना ही नहीं, तो
मेरी झोंपड़ी वाले
बिलबिलाते रहे।
एक ग्रास रोटी के
टुकड़े तक को चिल्लाते रहे।
मैंने कहा कोई बात नहीं,
इस बात को भी चलने दो,
देश के वैभव और हित के खातिर
हम गरीबों को मरने दो।
लेकिन
मैं देख रहा हूँ,
मेरी झोंपड़ी की जगह
गगन छूने वाला भवन खड़ा है,
और इसके भीतर वह मन पड़ा है,
जिसने नफरत की दीवारों को
हमारे सीने में खड़ा किया है।
जगमगाते जीवन को मिटाने के लिए
हमें बारूद का जहर दिया है।
भाई को भाई से दूर किया है,
मार-काट के नग्न नृत्य से
खाली यह शहर किया है।
हे मनुज!
जिन्होंने हमारे दिलों की दूरी को बढ़ाया है,
निर्दोष लोगों को शूली पर चढ़ाया है।
आज अपनी आन बचाने के लिए
इन्हें मिलकर कुचलना पड़ेगा।
आज तक ये हमें जलाते रहे,
अब हमें इन्हें जलाना पड़ेगा।
कविता गंगा
तुमने लाख कोशिश की
मेरी कविता को बाँधने की,
इसे सजा दी तुमने
भारी चट्टानें लाँघने की,
तुमने-
पग-पग पर इसे रोका है
कोशिश कर इसे अग्नि में झोंका है।
फिर भी-
मेरी कविता की गंगा
दुर्गम, बीहड़ रास्तों में
हिमालय की गोद से
निकल ही पड़ी है,
सागर तक पहुँचने के लिए नहीं
बल्कि अनगिन प्राणियों को
जीवन देने के लिए,
चट्टानों सेटकराती हुई
कल-कल, छल-छल निनाद कर
हर जगह हर मोड़ पर
प्रतिपल खड़ी है।
मेरी कविता की गंगा
निकल ही पड़ी है।
कौन नहीं जानता
कि
शंकर ही जटाओं में
यह उलझकर नहीं रही है,
फिर आज का असहिष्णु मानव
उसे क्या रोक सकेगा,
स्वार्थों के दलदल में फँसा
यह कंस
उसे क्या टोक सकेगा?
क्योंकि-
यह बाधाओं में
आगे बढ़ने का
संदेश लेकर बही है।
अब मेरी कविता की गंगा
निकल ही पड़ी है।
पहचान
उसने दर्द भरे शब्दों में कहा
ओह!
आज तक सब कुछ सहा
तुमसे कुछ न कहा।
आज कुछ कह ही देता हूँ,
दिल में बढ़ते बोझ को
कुछ हलका कर देता हूँ,
कि-
'निशंक' आज का मानव
अपनी पहिचान खो रहा है।
फूलों पेचढ़ने की चाह है उसकी,
पर काँटों को बो रहा है।
तुझे पता नहीं, कि
दुनिया भर की सारी दौलत
यह घर में भरना चाहता है,
रटे हुए उपदेश देकर
शासन करना चाहता है।
न जिसका कोई धर्म है
और न कोई ईमान है,
पशु से भी ज्यादा बदतर
क्यों हो गया इनसान है?
पर यह निश्चित है-
जब भी प्राणी
अपनी पहचान खोता है,
पतन के इस कगार के बाद
फिर नवनिर्माण शुरू होता है।
भिखारिन
नग्न, वस्त्रहीन
क्षुधा से आतुर
आँखों में आँसू लिए
थरथराती हुई
भिखारिन आ रही थी।
कहीं पेट भरने को दाना मिलेगा,
कहीं तन ढकने को बाना मिलेगा,
सोच-सोचकर
सांत्वना पा रही थी।
हाँ!
बड़े लोग दयालु होते हैं,
उनकी सहायता करते हैं,
जो असहाय होते हैं।
वह भागकर गई
किंतु
इन बड़े लोगों ने
मुँह मोड़कर, इसको
जोर से फटकारा था,
इतने से भी जी न भरा तो
गोद लटके बाल को भी
छी पटक के मारा था।
ठंड से इनका ठिठुरना,
दर्द से इनका सिसकना,
भूख से थे बिलबिलाते
दर्द भी तो कम नहीं था,
खाते भी यदि गम कहीं तो
शेष भी अब गम नहीं था।
क्रोध में आकर भिखारिन
पुकारती फिर काल को थी,
हे काल! तू भी मर गया
इतना रहम तो दिखा दे,
बच्चों सहित इस अभागिन को
इस धरा से उठा ले।
हाय! नन्हे पौधे
इस भयंकर कोहरे के धुंध में
नन्हे पौधे
खो गए हैं।
निशि-दिन गिरते इस पाले में
मुरझाए से
हो गए हैं।
हाय! मेरे नन्हे पौधे,
जिन्हें मैंने खूब सँवारा था,
इनका कोंपल-कोंपल मुझे,
अपने हृदय से प्यारा था।
वे समय से पहले ही
अवनि में
खो गए हैं।
इस भयंकर कोहरे के धुंध में
मेरे नन्हे पौधे
सदा के लिए
सो गए हैं।
पहाड़ की कहानी
21वीं सदी की दौड़ में
हर कदम हर मोड़ में
कहीं दूर
ऊँची अट्टालिकाओं में बैठकर
कागज के घोड़ों को तैयार किया गया है,
जिन्हें कुछ निगाहों तक जाने के लिए
आदेश दिया गया है।
घुड़सवारों में प्रवीण
ऊँचे घुड़सवारों ने
नीचे के लोगों को निर्देश दिया है,
मेरे पहाड़ के जिम्मेदार घुड़सवार ने
घोड़े पर चढ़ने का कुछ होश लिया है।
इतना ही नहीं! वह सलामी के लिए
कुछ लोगों को भी मिला है।
एक प्रकार के
माउथ पीस-
'लक्ष्य पूरा करो' का नारा लगाते हैं।
कल मीटिंग थी
आज मीटिंग है
नए घुड़सवारों को
आमंत्रित कर आते हैं।
हर रोज एक मीटिंग हो जाती है,
हर रोज की इस मीटिंग में
कल तैयार कर देने की
प्रगति आख्या आती है।
ये कागज के घोड़े
कई लोगों से होकर गुजरते हैं,
जिनके ऊपर चढ़कर कई लोग
हर रोज सवारी करते हैं।
और विकास का लक्ष्य ढोते
ये घोड़े बोझिल हो जाते हैं।
अनगिन घावों के शिकार होकर
मंजिल तक पहुँच पाते हैं।
इन घोड़ों की प्रतीक्षा थी
मुझे व मेरे गिरिवासियों को
कि ये
कुछ विकास हमें भी दे जाएँगे,
प्रगति की दौड़ में
मुट्ठी भर अन्न-जल हम भी ले पाएँगे।
लेकिन ये कब निकल पड़े
हमें कुछ भी पता नहीं है।
मेरा यह भोला गिरिवासी
आज भी खड़ा वहीं है।
दुःख किसे सुनाएँ
पहाड़ की इस कहानी का।
यहाँ लोग प्यासे हैं आज
जहाँ श्रोत है पानी का।
उनकी शर्त
उन्होंने
लच्छेदार भाषण में कहा,
मैं राष्ट्र की
सेवा करना चाहता हूँ,
मैंरा राष्ट्र-प्रेम
निज हृदय में भरना चाहता हूँ।
और इच्छा है कि
मैं राष्ट्र-चिंतन में खो जाऊँ,
मैं सदा-सदा के लिए
राष्ट्रपुरुष ही हो जाऊँ।
किंतु
शर्त एक ही है उनकी
कि
तुम्हें माँग पूरी करनी होगी।
सारे राष्ट्र की धन-संपत्ति
मेरे घर में भरनी होगी।
वेदना के आर्त स्वर
रुष्ट हैं वे आज मुझसे
उन्हें कैसे मैं मनाऊँ।
वेदना के आर्त स्वर में
गीत तुमको मैं सुनाऊँ।
खिल रहे थे पुष्प जिस पर
चट्टान उग आती वहाँ।
दूर तक हैं खाइयाँ
उधर वे है, हम यहाँ ।
खाइयों को लाँघकर भी
आज पथ को मैं बनाऊँ।
वेदना के आर्तस्वर में
गीत तुमको मैं सुनाऊँ।
जिधर भी मैं जा रहा हूँ
ठोकरें ही खा रहा हूँ।
फूल मिलते हैं कहाँ
मैं कंटकों पर जा रहा हूँ।
कंटकों की आह से ही
गीत अपना मैं रचाऊँ।
वेदना के आर्तस्वर में
गीत तुमको मैं सुनाऊँ।
तूफान पीछे लगे हैं मैं,
जिस दिशा में जा रहा हूँ,
हर कदम, हर मार्ग में ही
आँधियों को पा रहा हूँ।
तूफान-आँधी से स्वयं को
ओह! कैसे मैं बचाऊँ?
वेदना के आर्तस्वर में
गीत तुमको मैं सुनाऊँ।
सुन सको तो वेदना के
आर्तस्वर तुमको सुनाऊँ।
कथित आदर्शवादी
दिन भर निठल्ले रहकर
हम बहुत व्यस्त हैं, कहकर
आदर्श का चोला ओढ़े
ये कथित आदर्शवादी
बात बहुत ही करते हैं,
किंतु
व्यर्थ का दंभ भरने वाले
ये चाटुकार हैं, जो
निर्माण कार्य से डरते हैं।
तुम्हारी चाह
तुमने
जी तोड़ कोशिश की,
मुझे
मँझधार में लटकाने की।
न जाने तुम्हारी
क्यों चाह रही
मुझे
सघन वन में भटकाने की।
चाहकर भी ऐसा
नहीं कर पाओगे तुम,
मुझे लटकाने की कोशिश में
खुद लटक जाओगे तुम,
तुम्हारी तो इच्छा है
बिना किए सबकुछ पाने की
और मेरी चाह है
कुछ कर दिखाने की।
ये पुरस्कार पाते हैं
अपने दोषों को
छिपाने के लिए
वे
झट से आलोचना कर देते हैं।
किसी की अच्छी बात तो नहीं,
छोटी गलती को भी
ये
हर हालत मेंदे ख लेते हैं,
साफ-सुथरा दिखा स्वयं को
दुनिया भर में छाते हैं,
पर को पीड़ा पहुँचाने वाले
ये पुरस्कार भी पाते हैं।
व्यथा खेत की
स्वामी के
घर आने का
इंतजार मुझको कब से,
जब से
स्वामी परदेश गए
बंजर पड़ा हुआ तब से।
बीजन की
क्षमता थी मुझमें
पर बेबस, जल पास नहीं था,
छोड़ गए
ऐसे में मुझको
क्या मेरा उपहास नहीं था?
ऐसा नहीं कि
कुछ भी देने की
मुझमें कोई शक्ति नहीं थी,
जाना नहीं
किसी ने मुझको
शायद मुझसे अनुरक्ति नहीं थी?
यदि मेरी
अनुरूप प्रकृति में
रम कोई साधन को करता,
तो यह
निश्चित ही था
मैं उसकी गोदी को भरता।
विनती है
अब भी तो सुन लो
तुम मुझे नहीं भुलाओ,
लौट चलो, आओ इस आँगन
मुझको फिर से सरसाओ।
विषैले साँप
सड़क पर
कुछ पत्थर पड़े थे,
कुछ लोग
उनको घेरे खड़े थे।
पता चला-
लोगों ने साँप को मारा है,
देखने में कोमल-प्यारा
पर विषैला सारा है।
मैं खड़ा-
कुछ देर सोच में पड़ा था,
'निशंक' जाने कहाँ खो जाते हो!
एक मित्र मुझसे लड़ा था।
मैंने कहा-
इस साँप को देखकर तो
और साँपों की सोच रहा हूँ,
मनुष्य रूप में फन फैलाए
लोगों की भीड़ में
आदमी खोज रहा हूँ।
मैं देख रहा हूँ-
कदम-कदम पर
ये विषैले साँप खड़े हैं,
और आस-पास
कम नहीं-
बहुतेरे पत्थर भी पड़े हैं।
पर इन्हें मारने की
कोई हिम्मत नहीं कर रहा है,
पता नहीं क्यों
आम आदमी
इन साँपों से डर रहा है।
मैं पहाड़ हूँ
मैं
इसलिए चुप नहीं
कि मैं इतना शांत हूँ,
तुम नहीं जानते
कि
मैं कितना आक्रांत हूँ।
मौन हूँ
तो सिर्फ इसलिए
कि कहीं
मेरे शांतिवन में अशांति न आए,
कहीं
मंद पवन, मलय समीर
स्वयं तूफान बनकर न छाए।
और फिर
मुझे हिमालय का
अनुपम धैर्य नहीं खोना है,
विश्व शांति का
ध्वज लिए यहाँ
मेरा हर एक कोना है।
मुझे तो
देश की एकता और अखंडता
हित जीना है,
मुझे गंगा और यमुना सरसाकर
जहर घूँट भी पीना है।
मुझे तो
विष वमन करते
विषैले नाग मिटाने हैं,
मुझे तो
जन-जन के हृदय पटल में
समता के बीज उगाने हैं।
वैसे तो
मेरी एक छोटी चीख भी
प्रलय ला सकती है,
दिग्-दिगंतर तो क्या
ये
ब्रह्मांड हिला सकती है।
पर मैं
ऐसा नहीं होने दूँगा,
मैंतो देश की आत्मा
प्यारा पहाड़ हूँ,
मैं
संकल्प और शांति का प्रतीक
देश के सौंदर्य की
अनुपम बहार हूँ।
मैं पहाड़ हूँ।
तुम्हारा मन न भरा
उफ!
इतना खून बहाने के बाद भी
तुम्हारा मन नहीं भरा है,
जबकि
निर्दोष खून से सनी हुई
थरथराती ये धरा है।
रक्तरंजित अपने हाथों को
तुमने यों ही छिपा लिया,
अपनी खातिर दूजों के
अरमानों का कत्ल किया।
आज तुम्हारे दमनचक्र से
जन-जन सहमा और डरा है।
उफ!
इतना खून बहाने के बाद भी
तुम्हारा मन नहीं भरा है।
अपने स्वार्थों की खातिर तुमने
पीढ़ियों को बरबाद किया,
माँ-बहनों ने खून का आँसू, और
अपमानित विष का घूँट पिया।
और अभी भी वही क्रूरता
विष उगलने का वही ढर्रा है।
उफ!
इतना खून बहाने के बाद भी
तुम्हारा मन नहीं भरा है।
अरे!
कौन नहीं जानता
इस सबके बाद भी
तुम मसीहा बनते हो,
एक हाथ में पैसा रखते
दूजा खून से सनते हो।
संवेदना और मानवता पर
तुम्हारा मन ही मरा है।
उफ!
इतना खून बहाने के बाद भी
तुम्हारा मन नहीं भरा है।
भारत भू
स्वर्ग भूमि से ऊँचा माथा,
रहती हैं षड्ऋतु जिसमें,
वही देश है मेरा भारत,
बहती गंगा-यमुना जिसमें
।
चारों वेद इसी धरती पर,
ज्ञान विश्व को देते हैं,
गीता तत्त्वों से जन-जन,
ज्ञान कर्म का लेते हैं।
उत्तर प्रहरी स्वयं हिमालय,
दक्षिण से सागर जिसके,
पश्चित में तो सोमनाथ है,
ब्रह्मपुत्र पूरब इसके।
प्रिय गढ़वाल
सुंदर अद्भुत अवनि अलंकृत
जिसको श्वेत छटा भी अर्पित,
यह चाँद-सितारों जैसा स्थल
भारत वसुधा का अंतःस्थल।
सरिताओं का कल-कल छल-छल,
जन-जन को करता हर्षित प्रतिपल,
मूक नहीं तुम बनो मुखर
कहता निर्झर गाता मधुस्वर।
देखो कैसा मनभावन है,
उत्तराखंड यह पावन है,
हरा-भरा है प्रिय गढ़वाल,
आलोक रश्मियों का है जाल।
सीढ़ीनुमा खेत, झोंपड़ी
पर्वत श्रेणी की माला,
झूम-झूम उठता है मन
जब गाती पर्वत बाला!
ऐ वतन!
अभी भी है जंग जारी
वेदना सोई नहीं है,
मनुजता होगी धरा पर,
संवेदना खोई नहीं है।
किया है बलिदान जीवन,
निर्बलता ढोई नहीं है।
कह रहा हूँ ऐ वतन!
तुझसे बड़ा कोई नहीं है।
मातृभूमि के लिए
मातृभूमि के लिए जो
लड़ते रहे हैं,
नाम अपना अमर वे
करते हे हैं।
मृत्यु से भी वे कभी
भागे नहीं हैं,
कौन दुःख की घड़ी में
जागे नहीं हैं?
जो देश हित बलिदान देने
मस्त झूमें,
सफलता ने भी उन्हीं के
चरण चूमे।
संसार अब भी गीत इनके
गा रहा है,
हर कदम पर प्रेरणा ही
पा रहा है।
पत्थर बोलेंगे
उनकी बाँहों में
कहाँ दम है
कि वे आँधियों को
चट्टान बन रोक सकें?
साहस नहीं इतना उनमें
दूसरों को जलाती अग्नि में
वे अपना सर्वस्व झोंक सकें।
कहाँ दम है उनमें
कि
भूख और प्यास के
वेग को सह सकें,
और दिशाओं को रोकने
वे नभ को झुका सकें।
मात्र ये तो दंभ करते हैं
अच्छे काम करने से डरते हैं,
ये बन नहीं सकते बलवान,
नहीं बन सकती
इनकी पहचान।
अपने ही अहं के बीच
आत्मश्लाघा कर
दिन बिता देते हैं,
इतिहास पूछेगा जब प्रश्न,
तब ये नहीं,
हाथों में उठाए ये
मौन, स्तब्ध पत्थर बोलेंगे।
इन्हें निकल जाने दो
मेरी पलकों को मत देखो,
डबडबाते आँसुओं को भी
तुम मत छेड़ो।
मुक्त हो बह जाने दो,
दिल में घुट रहा जो दर्द पत्थर-सा
उसे पिघल-पिघलकर,
नयनों से जल-कण बन
बह जाने दो।
सारे दर्द जमाने का
मेरी पलकों में
समाने दो,
समरसता जग में
आए तो इन्हें
अश्रु बन वह जाने दो।
ऐसा हर दिन हो,
क्षण-क्षण जीवन जी लेने दो
मेरे आँसू जग के तम को भी सोखें
तो इन्हें उन्मादी झरने -सा,
बह जाने दो।
मानव
धरती का शृंगार,
संवेदना का आगार,
सृजन का आधार,
उदार, अपार।
दुर्लभ दृष्टि
प्रभु की सृष्टि,
यह मानव,
क्यों बन जाता है कभी-कभी क्रूर-विद्रूप?
कभी दीन-हीन,
कभी विकराल।
यह
सृजन का आधार
क्यों बनना चाहता है?
धरा का भूप,
जब बाँध आँखों पर यह पट्टी
गहन होते तम के
समुद्र में डूबता है,
परपीड़न का
लेकर हथौड़ा
उन्मत्त बवंडर बन,
दुनिया में घूमता है।
कभी दिखता है
शांति का दूत,
पर होता है
अशांति का पूत।
तथागत का अनाविल-अनाघात
कर जाता सब अत्याचारों को मात।
अद्वितीय कलाकृति के
अंग-भंग कर,
तांडव प्रचंड कर
बन जाता है क्रूर,
स्वयं को बताता है शूर।
तोड़ता बुद्ध प्रतिमा
जलाता चरार-ए-शरीफ,
नष्ट कर मंदिर
बुझाता संस्कृति के दीप।
कुचल जीवन के राग
मिटाता बंधुत्व के भाव।
सबकुछ क्षत-विक्षत कर
छोड़ता अमिट घाव-ही-घाव।
केवल इसलिए कि
वह जीना चाहता है
औरों को मारकर,
बढ़ना चाहता है
मानवता की हदें पार कर।
हे कालिदास!
हे कालिदास!
तब तुम्हें पता नहीं था,
कि जिस टहनी पर
तुम बैठे हो,
उसी को काटकर तो
धरती पर गिराना है,
तुम्हें यह भी पता नहीं था
कि बिना बात
दूसरों के उकसाने पर
विद्योत्तमा को हराना है।
तुम तो
अपने भोलेपन में
सबकुछ झेलते रहे,
और तुम्हारे नाम पर
कुछ तथाकथित बुद्धिजीवी
बड़ा खेल खेलते रहे।
जिन्होंने भारत की गौरव-गाथा नहीं जानी,
महान परंपरा नहीं पहचानी,
विद्योत्तमा को छलते रहे।
अकलुषित भावना को
ताक पर रख
अहं में पलते रहे।
तुम सरल थे,
तुम्हें तो सहज ही दिशा मिल गई,
तुम्हारे सीधेपन और सादगी से
अज्ञान की निशा मिट गई।
और तुम्हारे अंतर्मन में अकस्मात्
खिल गया काव्यपुष्प
हार गया तर्क शुष्क।
मिला जगत् को अनुभूति का प्रकाश।
पर आज हे कालिदास!
उन्हीं जैसे तथाकथित ज्ञानी-अभिमानी
विद्योत्तमा-सी भारत माँको
छल रहे हैं।
अपनी कुलेखनी से,
चाटुकारिता से, अनास्था से,
संस्कृति की देवी को
कुचल रहे हैं।
उस पर अपने शुष्क तर्कों से
तुच्छ स्वार्थों की मूँग दल रहे हैं।
यह जानकर भी
कि हरी डाल जीवन की पहचान है,
उस टहनी को छील रहे हैं,
हमारी जड़ों को
और तनों को, जिनका अंत नहीं है,
जो सनातन हैं,
चीर रहे हैं, काट रहे हैं,
बाँट रहे हैं।
कहें खुद को ये कालिदास,
कर रहे हैं जो विनाश,
कैसे हों वे कालिदास?
प्रतीक्षा
तुम्हारे जाने के बाद
एक तूफान उमड़ आया था,
जिसमें धूल उड़ी,
पत्थर हिले,
टहनियाँ झोंके खाती रहीं
और परस्पर टकराती रहीं,
पत्तियाँ तक
किलकारियाँ मारती रहीं,
संवेदनशील वृक्ष
न जाने क्यों चरमराते रहे,
नरमराते रहे।
टप-टप गिरते आँसू
साथ में पत्ते भी
अजीब-सी सिहरन,
अजीब-सी उदासी लिए
कुछ मूक निहारते रहे,
उदासी का गीत गातेरहे।
भावनाओं का वन गया था,
और संवेदनाओं का
हो गया उपहास।
ऐसा लगा
सबकुछ उजड़ गया।
लेकिन अंतर्मन से
कोई आवाज देता है,
नहीं!
डरो मत, तूफान गुजरने के बाद
पुनः नया युग फिर आएगा,
इसलिए मैंने न छोड़ी आस
मैं प्रतीक्षा में रहा
तूफान खत्म होने की,
मन करता है
तूफान गुजरने केबाद
जो बचेगा
उसकी अपनी धरती होगी,
उस पर अपने हाथों से
रखी बुनियाद होगी,
इतनी स्थिर और दृढ़
कि दूसरा तूफान
उसे हिला न सकेगा।
मुझे प्रतीक्षा है
उस तूफान की, जो
देखते ही मुझे दिलाएगा याद
मेरी मजबूत बुनियाद की।
मित्र ग्रंथ
हे मित्र ग्रंथ! मेरे प्रियवर!
दुनिया के अवसादों को हर।
सीने में लिपट,
बाँहों में सिमट,
अपने में रंग कण-कण को।
रोने और हँसने के,
चीखने और बिलखने के,
वाक्य टपकते झरने के,
पार तुम्हें ही करने हैं,
मैं आत्मसात् करूँ
किस-किस क्षण को,
हे मित्र ग्रंथ! मेरे प्रियवर!
अब कितने मैं पंथ चलूँ,
इस-उस, किस गोद पलूँ,
तुम तो मेरे मीत हो,
जीवन की भी प्रीत हो,
अवसाद करूँ
किस-किस क्षण को,
हे मित्र ग्रंथ! मेरे प्रियवर!
अविरल नित थक जाता हूँ,
भूल नहीं कुछ पाता हूँ,
नीरवता में मधुर मिलन के
गीत सुरीले गाता हूँ,
सौगात कहूँ किस-किस कण को,
हे मित्र ग्रंथ! मेरे प्रियवर!
मैंने देखा है उसको
मैंने देखा है उसको,
उसके अंदर के
ऊबड़-खाबड़ मन को,
उत्सुकता थी
उसके अंतःस्थल को छूने की।
मैंने उसके नेत्रद्वार से प्रवेश किया
उसके अनकहे गीत को भी पिया।
करता रहा प्रतीक्षा उस घड़ी की,
भावनाओं के अंतस् में बसी
उस लड़ी की,
जो जोड़ती है बिखरे दिलों को
जो तोड़ती है कारा के किलों को।
छोर ढूँढ़ा उस कड़ी का,
जो अंतहीन जिज्ञासा बन
कई अज्ञात उड़ानें भरती है,
पहाड़, नदियाँ, झरने, सागर
सभी को लाँघकर
नील नभ-सर में डुबकी लगाती है।
मैंने देखी उसमें
वह अंतहीन पिपासा,
निराशा के मरुस्थल में
लहलहाती आशा,
मैंने देखी उसकी आँखों में
वह जिज्ञासा,
जो किसी भी यौवन का
होती है प्राण,
जिसमें होता है मान-सम्मान
जीवन का मधुर गान।
ओह! वे छलते रहे
आख्याएँ और टिप्पणियाँ चलती रहीं
उनमें आस्थाएँ और सच्चाइयाँ जलती रहीं,
इन व्यर्थ की गवेषणाओं
पर वे लोग बोलते रहे,
जो जनहित न्याय बेचकर
पवित्रता छलते रहे।
इन स्वयंभू सम्राटों को
धनलोलुपों का भी संरक्षण मिला,
तभी तो इन्होंने निरंकुश
जो चाहा वही किया,
जन-गण की सेवा का व्रत लिए
भ्रष्टाचार और आतंकवाद मिटाने का प्रण किए,
किंतु हा! स्वयं ही
स्वेच्छाचार! अनाचार!
और नरसंहार!
अत्याचारों पर अत्याचार!
और सहानुभूति का अभिनय कर,
अहिंसा और परोपकार का नाटक कर,
ओह ! शुभचिंतक बन, चूसते हमारा खून,
हमको कुचलने
उलटा समझाते हैं कानून?
गौर से देखो
मुखौटा आदमी का लगाए
ये नरभक्षी सदृश छाए हैं।
मुँह पर इनके
गरीबों का खून लगा है,
हाँफता, लुटा-पिटा आदमी
चौराहे पर ठगा-सा खड़ा है।
न्याय को दासी बना
ये सदैव छूटते रहे।
आज इनकी मिली-भगत से
पवित्र भावनाएँ जल रही हैं,
और लाचार हैं जन,
लुट रहे हैं तन,
घुटन में है मन,
हर कदम पर आक्रोशित लोग,
खून का चूंट पी रहे हैं,
सुबह की प्रतीक्षा में
अपने ही हाथों से
अपने घावों को सी रहे हैं।
दिल पर पत्थर रख
प्राणों को हथेली पर ले
विधाता से न्याय मिलेगा,
इस विश्वास में जी रहे हैं।
हतभाग्य! देवता भी छलते रहे हैं।
प्रेम की शक्ति
शक्ति है प्रेम में,
उसके संबंधों में,
जिसके रहते अनिच्छा में भी
इच्छा होती है,
असुविधा होते हुए भी
दिशाएँ पथ देती हैं।
पहले विरोध फिर शांति
दूर हो जाती है भ्रांति,
अकलुषित अभीष्ट पाने पर
हो जाता है तृप्त मन,
क्लिष्ट वृत्तियाँ अपना
जाल समेट लेती हैं।
आक्रोश हो जाता है मधुमय,
दोनों के कदम,
करते हैं नवयुग का सूत्रपात।
साहस, विश्वास, आस्था
और श्रद्धा के चढ़कर सोपान,
मानव समरसता व सद्भाव
के पढ़ता है आख्यान।
प्रेम
साधना की परिणति है
सबकुछ उँडेलने पर आ जाती है
पावन योग्यता,
'स्व' को नकारकर
या सँवारकर
कर देता है विश्वभर।
यही है धरा का अमृत
हो जाता है जीवन जगमग,
अनुरक्ति से भक्ति
यही है प्रेम की शक्ति।
चरैवेति-चरैवेति
यहाँ तो बाहर
बहुत भीड़ है,
दूर-दूर तक फैली
बाँहें पसारे पीर है।
समस्याओं का
लगा हुआ अंबार है,
लगता है जैसे
यही तो संसार है।
पानी, बिजली, सड़क,
अध्यापक, स्कूल नहीं हैं,
बीमारियाँ भी बहुत,
न दिखता अस्पताल कहीं है।
दिखते हैं तो
कहीं समारोह, कहीं फसाद
कहीं भोग, कहीं कोप
कहीं चाहें, फैली आहे,
यहाँ तो आज
सबकुछ सिमट गया है,
मान-मर्यादाएँ, भाव-भावनाएँ
यहाँ सबकुछ ही नया है।
दुनिया सिमटकर एक तालाब हो गई है,
जिसमें वेदना-संवेदना
गहरे गर्त में खो गई हैं।
फैले तो हैं अनेक प्रश्न
भूख के, बेरोजगारी के,
जिनमें सिमटा सारा जहान।
ऐसा नहीं कि मुझे
इसकी अनुभूति नहीं होती,
इस सबको देखकर
मेरी आँखें नहीं रोतीं।
मैं लिखना चाहता हूँ,
लिख नहीं पाता,
व्याकुल भाव सह नहीं पाता।
समय की दौड़, रोकूँ तो कैसे?
आँधियों को पहाड़ रोके जैसे?
रुकूँ तो कहाँ, किधर?
रुकूँ तो, गिराने को
लोग खड़े हैं,
इन्होंने ही मेरी राहों में
काँटे गढ़े हैं,
मरुस्थल में मेरे पैर पड़े हैं।
अपंग भी तो पहाड़ चढ़े हैं,
पर मैं नहीं गिरूँगा
सामने हिमालय ललकार रहा है,
आसेतु भारत पुकार रहा है,
मेरी माँ राह निहारेगी
भावी पीढ़ी मुझे पुकारेगी
दौडूँगा मैं फिर से
न घिरेंगी हिमालय की बाँहें,
बुझेगी शत्रु की नृशंस निगाहें।
कानों में समय कह रहा है
विश्व में आतंक पल रहा है,
मैं सहूँगा और मैं चाहूँगा
मैं बढूँगा और मैं जीतूँगा
मेरा 'निशंक' मन कह रहा है
चरैवेति ! चरैवेति!
संघर्ष जारी है
दृढ़ संकल्प के आगे तो
दुनिया भी हारी है,
निज लक्ष्य पाने हेतु
मेरा संघर्ष जारी है।
जहाँ भी देखो
वहीं आपाधापी है,
स्वार्थ और अन्याय में
पनप रहे पापी हैं,
आज इन्हें मिटाने हेतु
मेरा संघर्ष जारी है।
यही मेरा संगी-साथी
यही रहा मान-सम्मान,
यही रहा वैभव मेरा
यही जीवन का उत्थान,
इसी को पतवार बना
नैया पार उतारी है।
रत इसी में रहा हर दम
डिगने दिए न इसने पग,
एक ओर संघर्ष मेरा
दूजी ओर सारा जग
इसने ही तो आकर मेरी
जीवन की राह संवारी है।
बाधाएँ कम कभी रहीं नहीं
अभावों का फैला रहा जाल,
इसमें ही ढूँढ़ा निज लक्ष्य
इसमें ही प्रसन्न रहा हर हाल,
इसने ही धैर्य दिया मुझको
हिम्मत कभी न हारी है।
निज लक्ष्य पाने हेतु
मेरा संघर्ष जारी है।
एक रेखा
उदासीनता और धैर्य के बीच
बहुत महीन सी रेखा है,
जीवन का सार है इसमें मैं
ने इसके महत्त्व को देखा है,
सोच-समझकर पार करे जो
उससे अंतः शक्ति मिलती है,
घोर निराशा में जीने की
किरण आस की जगती है।
इसकी चमक पूरे जहाँ में
अपनी छटा बिखेरती है,
उदासीनता को दूर कर
एक नया जीवन देती है।
मन और वक्त मेरी पूँजी है
मैंने मन और वक्त
दोनों को ही सँभाला है,
इसी ने अपने
जीवन का हल निकाला है।
मन और वक्त ही
तो मेरी अमूल्य धरोहर हैं,
जिन्हें मैंने विपरीत परिस्थितियों में
जिंदा रखा है,
कठिन से कठिन समय ने भी
ये नहीं थका है।
मन और वक्त
मेरी पूँजी है,
जिसे मुझसे कभी कोई
छीन नहीं सकता है।
मन! ओह मेरे मन!
यह पूरी दुनिया को
अपने अंदर रखता है।
वे बेरोजगार
लिखे-पढ़े थे
वे बेरोजगार,
किंतु
इस व्यवस्था ने
उनसे
उनका सबकुछ छीना है।
तभी तो
पथविहीन,
लक्ष्यहीन
उनको सड़कों पर जीना है।
नया इतिहास
पसीनों की बूँदों से जो
इरादों को अपने लिखते हैं,
वही निज हाथों में उकेरी गई
लकीरों को बदल सकते हैं।
ईर्ष्या और स्वार्थ के व्यूह को
विवेक से जो अपने भेदते हैं,
ध्वस्त कर हर विघ्न को
सफलता के शिखर चढ़ते हैं।
निज मन में जो संकल्प कर
चुनौतियों की राह बढ़ते हैं,
वो ही किस्मत के पन्नों में
नया इतिहास रचते हैं।
महाप्रलय
जग में, विष का प्याला भर,
मैंने खूब पिया है।
दर्शन करते साँपों को भी,
मैंने प्यार किया है।
हृदय क्या पाषाणों को,
स्वयं पिघलते देखा है।
सघन वनों की भीषणता को,
सहज बदलते देखा है।
घोर अँधेरी रातों में,
चाँद चमकते देखा है।
कागज के फूलों को मैंने,
खूब महकते देखा है।
सुख के, दु:ख के आँसू देखे,
जन-जन निर्भय देखा है।
क्षण में बनते और बिगड़ते,
महाप्रलय भी देखा है।
वेदना
नहीं कोई बाधा तुम्हें रोक सकती,
है कौन शक्ति जो तुमको पकड़ती।
क्षमता थी जो सोई जगाया उसे है,
जनहित गुणों में समाया इसे है।
व्यवहार में सब गुणों को दिया है,
झंकृत सबके हृदय को किया है।
लगता है तुमने मधुर रस पिया है,
हर कार्य तुमने मधुर ही किया है।
कहाँ कष्ट तुमको कभी गम हुआ है,
संघर्ष हर पग नहीं कभी कम हुआ है।
उभरती चेतना
शक्ति हो जब सुप्त सारी,
स्वजन का दल-बल बढ़ा हो।
रक्त से लथपथ बना जो,
पीत तन पर ही चढ़ा हो।
वीरता कायर बनी हो,
श्रेष्ठता भी लुप्त सारी।
निज पराए बन गए हों,
दुश्मनी या भाईचारी।
न्याय हो यदि आँख मूंदे
और गूंगा सत्यवादी।
राष्ट्र बन हो आत्मविस्मृत,
चलता रहा नित-नृत्यवादी।
तब उभरती चेतना,
जो विकट संघर्ष करती।
तोड़ती अन्याय को ही,
उत्कर्ष में है हर्ष भरती।
भोला पहाड़
यह सच है कि
मेरा पहाड़ बहुत भोला है,
निडर, अडिग अपने में
ये तो मस्त मौला है।
कठोर जितना है दिखता
सहज-सरल है उतना,
जन्मी अविरल जल धाराएँ
खेलता धवल नीर झरना।
गोदी में अपने इसने
असंख्य वृक्षों को है पाला,
सींचा अपने दूध से इनको
हरी-भरी की वनमाला।
घात-प्रघात सहे इसने
बहुत है जख्मों को पाया,
किंतु अपनी संतति की खातिर
तनिक नहीं है घबराया।
छेड़ो न इसके मन को
हर पीड़ा को इसे सहने दो,
परहित जन्म लिया इसने
इसको ऐसे ही रहने दो।
आशा
तुम ही तो मेरे जीवन के
घोर तिमिर को हरती हो,
श्वास-श्वास में दिखती हो
तुम मूक प्रेरणा भरती हो।
घोर निराशा के मेघों में
इंद्रधनुष सी खिलती हो,
कंकड़-पत्थर-काँटों में क्या
निपट निशा में मिलती हो।
जब-जब भी निष्प्राण हुआ तन,
तभी समाई तन-मन में,
नभ गंगा सी दिखती हो तुम
अंतहीन जग पथ में।
सिहरन पैदा होती पल-पल
सागर हिचकोले भरता,
झूम-झूम सी जाती धरती
अंबर मधु वर्षा करता।
षट्ऋतु हो वर्षा क्या गरमी
मन में हिम सी गलती हो,
छंद बहें, अंबर गूँजे तुम,
संग-संग जब चलती हो।
आओ मंथन करें
मंथन करें हम कौन हैं
क्या जिंदगी के राज हैं,
क्या किया हमने अभी तक
हम कर रहे क्या आज हैं।
मत भरो दिल में जहर को
वाणी की कटुता छोड़ दो,
स्वार्थ की जंजीरों को
तुम एक क्षण में तोड़ दो।
सोच लो ये समझ लो
एक पल भी न अब व्यर्थ हो,
कुछ काम ऐसा कर सको
जीवन में जिसका अर्थ हो।
कुछ रिश्ते
कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं,
जो जिंदगी में जीने की
वजह बन जाते हैं।
यही रिश्ते जाने-अनजाने
भावनाओं को सहेजने की
वजह बन आते हैं।
कुछ चेहरे जो अंतस्थल में
उतरते चले जाते हैं,
यादों के समंदर में
गोते नित लगाते हैं।
चली जाती है जिंदगी
उम्र लेती है विदा,
पर रिश्तों की यादें
तो अमर रहती है सदा।
जिंदगी भी तो
लक्ष्य हित जीवन सुपथ पर
मोड़ पग-पग ही मिले,
कंटकों में बढ़े आगे
पुष्प काँटों में खिले।
हलचलों का शहर जीवन
विवशता सबकी मिली,
ठोकरें काँटों ने मिलकर
देह कोमल ही छली।
किंतु जो बेहोश गिरते
लक्ष्य उनको कब मिला,
कब भटकते कोटिजन के
पुष्प जीवन में खिला।
जहर भी यदि जिंदगी तो
ले गटकते जा उसे,
कंठ ही तो नील होगा
परवाह उसकी है किसे?
कसौटी
जो चट्टानों से न टकराए
वो कब झरना बनता है,
उलझते-टकराते इन राहों में
ये झरना हरपल छनता है।
दुस्सह थपेड़ों को सहकर
बाधाएँ पार जो करता है,
वही जीवन के अभिनव पथ पर
लक्ष्य-शिखर को पाता है।
कठिन डगर की आग में तपकर
कर्म हथौड़ों से सधता है,
दिन-रात कसौटी पर हो खरा
वो स्वर्ण समान ही बनता है।
अनुभव
मुसीबतों में ही हमेशा
नए रास्ते बनते हैं,
इस दौर में हमारे अपनों में
अच्छे-बुरे छनते हैं।
मुसीबतों की ये राहें भी
नई पहचान देती हैं,
हर श्वास-प्रश्वास लिए
अनुभवों की खान होती हैं।
मोल से अनमोल इन मोतियों को
जीवन-माला में पिरोते हैं,
पिरोकर इनको जीवन में
फिर नए अनुभव लेते हैं।
इन्हीं अनुभवों से हम कल की
नई इबारत लिखते हैं,
संचित कर सारी जिंदगी
बदलकर रख लेते हैं।
प्रगति गीत बन
कामना है
आज इतनी
निराशा मिटाकर सफलता पाओ।
समय की चुनौती
स्वीकार कर
संकल्प ले दिशा-दिशाओं में छाओ।
निश्चित ही समझो
प्रभा देहरी पर
आकर तुम्हारा स्वागत करेगी,
अभिनंदन तुम्हारा
कदम-दर-कदम पर
खुशियों से झोली तुम्हारी भरेगी।
काँटों में चलते हुए मुस्कराओ।
संकल्प ले दिशा-दिशाओं में छाओ।
निराशा का सारा
अँधेरा मिटाकर
सुहाना सवेरा बनकर दिखाओ,
भटकते हुए जन को मुस्कान देकर
प्रगति गीत बन तुम्हीं गुनगुनाओ।
पुरुषार्थ से तुम धरा को सजाओ।
संकल्प ले दिशा-दिशाओं में छाओ।
नया संसार बना
देख ले मानव फैला तेरे, अंधकार हर ओर घना,
स्वयं तोड़ खोखले अहं को, एक नया संसार बना।
तेरे इस तन-मन में जाने, कैसा भूत सवार हुआ,
सबकुछ भूल गया अपना, यों भौतिकता से प्यार हुआ।
आज बचा हे मानव निज को, धरती का श्रृंगार बना,
स्वयं तोड़ खोखले अहं को, एक नया संसार बना।
सोच स्वयं तूने इस जग में, परहित में क्या काम किया,
तू ही बता इस पावन धरती, को किसने आज बदनाम किया।
लपटें फैली दुनिया भर में, मुरझाया हर एक जना,
स्वयं तोड़ खोखले अहं को, एक नया संसार बना।
यह निश्चित है जब मानव पर, दानव शासन करता है,
घुटती है पल-पल मानवता, जन-जन का मन रोता है।
छिन्न-छिन्न होते मानस का, एक नया परिवार बना,
स्वयं तोड़ खोखले अहं को, एक नया संसार बना।
जीवन क्या पहचाने
स्वार्थों को जो जीवन माने,
वह जीवन को क्या पहचाने।
जिसने सुमनों के सुंदर
उपवन को झुलसा डाला,
कोमल किसलय कुचल स्वयं
पहनी काँटों की माला।
जो वैभव को सबकुछ माने
वह जीवन को क्या पहचाने।
कुछ बाहर से दिखते मीठे
अंदर से उतने ही रीते,
मानव ही मानव पर झपटे
बने हैं! ये नरभक्षी चीते।
जो भले-बुरे का भेद न जाने
वह जीवन को क्या पहचाने।
निज हित उलट-पुलट को आतुर
वैभव बस जिसको प्यारा,
देश समर्पण प्रेम कुचलकर
उसने संवेदन मन मारा।
कृत्य किए जिसने मनमाने
वह जीवन को क्या पहचाने।
जागते रहते
जग में निरंतर जो जगते रहते
वे लक्ष्य शिखर पर हैं चढ़ते,
घोर साधना की वेदी पर
इतिहास नया वे ही रचते।
और जिन्हें आलस्य है घेरता
वे चोट विफलता की पाते,
मुरझाया चेहरा मन धुंधला
पग-पग ठोकर भी खाते।
उचट साधना से हैं जो
जीवन में ज्योति नहीं भरते,
इस धरती पर ऐसे मानव
ज्योतित नाम नहीं करते।
यदि रोते रहे
यदि तुम जिंदगी भर,
यों ही रोते रहोगे,
तो पास है जो भी तुम्हारे
उसको भी खोते रहोगे।
इस जहाँ में रोते हुए को
लोग सब दुत्कारते हैं,
हर कदम पर वे उपेक्षा,
तिरस्कार ही पाते हैं।
कुछ अलग करना है गर तो
उठ खड़ा हो बढ़ अकेला,
कर इरादों को फौलादी
सफलताओं का देख मेला।
और अब तो जीत निश्चित
कदम तेरे, चूम लेगी,
और तेरे साथ दुनिया
नित नए उपहार देगी।
मरे हुए लोग
पीड़ा को देखकर
जो लोग
डरे हुए हैं,
बिना मरे ही,
वे लोग
मरे हुए हैं।
पीड़ाएँ तो
इंसान को
जीना सिखाती हैं,
संयम और धैर्य के
सारे मार्ग
स्वयं ही दिखाती हैं।
विभ्रम
तुम्हारा यह मानना
कि मेरे सिवा
यहाँ कोई नहीं है,
मेरा जो निर्णय है
बस वही सही है,
बिल्कुल गलत है।
क्योंकि मैं
हर जगह व्याप्त हूँ,
तुम जहाँ हो
मैं भी वहीं हूँ।
पीड़ा का मरहम
मुझे दुःख और पीड़ा की
चीत्कार सुनाई देती है,
अधीर करती है यह मुझे
मेरा चैन छीन लेती है।
बेचैनी में भी मैं
चुपचाप खड़ा नहीं हूँ,
किसी अँधेरे कोने में
आँसू लिए पड़ा नहीं हूँ।
इस पीड़ा के मरहम के लिए
मैं जीवन में निकल पड़ा हूँ,
दुःखों से लड़ने के लिए मैं
चट्टान की तरह अड़ा हूँ।
मदद कोई नहीं करेगा
तुम्हारी मदद
कोई नहीं कर सकेगा
और कभी नहीं,
क्योंकि तुम
स्वयं की मदद
नहीं कर सकते हो।
तुम रो तो सकते हो
चिल्ला-चिल्लाकर,
किंतु अपने त्रास
नहीं हर सकते हो।
स्वयं ही लड़ना पड़ता है
जो स्वयं खड़ा नहीं हो सकता,
उसे कौन खड़ा करेगा,
जो स्वयं पुरुषार्थी नहीं,
उसमें पौरुष कौन भरेगा।
रोकर-चिल्लाकर तो तुम
कोहराम मचा सकते हो,
किंतु अपने दु:खों से
स्वयं को नहीं बचा सकते हो।
खुश रहने के लिए
खुश होना ही पड़ता है,
बरबस आती मुसीबतों से
स्वयं ही लड़ना पड़ता है।
तुम्हारा पुरुषार्थ ही
तुममें शक्ति-पुंज भरेगा,
और जीवन का आनंद
तुम्हें आनंदित भी करेगा।
मर्म न जाना है
जिसको दर्द सुनाया मैंने
उसका मर्म न जाना है।
देता रहा मात मृत्यु को
कण-कण को भी छाना है।
हर पल शोर मचाया मैंने
नूतन गीत रचाया है।
धरती के चप्पे-चप्पे को
अपना गीत सुनाया है।
लेकिन फुरसत किसे कहाँ है
इन गीतों को सुनने की।
होड़ लगी प्राणी में अपने
ताने-बाने बुनने की।
परिवर्तन
जो कभी नव-पल्लव थे,
अब क्यों बने दिल पत्थर हैं।
कहाँ लुप्त हुआ मधु कोष्ठों का,
जो उड़ते थे, वे बिन पर हैं।
जो तब प्यार के सागर थे,
सूख चुके ! आज दिल पत्थर हैं।
जो कभी चहकते थे,
वे सब सूने-सूने बेघर हैं।
क्यों बदलाव हुआ ऐसा,
नियति क्रूर हो, ठीक नहीं।
इतिहास रहा इस धरती का,
यहाँ मधुगान रहा, चीख नहीं।
क्षणभंगुरता
उसने जीने के लिए
दुनिया की ढेर सारी
वस्तुओं को जोड़ा,
कुछ को कहीं से तोड़ा
कुछ को कहीं से मोड़ा।
वह रात-दिन
जोड़-तोड़ करता रहा,
अपने पास
बहुत-कुछ होने का दंभ
मन ही मन भरता रहा।
वह जिंदगी भर
इस खेल को
खेलता रहा।
इस खेल को
खेलने के लिए
वह बहुत-
कुछ झेलता रहा।
किंतु
वह झूठ का महल
जो उसने खूब सँजोया था,
जिस स्वार्थ के कारण उसने
अपने तक को खोया था।
आज
एक क्षण में वह ढह गया।
देखो, मरते वक्त वह
हाथ खाली रह गया!
परीक्षा लेती जिंदगी
उफ!
कभी-कभी
बड़ी बोझ-सी लगती है यह जिंदगी
और मन
इस जिंदगी को छोड़,
सीमाओं को तोड़,
कहीं भाग जाने को कहता है।
जाता भी हूँ कहीं
ढूँढ़ता भी हूँ कोई और ठौर,
पर ये जिंदगी का बोझ
है कि छोड़ता ही नहीं।
यह अपना घेरा डाल
चलते हुए हर एक चाल
मेरी उन्मुक्तता में,
जहर घोल देता है।
एक पल भी
स्वच्छंद जीने के लिए,
इस बोझिल जिंदगी से भी
जीने का मोल लेता है।
ये दिल
दिल से याद करते हैं जिन्हें
दिल ही पुकारता है उन्हें,
दिल में सवाल उठते हैं कई
दिल ही जवाब देता है उन्हें।
दिल से ही होता हर काम
सुबह हो या चाहे शाम,
रात का तो हर पहर भी
लिखा है दिल के ही नाम।
बहुत भोलाभाला है ये,
पहचान सको पहचान लेना,
यही 'दिल' धरोहर है
यह जान सको तो जान लेना।
हे आलोक तुम आओ!
विस्मृत अतीत की ज्योति अमर
शत आलोकित इतिहासों पर
कुछ किरण नई बरसाओ
ऋषि! वेदगान तुम गाओ।
हे आलोक तुम आओ!
हे राष्ट्र के मेरुदंड!
हे वेदालोक ज्ञान प्रचंड!
नवल ज्योत्स्ना दिशा-दिशा में
शांति-समन्वय लाओ।
हे आलोक तुम आओ!
हे मृत्युलोक के अमर गान!
अनंत शक्ति हे चिर निधान!
भटकते इस मानव-मन को
तुम नई दिशा दिखलाओ।
हे आलोक तुम आओ!
हे संस्कृति के अमर स्रोत!
हे ज्ञानदीप भास्वर प्रद्योत!
निर्जीव पड़ी इस संस्कृति के
तुम कण-कण बीच समाओ।
हे आलोक तुम आओ!
मानवता की बात
आज मानवता रह-रह के रोती है
क्यों न मानवता की बात होती है।
बात आदर्श की कोई सुनता नहीं,
मार्ग परहित का कोई क्यों चुनता नहीं।
अब तो हर बात जैसी ये थोथी है,
क्यों न मानवता की बात होती है।
क्यों न मर्यादा को हमने जाना यहाँ,
क्यों न धरती को माँ सबने माना यहाँ।
आज संस्कृति घुट-घुटके रोती है,
क्यों न मानवता की बात होती है।
भाई-भाई को कोई न सहता जहाँ,
बेगुनाह खून धरती पे बहता वहाँ।
ये धरा तो सभी को ढोती है,
क्यों न मानवता की बात होती है।
देख निर्धन को सबने है कुचला जहाँ,
ढोंग का बन गया व्यक्ति पुतला वहाँ।
आज मानवता पहचान खोती है,
क्यों न मानवता की बात होती है
त्रिपदी
मिलकर धरा से मिटाएँगे तम।
अणुबम के ऊपर टिका विश्व सारा,
घिरा देश अपना ये प्राणों से प्यारा।
अगर देश टूटा, वतन अपना छूटा,
तो जीवित धरा पर रहेंगे न हम,
मिलकर धरा से मिटाएँगे तम।
कब तलक अंग भू के यूँ ही कटेंगे?
औ' कब तक धरा पर ये अणुबम फटेंगे?
अगर अंग फिर से कटा मातृ-भू का,
संसार को क्या मुँह दिखाएँगे हम,
मिलकर धरा से मिटाएँगे तम।
मनुजता ये कब तक सिसकती रहेगी?
अपमान कब तक ये माता सहेगी?
यदि तुम न जागे, ये दुश्मन न भागे,
तो जीवन की खुशियों पे छाएँगे गम,
मिलकर धरा से मिटाएँगे तम।
प्यार की ज्योति जलाएँ
सोच लो अनमोल जीवन, व्यर्थ ही हम क्यों गँवाएँ?
आज रोकें इन विषैली हवाओं को,
उन्मुक्त हो मुक्ति सभी को हम दिला दें।
इन रगों में खून जो बहता है, उसमें
देश की संवेदना को हम मिला लें।
शाप जैसे दुर्दिनों को देख लो, फिर से न पाएँ,
सोच लो अनमोल जीवन, व्यर्थ ही हम क्यों गँवाएँ?
आज फिर से ढूँढ़ना उसको हमें
जो प्रेम की भाषा कहीं पर खो गई है,
उस हवा को आज फिर से है मिटाना
जो मधुरता की जगह विष बो गई है।
नव दीप आशा का सभी फिर मिलकर जलाएँ,
सोच लो अनमोल जीवन, व्यर्थ ही हम क्यों गँवाएँ?
देश की संस्कृति को है अब बचाना
जातिगत संघर्ष को है अब मिटाना,
एकता का भाव लेकर बढ़ चलें हम
देश का एकत्व है मन में बिठाना।
छोड़ नफरत, प्रेम का दीपक जलाएँ,
सोच लो अनमोल जीवन, व्यर्थ ही हम क्यों गँवाएँ?
राह उन्हें दिखलाएगा
जीभर कोशिश की तुमने
हीरे को लाख छिपाने की।
निर्भय-उद्वेलित जलधारा में
सिकता-सेतु बनाने की।
तुम्हीं बताओ किसने देखा
लोहे से हीरा छिपता है।
क्या सरिता का बहता जल
पाषाण-खंड से रुकता है?
देखो हीरा स्वयं चमककर
जग को भी चमकाएगा।
अंधकार में भटके हैं जो
राह उन्हें दिखलाएगा।
तरुणों से
तरुणो उठो, सुनो अरे!
शंख गूँजता आ रहा है,
देश के दुःख दूर करने
यह जगाता आ रहा है।
रक्त में नव चेतना भर
यह चुनौती दे रहा है,
नव प्रेरणा संचार कर
यह नियम सुध ले रहा है।
दु:ख-निराशा को हटाकर
शांति-सुख भी ला रहा है,
वैभव चिरंतन शांति बन
लो देख लो, वह आ रहा है।
तरुणो उठो, आगे बढ़ो,
रक्त ऊर्जस्वित करो,
प्रेरणा के इन क्षणों में
गुंजार मन में तुम भरो।
काँटों की गोदी में
काँटों की शय्या में जिसने
कोमलता को छोड़ा ना,
चुभन पल-पल होने पर भी
साहस जिसने तोड़ा ना।
जो विकसित संघर्ष में होता
काँटों से लोरी सुनता,
धैर्य सदा ही मन में रखता
नहीं विपदा से वह डरता।
पास आ मुझे कहता वो
जीवन में हर कष्ट सहो,
संकट की इन घड़ियों में
आगे बढ़ते सदा रहो।
दीपक जलने दो
इस मंदिर के दीपक को
विनती है तुमसे जलने दो।
इस मंदिर को खँडहर करने
डाला क्यों तुमने घेरा?
ज्ञान न था इतना भी तुमको
यही तो सबकुछ था मेरा।
इस मंदिर में तूफान चलें तो
सहज उन्हें भी चलने दो,
इस मंदिर के दीपक को
विनती है तुमसे जलने दो।
इस मंदिर की उस ड्योढ़ी में
निज गीतों को सुनता हूँ,
इसकी छाया में बैठे ही
निज जीव-पथ चुनता हूँ।
गीत सुहाने सारे, इनको
अरुणोदय तक चलने दो,
इस मंदिर के दीपक को
विनती है तुमसे जलने दो।
यह मंदिर इसके आँगन में
नित पूजन मैं करता हूँ,
इस मंदिर में निज श्वासों को
पावनता से भरता हूँ।
कुछ दिन तो प्रभु इन श्वासों को
मन मंदिर में भरने दो,
इस मंदिर के दीपक को
विनती है तुमसे जलने दो।
अंधड़ भारी, रात अँधेरी
मुझ दीपक को जलना है,
मंदिर की छाया में बैठे
नया गीत ही रचना है।
ढलते हैं यदि आज प्राण तो
इन प्राणों को ढलने दो,
इस मंदिर के दीपक को
विनती है तुमसे जलने दो।
जीवन-वीणा
ये वीणा है एक जीवन, हैं अनेकों तार जिसमें,
सब गुणों से पूर्ण है यह, निहित अमृत-धार इसमें।
है पड़ी यह सुप्त वीणा, तार नव झंकार छू लो,
नाद अमृत से सना है, क्षण नहीं तुम एक भूलो।
हाथ पड़ता तार पर जब, वह मधुर झंकार देता,
तीव्र गति जाते पथिक को, शीघ्र ही यह रोक लेता।
चाहता है जो अमरता, पान इस रस का ही करता,
पी सभी विष-घूँट लेता, मृत्यु से किंचित् न डरता।
खोजते क्यों बिंदुरस को, है स्वयं में ढेर सारा,
थाम लो वीणा मनोहर, तार ने तुमको पुकारा।
हाथ से छूकर सजाओ, यह मधुर झंकार प्यारी,
मुग्ध कर लो जीव, जन को और धरती को ही सारी।
तुम्हीं वीणा, तुम्हीं वादक, बद्ध लय के साथ गाओ,
गूँजता मधु गीत अपना, शीघ्र तुम जग को सुनाओ।
विजय के गीत गाऊँ
मुक्त हो मैं गीत गाऊँ,
पास मैं गम के न आऊँ।
आत्मगौरव से लबालब,
मैं विजय के गीत गाऊँ।
लक्ष्य हित तोड़े हैं बंधन, दूर कर दूँ आज भय को,
आत्मा अक्षय सदा से, मैं चला अब मृत्यु जय को।
आपदा की ये घटाएँ,
क्षितिज पर मँडरा रही हैं,
प्रलय की पागल बलाएँ,
भू-जगत् थर्रा रही हैं।
रोककर ये सब घटाएँ, मोड़ दूँगा मैं प्रलय को,
बढ़ चलूँगा हर दिशा में, छोड़ दूँगा मृत्यु-भय को।
घोर तम आगे खड़ा जो,
मार्ग रोके व्यर्थ ही है,
कर्म में आलस्य आना,
आपदा का अर्थ ही है।
सूर्य जैसी ज्योति बन मैं, चीर दूँगा घोर तम को,
मुक्त हो मैं गीत गाऊँ, मेट दूँगा आज गम को।
आज मेरा मन
आज मेरा मन
असीम विस्तार लिए,
महासागर की लहरों-सा
लहराने लगा है।
सुप्त पड़ा तन
नई आशाओं के साथ
आह्लादित होने लगा है।
आज हिमालय के
आँचल से,
सुगंधित वायु
जीवनदायिनी बन आई है।
आज थके, हारे और
मुरझाए हुए चेहरों में
नया जोश, नई उमंग छाई है।
तभी तो आज
मेरे आकाश में
दैदीप्यमान सूर्य छाने लगा है।
तारकवृंदों सहित चंद्रमा
सौंदर्य और शांति
बरसाने लगा है।
संकल्प लिया है हमने
संकल्प लिया है हमने
हम मायूसी तोड़ेंगे,
और निराशा की धारा
आशा से जोड़ेंगे।
त्याग दासता के मानस को
हम सबको स्वाधीन करेंगे,
स्वाभिमान की रक्षा हित
हम जिएँगे और मरेंगे।
हमने तो संकल्प लिया है
दिन पर रात न चढ़ने देंगे,
और कलुष की काली छाया
अब न स्वयं पर पड़ने देंगे।
हम तो अब अभिमान लिए
दिशा-दिशा में जाएँगे,
एक नई अनुपम दुनिया का
संदेश धरा पर लाएँगे।
रख हथेली पर प्राणों को
परिवर्तन की साँस भरेंगे,
दुष्कर लगता जो दुनिया को
संभव हम वह काम करेंगे।
उजाड़ रहे हो!
उनका यत्न रहा,
चौतरफा आग लगाने का।
मेरे खुशियों के घर को जलाने का।
उनका प्रयास रहा,
मेरी दृढ़ता को डिगाने का,
मेरे सच्चाई के स्वर को,
जहर का घुट पिलाने का।
उनका षड्यंत्र रहा,
खिलखिलाते उपवन उजाड़ने का,
कर्तव्य-पथ पर बढ़ते पगों ने,
आघात सहा तुम्हारी क्रूरता का।
तुम उजाड़ नहीं सकते,
मेरे स्वप्निल संसार को,
तुम बदनाम ही कर सकते हो,
मेरे अकलुषित प्यार को।
स्नेह कोमल ही सही
पर किसी से कम नहीं है,
संसार में चाँद-सूरज भी हैं,
केवल तम-ही-तम नहीं है।
क्यों कहीं उत्सव नहीं ?
इस नगर की हर गली
आज क्यों निर्जन पड़ी है?
ध्येय मंजिल निष्प्राण हो
मूक अबला-सी खड़ी है।
दिवस तो है वही पर
आज ये क्या हो रहा है?
परिचित की गली का भी
मार्ग क्यों खो-सा रहा है?
विस्मृत से हैं जन यहाँ
क्यों, कहीं उत्सव नहीं है?
क्या हो गया इस नगर को
सब वहीं, फिर क्या नहीं है?
क्या रोना
जब शूलों पर चलना ही है
तब काँटों को क्या रोना है,
जान सके तो जाने कोई
और अंत क्या होना है।
क्यों दुःखित मान-व्यवहार से
यह तो एक सपना है,
इस प्रकृति के सामने
मानव तो एक खिलौना है।
जान सके तो जाने कोई
और अंत क्या होना है।
छिपा है कुछ
प्रतीक्षा में छिपे रहस्य को कौन जानता है?
अंतर्मन की व्यथा-कथा को कौन मानता है?
सुख-दुःख सबकी प्रतीक्षाएँ होती रही जहाँ।
जीवन और मरण का भी गहरा संबंध रहा वहाँ।
जिंदगी हमारी दुःख-दर्द को ढोती है।
हर समय, हर जगह कोई प्रतीक्षा होती है।
जिंदगी बहुत कुछ खोकर भी सबको कुछ देती है।
इसकी जमीन सरसब्ज नहीं उसमें भी रेती है।
यह बिना कहे अनकही कथाएँ कहती रहती है।
छोटा हो या बड़ा, संग सभी के रहती है।
बहुत मूक इसकी अभिलाषा दुःख सहती रहती है।
इसके अंदर भूख-प्यास, सतत बहती रहती है।
भय नहीं इसे अपने खोए जाने का।
अभ्यास इसे है सबको रुलाने और हँसाने का।
इसके रहस्य का भेद, समझ में किसके आएगा?
इसने करवट बदली तो, फिर नूतन युग आएगा।
जिंदगी की राह पर पुकार खो गई!
मुझे पुकारते पुकार, पुकार खो गई,
उठा मुझे आँसुओं से नैन, नैन धो गई!
पता नहीं सुबह मिली,
किस साँझ को वह खो गई,
दोष है हृदय लड़ी का,
हृदय-हृदय से जुड़ गई।
सरल समझ की जो पुकार, वह दुर्लभ पुकार हो गई,
मुझे पुकारते पुकार, पुकार खो गई!
पता नहीं वह कौन है?
क्यों साथ-साथ चल रहा,
वह आग जल रही कहाँ ?
हृदय मेरा पिघल रहा।
जिंदगी की राह में जो दर्द बो गई,
मुझे पुकारते पुकार, पुकार खो गई!
मैं धरणी हूँ
मैं धरणी हूँ, सारे जग को मैं ही धारण करती हूँ।
निशि-दिन भूचालों से कंपित
बाढ़-आपदा में हो शंकित,
तुम व्यर्थ न मुझ पर वार करो
मेरे सुत, मुझसे प्यार करो।
मैं न रही तो तुम न रहोगे, यही सोचकर डरती हूँ।
मैं धरणी हूँ, सारे जग को मैं ही धारण करती हूँ।
सौंदर्य मेरा खो रहा है
शोर में स्वर खो रहा है,
मेरी शक्ति की सीमा है
तुम्हारा प्रयास कुछ धीमा है।
जहर फैलने लगा, प्रदूषण से घबराने लगती हूँ।
मैं धरणी हूँ, सारे जग को मैं ही धारण करती हूँ।
तुम मुझको दो स्वच्छ पवन
आभूषण मेरे वन-उपवन,
मुझको दो मृदुजल स्वच्छ गगन
मेरे शिशु मुझमें रहो मगन।
मैं विश्वंभरा माँ हूँ सबकी, मैं सबका पोषण करती हूँ।
मैं धरणी हूँ, सारे जग को मैं ही धारण करती हूँ।
पता नहीं क्यों
पता नहीं कुछ लिखने को, क्यों कातर मन होता है,
दिन भर जाने कितनी यादों को मेरा मन ढोता है।
याद तुम्हारे मूक कथन की
मन में क्षणिक न हटती है,
लाख मिटाना चाहा लेकिन
फिर भी तनिक न मिटती है।
मन सागर की गहराई में, चक्रवात-सा उठता है,
दिन-भर जाने कितनी यादों को मेरा मन ढोता है।
जीवन की इच्छाएँ अनंत
आशाओं की बड़ी लड़ी,
लक्ष्यशिखर के सम्मुख देखो
बाधाएँ हैं बहुत खड़ी।
किंतु साहसी पुरुष कहाँ, रुक साहस खोता है,
दिन-भर जाने कितनी यादों को मेरा मन ढोता है।
दुःख-अभाव तो सीधी बातें
इनका कोई पार नहीं,
दृढ़ पथ पर चलने वालों पर
संशय की कोई मार नहीं।
कर्मवीर ही इस धरती पर, बीज विजय के बोता है,
दिन-भर जाने कितनी यादों को मेरा मन ढोता है।
आशा सुबह की
आज करने को कम नहीं, बहुत कुछ पड़ा है,
सुबह होने की आशा में, जन-सामान्य खड़ा है।
अच्छे दिनों की न जाने लगा
कब से प्रतीक्षा कर रहे थे,
जीवित रहने-भर के लिए
साँसें लंबी भर रहे थे।
क्षुद्र राजनीति के दानव ने, इनको तमाचा जड़ा है,
सुबह होने की आशा में, जन-सामान्य खड़ा है।
कुछ लोगों ने आगे आकर
जिस आशा को सँजोया था,
अपने खून-पसीने से
बीज सृजन का बोया था।
आज उस अंकुर पर, कुहासों का पहरा पड़ा है,
सुबह होने की आशा में, जन-सामान्य खड़ा है।
जिधर देखो
जिधर देखो दु:खी हैं सब, कहीं भी दुःख कम नहीं है।
सागर उमड़ रहा है भीतर पर, आँखें बाहर नम नहीं हैं।
इन सभी को देखकर मैं
कुछ अलग जीने लगा हूँ,
जो घट रहा है हर कदम पर
उसी को सीने लगा हूँ।
वक्त के चोटिल यहाँ सब, इसका यहाँ मरहम नहीं है,
जिधर देखो दु:खी हैं सब, कहीं भी दुःख कम नहीं है।
ढूँढ़ता हूँ जिस तरफ भी,
कौन कहता मैं सुखी हूँ?
टूटते दिल को बचाने
मैं बना अंतर्मुखी हूँ।
स्वयं जलकर बढ़ रहा हूँ, राह में गम कम नहीं हैं,
जिधर देखो दु:खी हैं सब, कहीं भी दु:ख कम नहीं है।
नाम नहीं रुकने का
कहाँ होती है यहाँ,
वापस लौट आने की अभिलाषा,
जब शांत वातावरण
अपने आगोश में हो,
और हो उन्मुक्त चिंतन।
एक गहरी एकांत समाधि
न कहीं अंत हो, न हो आदि।
अपनी ही नजर से अपने
शाश्वत स्वरूप को निखार सकें,
छूते रहें उसकी गहराइयों को
समा जाएँ उसमें बिना रुके।
फिर नहीं होगी कोई पदचाप
अंदर सिर्फ होगा
संगीत का आलाप।
सुन सको तो
अपने कुछ अंदर सुनो,
अंतरात्मा से उठी आवाज को सुनो।
और चुन सकते हो तो
उसी एकांत मार्ग को चुनो।
जिसे पाने के लिए
अहं को मिटाना है।
विलंब न करो,
आज नहीं तो कल
तुम्हें यहीं आना है।
जीवन के अंतिम पड़ाव में,
सभी को यहाँ
रुकना पड़ता है,
उस अनंत-अरूप के समक्ष
झुकना ही पड़ता है।
लक्ष्य
जहाँ पहुँचने की
चाह है,
वह राह देखी नहीं।
जो दिख रही है,
वह मेरी कल्पना नहीं।
सोया भी नहीं,
खोया भी नहीं,
और
कभी नहीं देखा मैंने
सोया हुआ सपना,
अथक मेहनत
खून और पसीने की
बूँदों से ही
सदा संबंध रहा अपना।
मिथ्या लक्ष्य के मार्ग तो
मुझसे सदा
मुँह चुराते रहे,
पर गुप-चुप तरीके से
मुझे लुभाने
झूठी कसमें खाते रहे।
ये झूठी कसमें अब
नाकाम हो गई हैं,
भले ही वे मेरे पथ में
काँटों को बो गई हैं।
मैंने तो काँटों को भी
जीवन का अंग माना है,
अपने दृढ़ संकल्प से इन्हें
पुष्प बनाऊँ, बस यही ठाना है।
अंतिम संदेश
जब तक
धरती पर स्वर्ग न होगा
मनुज में देवत्व न होगा,
एक बार नहीं सौ बार
जन्म लूँगा मैं तब तक।
संवेदना बची रहे
प्रयत्न करना पड़ेगा,
चेतना जागी रहे
प्रभाती गाना पड़ेगा।
पथरीली राहों का लंबा सफर है,
दुखते कदमों से ही चलना पड़ेगा।
स्वार्थ के महाभारत में
अकेले नहीं हम,
कई अर्जुन, कई अभिमन्यु
साथ हैं,
नव प्रभात उगाना है तो
लड़ना पड़ेगा।
मैं हारा नहीं हूँ
मैं
संघर्ष करता रहा,
प्रत्येक कार्य में
अपना मन खपाता रहा।
मैंने निष्ठा और परिश्रम का
व्रत लिया,
मानव की संवेदना
बचाने के लिए
स्वयं को अर्पित किया।
विजय या पराजय
कपट या धोखा,
जीवन के दो रूप
मैंने दोनों को स्वीकार किया।
संघर्षों ने थकाया
विजय फिर भी मेरी है,
रुका नहीं चलता रहा हूँ
मैं परिस्थितियों से लड़ता रहा हूँ।
सैनिक-सा युद्धरत
बढ़ता रहा हूँ,
परिणाम अनपेक्षित रहने पर
मेरा हृदय कायर न हुआ
कभी दु:खी नहीं हुआ,
क्योंकि मैंने यथाशक्ति
विजय-हेतु यत्न किया,
इसीलिए
मैं हारते हुए भी जीता हूँ
और, जीतता रहूँगा।
हम ही जले
घर से निकलकर राह में
जब से चले हैं,
हर राह व चौराहे पर
हम ही जले हैं।
रौंद कर शालीनता वे
बोलते हैं हम सहज हैं,
प्रकृति का सौंदर्य न देखा
सोचते हैं हम मनुज हैं।
प्रश्नों के चक्रव्यूह में
सदैव हम ही छले हैं,
घर से निकलकर राह में
जब से चले हैं,
जीवन की हर राह में
हम ही जले हैं।
तुम न जाने क्यों ?
तुम न जाने क्यों?
चिंता करती हो,
हर श्वास में क्यों
मूक वेदना भरती हो?
कौन समय है पास नहीं तुम
हर पल, हर क्षण मिलती हो,
घोर निराशा की आँधी में
इंद्रधनुष-सी खिलती हो।
अंत:स्थल में हलचल करती
समा गई हो तन-मन में,
अंतहीन जीवन पथ में
नभ-गंगा-सी मिलती हो।
सिहरन पैदा होती तन में
तुम मेरे मन को हरती हो,
छंद निखर जाते हैं जब तुम
मेरे संग-संग चलती हो।
हर जगह परीक्षा है
हर जगह और हर समय
परीक्षा ही खड़ी है।
जिसके पास
पाँवों के लिए बेड़ियाँ,
हाथों के लिए हथकड़ी है।
हर जगह और हर समय
परीक्षा ही खड़ी है।
दर्द जब कि साथ है
दु:ख की लगी झड़ी है।
स्वागत में मेरे हर जगह
वेदना ही खड़ी है।
पुरस्कार भी कम नहीं
तो यातना भी कड़ी है।
जो अहर्निश हर घड़ी है,
हर जगह और हर समय
बस परीक्षा ही खड़ी है।
तुम्हारे रोड़े
तुमने मेरे कार्य में
हर वक्त रोड़े अटकाए,
फिर भी मैंने
तुम्हारे ही गुण गाए।
यह देख
निराश होकर तुमने
रोड़े अटकाने छोड़ दिए,
क्योंकि
मैंने इन रोड़ों से
अपने टूटे मार्ग
जोड़ दिए।
हर जगह बहेलिया
यह दुनिया, यह महफिल
सब जाल है,
यह पिंजरे में बंद रखने की
एक चाल है।
देखोगे तो
हर जगह बहेलिया नजर आएगा,
न तू जी पाएगा और
न ही मर पाएगा।
विचार-तरंग
जहाँ दिल तो अकसर
एक-दूसरे से भर जाया करते हैं,
वहाँ एक समय तक ही
दिल की दुनिया के पुष्प झरते हैं।
ऐसी दुनिया में कभी भी
पतझड़ छाने लगता है,
बिना बात भी बातों का
तूफान आने लगता है।
बिना मौसम का यह तूफान
दूरियों को बढ़ा देता है,
दिल और दिमाग को
सूली पर चढ़ा देता है।
जिसकी परिणति रिश्तों में
हमेशा बुरी होती है,
दोनों छोरों के मिलन की
यह संभावना खोती है।
किंतु निश्छल मन
और सहज विचार
कभी नहीं टूटता है,
कितना ही तूफान आए
पर यह कभी नहीं टूटता है।
यह तो एक
अद्भुत तरंग है
जो दिलों को जोड़े रखती है,
जिंदगी देकर दूसरों को
स्वयं भी नहीं मरती है।
यह तो दिव्यता
अनंतता की
एक विचित्र उमंग है,
यही
जीवन जीने की
एक अनोखी जंग है।
कौन सी रीति ?
मुझको तुम इतना बतला दो
सागर में अथाह जल क्यों?
लहराती-उफनाती रहती
नदियाँ करतीं कल-कल क्यों?
यह भी तुम मुझको बतलाओ
क्यों न नीर नदियाँ पीती?
दूजों को ही जल देना है
इस नीति पर ही वे जीतीं।
वृक्ष फूल और फल देते हैं,
किंतु स्वयं क्या खाते हैं?
सदा दूसरों को फल देकर
वृक्ष स्वयं क्या पाते हैं?
मन-ही-मन रोया
झुलसता हृदय ये तेरा,
काँपती आवाज थी,
लाल चेहरा तर बना,
तन-बदन पर साज थी।
रात सोते सोचता था,
प्रात: कब उठ आएगा,
भागता दौड़े निरंतर,
सफलता कब पाएगा?
प्रातः होते व्यस्त होता,
होश निज की कुछ नहीं,
भागते मुँह सूखता था,
बूँद एक न मिलती कहीं।
रात को थक चूर बैठा
और मन-मन खूब रोया,
अश्रुधारा को पिए ही,
शांत भूखे पेट सोया।
श्वास एक फिर भरनी
मौन पड़ी गंभीर नहीं,
धार छलकती तरनी है,
निर्जीव हुए इस मानव में
श्वास एक फिर भरनी है।
दीवार खड़ी जो नफरत की
जड़ से उसे ढहाना है,
पल्लव पोषित नवल प्यार से
अंकुर एक उगाना है।
व्याकुल हैं जो आघातों से
उनमें श्वासें फिर भरनी हैं।
आज निराशा में डूबा जो
उसने जीवन खोया है,
उत्तान लहर की उथल-पुथल में
वह जीवन नित रोया है।
पार अभी करना है उसको
नदियाँ अनगिन तरनी हैं,
निर्जीव हुए इस मानव में
श्वास एक फिर भरनी है।
किस्मत की करनी
सुबह हुई, उठकर आया,
गाना सड़कों पर गाया।
यह किस्मत की अपनी करनी,
जो मुझको जीवन में भरनी।
हाय, अँधेरा जीवन मेरा,
अंधे! यहाँ कौन है तेरा?
कभी किनारे, कभी मध्य तो,
दीवारों से तू टकराए।
दिल पर चोट न जाने कितनी,
तन पर तो निशि-दिन ही खाए।
आलोकित है दुनिया तेरी,
ईश! मुझे घनघोर अँधेरी।
कोई अंधा दर-दर भटके,
यह कैसी माया है तेरी?
पीड़ामुक्त करो
क्या दुःख है, यह कहाँ से आया?
कौन है, जो इसको लाया?
पता नहीं था क्या उसको?
अभिन्न अंग है यह मेरा।
तड़प रहा था क्षण-क्षण तब से,
गया है जब से यह प्रिय मेरा।
तुम न मिलते प्रिय न मिलता,
जीवन का यह पुष्प न खिलता।
आज खुशी का दिन है मेरा,
मैंने दर्द अपनाया तेरा।
मिला हूँ तुमको सुख-दुःख कहने,
मुझको अब पीड़ा सहने दो।
छोड़ो कैद पड़ी पीड़ा को,
इसको मेरे संग बहने दो।
इसको मुझसे कुछ कहने दो,
इसको मेरे संग रहने दो।
गूँगा इतिहास बाँझ व्यवस्था
कैसा जीवन संघर्षों का,
कैसी किस्मत लाए हैं।
अत्याचार युगों से सहते-
सहते ही तो आए हैं।
दर-दर भटके हैं सड़कों पर,
राहों में, चौराहों में।
घर आए हैं लिए निराशा,
बाँहों में, इन आहों में।
चली थीं पहले लंबी साँसें,
अब खामोशी साँसों की।
जीवित ही निर्जीव बने हम,
गिनती कर-कर लाशों की।
अभिलाषा को लिए हृदय में,
अब विद्रोह उठा इस मन में।
बाँझ व्यवस्था और गूँगा
इतिहास बदलना कण-कण में।
प्रभाती
आज तो
प्रभाती मुझसे कुछ
कहने आई है,
अंतरचेतना में जैसे
कोई
मधुर ध्वनि बजाई है।
देखते-ही-देखते
जीवन-संगीत
प्राणों को स्पंदित कर
रोम-रोम में छाने लगा है,
आज तो
पूरा अस्तित्व अनंत में समा
आनंद से विभोर
एक नया गीत गाने लगा है।
जीवन
जीवन!
जन्म लेने का नाम है
या जन्म लेकर
पलने का नाम है?
घुटनों के बल
चलकर, उठकर, गिरकर
माँ की उँगली थामकर,
या फिर
धरती के रज-कणों में लोटकर
यौवन की दहलीज पार कर जाना ही
क्या जीवन है?
हर पल सीखते जाना
अनुभव पाना
दुनिया को
अनुभूमि में समेटकर
ढलते चले जाना
क्या जीवन है?
संघर्ष करना
हँसना-हँसाना
कभी कड़वाहट
कभी आहत
कभी उलझन
कभी भटकन
विखरना और टूट जाना
क्या जीवन है?
प्रातः की अरुणिमा
दोपहर का प्रखर ताप,
संध्या की शीतल बयार
फिर अँधेरी छाया,
मिथ्या प्रलाप माया
या पकते-पकते
झर जाना
क्या जीवन है?
जन्म लेना
मर जाना
पुनः जन्म
फिर आना
मर-मरकर
फिर-फिर आना
क्या यही है जीवन?
वह गीत
वह गीत मुझे बहुत ही भाया है,
अकेले में मैंने
जिसे गुनगुनाया है।
वह गीत केवल मेरा है,
जिसने मेरे मन को घेरा है,
सच तो यह है
कि इसका और मेरा
बस यहीं एक डेरा है।
मेरा गीत
कभी तो गुनगुनाएगा कोई,
कभी तो मेरे गीतों की
यादों तक जाएगा कोई।
अपनी जमीन
इस बड़ी सी दुनिया में
तुम्हारा भी एक स्थान है,
उतना ही आसमान
और तुम्हारे भी अरमान हैं।
इतनी सी जमीं पर से
तुम आसमाँ छू सकते हो,
समय आने पर तुम
जमी-आसमाँ एक कर सकते हो।
दूसरों की विरासत देख
पग अपने न डगमगाना,
पाँव जमीन पर ही रखकर
तुम्हें आसमाँ को है जगमगाना।
तुम्हें तो कड़ी बनना है
जमीन और आसमान की,
भौतिकवादी सुख नहीं बल्कि
तुम्हारी कमाई तो सम्मान की।
क्योंकि जिंदगी के बाद तो
शरीर पर एक सा ही कफन होना है,
दौलत चाहे करोड़ों की हो पर
दो गज में ही दफन होना है।
मेरी शिकायत उससे
कभी-कभी मैं सोचता हूँ
जिसने यह जीवन दिया,
साधना की राह पर
खिलता हुआ मधुवन दिया।
सृष्टि का कण-कण उसी का
जीवन दिया उपहार है,
उसके निर्झर, नदियाँ ये अंबर
उसका ही संसार है।
प्राणियों में प्रेम का
अपनत्व का रस भर दिया,
ज्ञानपुंज शाश्वतता का
स्वविवेक अमृत दिया।
किंतु यही शिकायत तुझसे
जो कुछ भी तुम देते हो,
मन में जब वह रच-बस जाता
बेदर्दी से छीन लेते हो।
बूँद मचाएगी हाहाकार
मिट्टी, पानी और हवा,
इन तीनों की वृक्ष दवा।
वृक्ष कटे तो खेत कटेंगे,
हरे-भरे खलिहान बँटेंगे।
पानी के सूखेंगे स्रोत,
कहीं नहीं बचेंगे जोत।
जब बूँद-बूँद को तरसेगा,
पर आसमान नहीं बरसेगा।
एक बूँद मचाएगी हाहाकार,
हर तरफ रहेगी मारामार।
यही हाल हवा का होगा,
जीव, एक श्वास को जन रोएगा।
जब होगा प्राण हथेली पर,
कोहराम मचेगा तब घर-घर।
इसीलिए मैं कहता हूँ,
चिंता में हरदम रहता हूँ।
उठो, समय है बचा अभी भी
तुम वृक्ष को मत मरने दो,
स्वयं कटो, मरो-मिटो पर
वृक्षों को मत कटने दो।
यही तुम्हारा जीवन है तो,
यही तुम्हारा है सब कुछ।