hindisamay head


अ+ अ-

आलोचना

नाटक की द्विआयामी सत्ता और हिन्दी नाट्यालोचना का स्वरूप

आनन्द पाटील


साहित्य के माध्यम से मनुष्य ने अपने अस्तित्व, जीवनानुभवों और जीवन-मूल्यों को अभिव्यक्त करने तथा उन्हें सुरक्षित रखने का प्रयास किया है। इस दृष्टि से साहित्य को जीवन की सर्जनात्मक अभिव्यक्ति और साहित्यालोचना को जीवन तथा जीवन-मूल्यों की विवेचनात्मक व्याख्या के रूप में देखा जा सकता है, किंतु साहित्य की विभिन्न विधाओं की आलोचना-पद्धतियों में पर्याप्त अंतर होता है। विशेषतः कहानी, कविता और उपन्यास की आलोचना की तुलना में नाट्यालोचना का स्वरूप अधिक जटिल, बहुआयामी और चुनौतीपूर्ण है। इसका प्रमुख कारण यह है कि नाट्यालोचना का संबंध केवल नाटक की लिखित पाठ्य-सामग्री तक सीमित नहीं होता; वह उसके निर्देशन, मंचीय प्रस्तुति और दर्शकीय प्रतिक्रिया जैसे विविध पक्षों को भी अपने विवेचन के दायरे में समेटती है।

नाट्यालोचना के इस बहुआयामी स्वरूप को उसके दोहरे दायित्व के संदर्भ में समझा जा सकता है। एक ओर नाट्यालोचक को नाटककार के सृजनात्मक शब्द-कर्म, उसकी नाट्यानुभूति, संवेदना, कथ्य, संवाद-योजना और शिल्प का विश्लेषण करना होता है, तो दूसरी ओर निर्देशक की सर्जनात्मक दृष्टि, रंग-परिकल्पना और मंचीय अभिव्यक्ति का मूल्यांकन भी करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त, नाटक की संप्रेषणीयता और प्रभावशीलता के निर्धारण में दर्शक की उपस्थिति तथा उसकी प्रतिक्रिया भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस प्रकार नाट्यालोचना के समक्ष नाटककार, निर्देशक और दर्शक - इन तीनों के परस्पर संबंधों तथा उनकी सृजनात्मक और ग्रहणशील भूमिकाओं की युक्तियुक्त पड़ताल करने की चुनौती उपस्थित होती है। यही विशेषता नाट्यालोचना को साहित्य की अन्य विधाओं की आलोचना से पृथक् और अधिक व्यापक बनाती है।

सामान्यतः साहित्यालोचना का उद्देश्य किसी रचना की अंतर्निहित संभावनाओं (Inner Potentiality) का अन्वेषण करना, उसकी उपलब्धियों और सीमाओं को रेखांकित करना तथा उसकी कलात्मक विशेषताओं और अंतर्वस्तुगत न्यूनताओं का विवेचन करना होता है। इसके माध्यम से रचना के सौंदर्यबोध, वैचारिक अंतर्वस्तु, संवेदनात्मक गहनता और शिल्पगत विशिष्टताओं का परीक्षण किया जाता है। साथ ही, जीवन-मूल्यों, साहित्यिक प्रतिमानों, कलात्मक मानदंडों और व्यापक सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भों के आलोक में उसकी प्रासंगिकता का भी निर्धारण किया जाता है, किंतु, नाट्यालोचना का दायित्व इस सामान्य आलोचनात्मक प्रक्रिया से आगे विस्तृत हो जाता है। यहाँ रचना की अंतर्वस्तु और शिल्प के विश्लेषण के साथ-साथ उसकी मंचीय संभावनाओं, दृश्यात्मक संरचना, अभिनयगत अभिव्यक्ति और दर्शक तक उसकी संप्रेषणीयता का परीक्षण भी आवश्यक हो जाता है। इसीलिए नाट्यालोचना में किसी नाटक के पाठ और उसकी रंगमंचीय प्रस्तुति के बीच विद्यमान अंतर्संबंधों को समझना आलोचक के लिए एक महत्त्वपूर्ण चुनौती बन जाता है।

नाट्यालोचना की एक विशिष्ट विशेषता यह है कि इसमें नाट्य-कृति की अंतर्निहित संभावनाओं के अन्वेषण की व्यापक संभावना होती है। इस अन्वेषण को मुख्यतः दो स्तरों पर समझा जा सकता है। पहला स्तर - नाटककार द्वारा सृजित मूल नाट्य-पाठ का है, जिसमें संवाद, कथन, नाटकीय घटनाक्रम, दृश्य-संकेत, प्रतीक और अंतर्निहित अर्थ-संरचनाएँ समाहित होती हैं। दूसरा स्तर - निर्देशक द्वारा उसी नाट्य-पाठ की की गयी रंगमंचीय व्याख्या का है, जिसमें नाटक की मूल संवेदना और कथ्य को दृश्यात्मक तथा प्रदर्शनपरक अभिव्यक्ति प्रदान की जाती है। नाटककार अपने समय और समाज के यथार्थ, अंतर्विरोधों तथा जीवन-मूल्यों का साक्षात्कार अपनी विशिष्ट संवेदनात्मक और वैचारिक दृष्टि से करता है। इस अनुभव को वह अपनी नाट्यानुभूति के माध्यम से नाट्य-पाठ में रूपांतरित करता है। इसके विपरीत, निर्देशक नाट्य-पाठ की अंतर्वस्तु, उसकी संरचना, संवादों, संकेतों और नाटकीय संभावनाओं का विश्लेषण करते हुए उसकी रंगमंचीय व्याख्या के लिए अपनी स्वतंत्र सृजनात्मक दृष्टि विकसित करता है।

जब कोई निर्देशक किसी नाट्य-कृति का मंचन के लिए चयन करता है, तब वह केवल उसके कथ्य और संवादों तक सीमित नहीं रहता, अपितु उसकी संकेत-भाषा, प्रतीक-योजना, पात्रों की मनःस्थितियों, हाव-भाव, ध्वनि-संकेतों, संगीत-संयोजन और दृश्यात्मक संरचना का भी सूक्ष्मता से अध्ययन करता है। इसके आधार पर वह अपनी रंग-परिकल्पना के अनुरूप नाट्य-पाठ में आवश्यक संपादन, पुनर्संयोजन अथवा परिवर्तन करता है। कई बार ये परिवर्तन आकार में अत्यंत छोटे होते हैं, किंतु उनके परिणामस्वरूप नाटक के अर्थ, संवेदना और प्रभाव में व्यापक परिवर्तन आ सकता है। संवादों के विन्यास, दृश्यों के क्रम, पात्रों की प्रस्तुति अथवा किसी विशिष्ट प्रतीक के मंचीय प्रयोग में किया गया मामूली-सा बदलाव भी नाट्य-कृति की अर्थवत्ता को एक नयी दिशा प्रदान कर सकता है। इस प्रक्रिया में निर्देशक केवल नाटककार की रचना को मंच पर प्रस्तुत करने वाला माध्यम नहीं रह जाता; वह अपनी सृजनात्मक दृष्टि से नाट्य-पाठ का पुनर्पाठ और पुनर्सृजन भी करता है।

वस्तुतः नाटककार द्वारा लिखित नाट्य-पाठ और निर्देशक द्वारा प्रस्तुत रंगमंचीय कृति के बीच का संबंध केवल मूल रचना और उसकी प्रस्तुति का संबंध नहीं है; यह दो सृजनात्मक दृष्टियों के संवाद, अंतःक्रिया और कभी-कभी वैचारिक भिन्नता का भी संबंध है। इसलिए यह मान लेना उचित नहीं होगा कि नाटककार द्वारा रचित नाट्य-कृति मंच पर अपने मूल स्वरूप में ही प्रस्तुत होती है। मंचन की प्रक्रिया में नाट्य-पाठ एक नयी दृश्यात्मक संरचना, प्रदर्शनपरक भाषा और अर्थ-संभावना अर्जित करता है। इस स्थिति में नाट्यालोचक के समक्ष यह चुनौती उपस्थित होती है कि वह नाटककार की मूल सृजनात्मक अभिप्रेरणा और निर्देशक की स्वतंत्र रंग-दृष्टि के बीच संतुलित आलोचनात्मक संबंध स्थापित करे तथा यह विश्लेषित करे कि मंचीय प्रस्तुति मूल नाट्य-संवेदना का विस्तार करती है, उसका पुनर्पाठ प्रस्तुत करती है अथवा उसके अर्थ और अभिप्राय में कोई मौलिक परिवर्तन घटित करती है। यही वह बिंदु है, जहाँ हिन्दी नाट्यालोचना का क्षेत्र अधिक व्यापक, जटिल और चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

नाट्यालोचना की सार्थकता इसी में निहित है कि वह न केवल नाटककार द्वारा रचित मूल नाट्य-पाठ (Narrated Text) का आलोचनात्मक विश्लेषण करे, बल्कि निर्देशकीय संपादन, पुनर्संयोजन और रंग-परिकल्पना के पश्चात् मंच पर प्रस्तुत उसकी अभिनेयता की भी सूक्ष्म पड़ताल करे। दूसरे शब्दों में, नाट्यालोचना का दायित्व नाट्य-पाठ की साहित्यिक संरचना के विश्लेषण तक सीमित नहीं होना चाहिए, अपितु उसे मंच पर उस पाठ की दृश्यात्मक, श्रव्य और प्रदर्शनपरक अभिव्यक्ति का भी सम्यक् मूल्यांकन करना चाहिए। तभी नाट्यालोचना अपने व्यापक और वास्तविक अर्थ में सार्थक हो सकती है।

नाट्यालोचना के समक्ष उपस्थित सबसे जटिल चुनौतियों में से एक नाटक की निःशब्द अभिव्यक्ति का आलोचनात्मक अन्वेषण है। नाटक में अनेक अर्थ ऐसे होते हैं, जो शब्दों के माध्यम से प्रत्यक्षतः अभिव्यक्त नहीं होते, बल्कि हाव-भाव, शारीरिक मुद्राओं, मुखमुद्राओं, हास्य, अट्टहास, मौन, अधूरे कथनों और विराम-चिह्नों के माध्यम से संप्रेषित होते हैं। कई बार नाटककार द्वारा संवादों के बीच छोड़े गये बिंदु (...) भी अपने भीतर ऐसी अर्थ-ध्वनियाँ समेटे होते हैं, जो पात्रों की अव्यक्त मनःस्थितियों, अंतर्द्वंद्वों और नाटकीय तनावों को उद्घाटित करती हैं। इन निःशब्द अथवा अर्ध-अभिव्यक्त अर्थ-संकेतों के माध्यम से नाटककार की अंतर्निहित संवेदना दर्शक के अंतर्मन तक पहुँचती है। इनकी आलोचनात्मक व्याख्या के लिए नाट्यालोचक में न केवल पाठ की सूक्ष्म समझ, बल्कि रंगभाषा, अभिनय की अभिव्यक्ति और दर्शकीय संवेदना को ग्रहण करने की क्षमता भी अपेक्षित होती है।

इस संदर्भ में नाट्यालोचक का दायित्व है कि वह लिखित नाट्य-पाठ और उसकी मंचीय प्रस्तुति, दोनों के सकारात्मक एवं नकारात्मक पक्षों का विवेचन करते हुए उनके अंतर्संबंधों और अंतर्विरोधों को उद्घाटित करे। इसके साथ ही, नाट्य-कृति में अंतर्निहित रचनागत तनाव की पहचान करना भी आवश्यक है। यह तनाव केवल कथ्य, पात्रों और घटनाओं के बीच विद्यमान अंतर्विरोधों तक सीमित नहीं होता, बल्कि नाटककार की वैचारिक दृष्टि, नाटकीय संरचना और मंचीय अभिव्यक्ति के बीच भी सक्रिय हो सकता है। नाट्यालोचना के अंतर्गत नाट्य-कृति की आंतरिक क्षमताओं का अन्वेषण करते हुए यह निर्धारित करना आवश्यक है कि उसमें नाटकत्व की उपस्थिति कितनी प्रभावशाली है तथा उसका कथ्य दृश्यात्मक और प्रदर्शनपरक अभिव्यक्ति की कितनी संभावनाएँ समेटे हुए है। दूसरे शब्दों में, किसी नाट्य-कृति की साहित्यिक उत्कृष्टता के साथ-साथ उसकी रंगमंचीय संभाव्यता और अभिनेयता का परीक्षण भी नाट्यालोचना का अनिवार्य अंग होना चाहिए।

इससे आगे बढ़कर नाट्यालोचना को नाटक की मंचीय संरचना और उसकी परिवर्तनशील संभावनाओं के विविध पक्षों का भी अन्वेषण करना चाहिए। इसके अंतर्गत मंचीय धनात्मकता और ऋणात्मकता, मंचीय समरूपता, परिवर्तनशीलता तथा अभिवर्धनशीलता जैसे तत्त्वों की पहचान और विवेचना महत्त्वपूर्ण हो जाती है। साथ ही, नाट्य-कृति की संरचना में विद्यमान सूत्र-घटकत्व और प्रतिमानगत संभावनाओं का परीक्षण भी आवश्यक है, ताकि यह समझा जा सके कि नाट्य-पाठ के विभिन्न घटक किस प्रकार एक-दूसरे से संबद्ध होकर नाटकीय प्रभाव की निर्मिति करते हैं और मंचीय प्रस्तुति में किस प्रकार नये अर्थों तथा संवेदनात्मक आयामों का सृजन करते हैं। इस प्रकार नाट्यालोचना केवल नाट्य-कृति की उपलब्धियों और सीमाओं का निर्धारण करने वाली आलोचनात्मक प्रक्रिया न रहकर वह नाट्य-पाठ, रंग-प्रयोग और दर्शकीय संवेदना के बीच सक्रिय सृजनात्मक अंतःसंबंधों का अन्वेषण करने वाली एक व्यापक आलोचना-पद्धति बन जाती है। निस्संदेह, इन सभी पक्षों का एक साथ और संतुलित रूप में विश्लेषण करना नाट्यालोचक के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है।

हिन्दी नाट्यालोचना के विकासक्रम पर दृष्टिपात करने से स्पष्ट होता है कि एक लंबे समय तक इसके दो प्रमुख रूप प्रचलित रहे हैं। पहला रूप नाट्य-कृति की साहित्यिक समीक्षा का रहा है, जिसमें मुख्यतः नाटक के कथ्य, कथावस्तु, पात्र-योजना, संवाद, शिल्प और वैचारिक अंतर्वस्तु का विश्लेषण किया जाता रहा। इस प्रकार की कृति-समीक्षा में नाटक की रंगमंचीय संभावनाओं पर भी कभी-कभार विचार किया गया, किंतु प्रायः यह विचार नाट्य-पाठ के साहित्यिक विश्लेषण के अधीन ही रहा। परिणामतः नाटक की अभिनेयता, दृश्यात्मक संरचना और मंचीय प्रस्तुति की संभावनाओं का अपेक्षित विस्तार से परीक्षण नहीं हो सका। इस प्रवृत्ति में नाटक को मुख्यतः एक साहित्यिक विधा के रूप में ग्रहण किया गया और उसकी रंगमंचीय प्रकृति को अपेक्षाकृत गौण स्थान प्राप्त हुआ।

हिन्दी नाट्यालोचना का दूसरा प्रमुख रूप रंग-समीक्षा अथवा प्रस्तुति-समीक्षा के रूप में विकसित हुआ, जिसमें किसी नाट्य-कृति की मंचीय व्याख्या, निर्देशक की रंग-दृष्टि और प्रस्तुति के विभिन्न प्रदर्शनपरक पक्षों को आलोचना का केंद्र बनाया गया। इस प्रकार की समीक्षा में निर्देशन, अभिनय, मंच-सज्जा, प्रकाश-योजना, संगीत, ध्वनि-संयोजन और अन्य रंग-तत्त्वों के माध्यम से निर्मित नाटकीय प्रभाव का विश्लेषण प्रमुख रहा है। हालाँकि, इस प्रवृत्ति में भी नाट्य-पाठ की साहित्यिक संरचना, उसकी अंतर्वस्तु और नाटकीयता पर कभी-कभार विचार किया गया, किंतु अनेक अवसरों पर यह विवेचन नाटक की कथावस्तु के सामान्य परिचय अथवा उसके कथ्य के उल्लेख तक ही सीमित रह गया। परिणामस्वरूप, नाट्य-पाठ और उसकी मंचीय व्याख्या के बीच विद्यमान सृजनात्मक अंतर्संबंधों, अंतर्विरोधों तथा अर्थ-संभावनाओं का समग्र आलोचनात्मक विश्लेषण अपेक्षित रूप में विकसित नहीं हो पाया।

हिन्दी नाट्यालोचना की इन दोनों प्रवृत्तियों में जहाँ एक ओर नाट्य-पाठ की साहित्यिकता को प्राथमिकता दी गयी, वहीं दूसरी ओर मंचीय प्रस्तुति के प्रदर्शनपरक पक्ष को आलोचना का केंद्र बनाया गया, किंतु नाट्यालोचना की व्यापक संभावनाएँ इन दोनों के पृथक्-पृथक् विश्लेषण में न होकर इनके परस्पर अंतर्संबंधों की समग्र पड़ताल में निहित हैं। आवश्यकता ऐसी समन्वित नाट्यालोचना की है, जो नाट्य-पाठ की अंतर्वस्तु, संरचना और नाटकत्व के साथ-साथ उसकी मंचीय अभिव्यक्ति, निर्देशकीय पुनर्व्याख्या, अभिनयगत संभावनाओं तथा दर्शकीय संवेदना को भी एकीकृत आलोचनात्मक दृष्टि से देख सके। यही दृष्टि हिन्दी नाट्यालोचना को पारंपरिक कृति-समीक्षा और प्रस्तुति-समीक्षा की सीमाओं से आगे ले जाकर एक स्वतंत्र, व्यापक और अधिक वैज्ञानिक आलोचना-पद्धति के रूप में विकसित करने का आधार बन सकती है।

यहाँ हिन्दी नाट्यालोचना के ऐतिहासिक विकास और उसकी आलोचनात्मक दृष्टि को समझने के लिए उसके प्रारंभिक स्वरूप तथा तत्कालीन सामाजिक-सांस्कृतिक परिस्थितियों का विश्लेषण आवश्यक है। नाट्यालोचना की दृष्टि से विभिन्न स्रोतों में उपलब्ध सामग्री के संकलन और उसके ऐतिहासिक विवेचन में महेश आनंद का उल्लेखनीय योगदान है। उन्होंने अपनी पुस्तक ' रंग दस्तावेज : सौ साल-1 (1850-1950)' में हिन्दी नाटक-समीक्षा के प्रारंभिक स्वरूप और उसकी प्रवृत्तियों का उल्लेख करते हुए लिखा है - "हिन्दी में नाटक-समीक्षा की शुरुआत उन्नीसवीं शताब्दी के आठवें दशक की देन है। प्रारंभ में 'बिहारबंधु' (1872), 'काशी पत्रिका' (1875), 'हिन्दी प्रदीप' (1877), 'क्षत्रिय पत्रिका' (1880), 'आनंदकादंबिनी' (1881), 'ब्राह्मण' (1883), 'पीयुष प्रवाह' (1884)आदि पत्रिकाओं में नाटकों का परिचय अथवा उनके प्रकाशन की सूचनाएँ दी जाने लगी थीं। बाद में कुछेक विस्तृत टिप्पणियाँ और लेख भी लिखे गये। 'संयोगिता स्वयंवर'पर लिखी गयीं प्रतापनारायण मिश्र,बालकृष्ण भट्ट और बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन'की समीक्षाएँ इसी प्रकार की हैं। इन पत्रिकाओं में 'प्राप्ति स्वीकार', 'समालोचना', 'नवीन ग्रंथों की आलोचना' आदि स्तंभों के अंतर्गत लिखी गयी अधिकांश टिप्पणियों में गुण-दोष विवेचन पद्धति का ही समावेश हुआ है। कहीं-कहीं एकाध आलोचनात्मक वाक्य के साथ नाटक पर निर्णय भी दिया जाने लगा। यह एक तरह का नाटक परिचय ही था, जिनमें प्रायः उक्तियाँ ही मिलती हैं।" (महेश आनंद, रंग दस्तावेज : सौ साल-1 (1850-1950), पृ. 475, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नयी दिल्ली, 2007)

उन्होंने प्रारंभिक हिन्दी नाटक-समीक्षा की प्रवृत्तियों को स्पष्ट करते हुए महेश आनंद आगे लिखा है - "ऐसी टिप्पणियों की एक विशेषता यह थी कि जैसे ही कहीं आलोचकों को भाव,भाषा और चरित्र की दृष्टि से अच्छा नाटक दिखायी दिया,वैसे ही उन्होंने उसे पढ़ने के लिए पाठक को उकसाने की कोशिश जरूर की। यह कोशिश पाठकों को,सामाजिक और राष्ट्रीय सवालों के प्रति,सजग और प्रबुद्ध करने से जुड़ी हुई थी। इसलिए जहाँ कहीं आलोचकों को संस्कृति और आदर्श के खिलाफ कोई बात नज़र आयी,वहीं व्यंग्यात्मक शैली में उस मर्यादाहीनता की कटु आलोचना भी की गयी। चाहे वह 'संयोगिता स्वयंवर'हो अथवा पारसी रंगमंच का कोई नाटक,समीक्षकों ने अश्लीलता और भौंडेपन पर तीखा प्रहार किया है। कारण स्पष्ट है कि ये सभी आलोचक प्रतिष्ठित रचनाकार थे तथा चिंतन और लेखन के धरातल पर पाठकों (दर्शकों) की रुचि को नयी दिशा देने का प्रयास कर रहे थे। यह कोशिश देशीयतावाद से प्रभावित जरूर थी,परन्तु औपनिवेशिक भारत की सांस्कृतिक विसंगतियों पर चोट करती थी। इसके पीछे स्वतंत्रता आंदोलन के लिए माहौल बनाने में नाटक जैसे सशक्त माध्यम को उभारने की एक ललक भी थी।"(वही, पृ. 476)

महेश आनंद के इस विवेचन से स्पष्ट होता है कि हिन्दी नाटक-समीक्षा के प्रारंभिक दौर में आलोचना का प्रमुख उद्देश्य नाटकों की साहित्यिक विशेषताओं और गुण-दोषों का विवेचन करने के साथ-साथ पाठकों की रुचि का परिष्कार करना तथा उनमें सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना का विकास करना भी था। इस दृष्टि से तत्कालीन नाटक-समीक्षा अपने समय की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय आकांक्षाओं से गहरे रूप में जुड़ी हुई थी, किंतु इस आलोचनात्मक प्रक्रिया में नाटक की अंतर्निहित नाटकीयता, उसकी रंगभाषा और मंचीय अभिव्यक्ति की संभावनाओं का व्यवस्थित अन्वेषण अपेक्षाकृत कम दिखायी देता है। नाटक के कथ्य, भाषा, भाव और चरित्र के गुण-दोषों पर विचार तो किया गया, किंतु उसकी नाटकीय संरचना और रंगमंचीय प्रभावशीलता को आलोचना के स्वतंत्र आधार के रूप में विकसित करने की प्रवृत्ति पर्याप्त रूप से परिपक्व नहीं हो पायी थी।

वस्तुतः नाटकीयता और रंगानुभूति की पहचान के लिए जिस विशिष्ट आलोचनात्मक दृष्टि, संवेदनशीलता और विवेक की आवश्यकता होती है, उसका समन्वित विकास हिन्दी नाट्यालोचना में क्रमशः हुआ। आलोचक के लिए केवल रचना के कथ्य और भाषा को समझ लेना पर्याप्त नहीं है; उसके भीतर निहित नाटकीय तनाव, अंतर्विरोध, दृश्यात्मक संभावनाओं और रंगमंचीय अभिव्यक्ति की क्षमता को भी पहचानना आवश्यक है। समझदार हृदय और देखने वाली आँख का महत्त्व इसी में है कि जो कुछ देखा जाए, उसे विवेक की कसौटी पर परखा जा सके। नाट्यालोचना के संदर्भ में यह दृष्टि और भी महत्त्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि यहाँ दृश्य और अदृश्य, व्यक्त और अव्यक्त तथा शब्द और निःशब्द अभिव्यक्ति के बीच सक्रिय अर्थ-संबंधों को समझना होता है। हालाँकि, तत्कालीन नाट्यालोचना में इस प्रकार की संवेदनात्मक और विवेकपूर्ण दृष्टि का समन्वित स्वरूप पर्याप्त रूप से विकसित नहीं हो पाया था।

बाद के दौर में, सत्यदेव दुबे, हबीब तनवीर, मोहन महर्षि, सत्यव्रत सिन्हा, सतीश आनंद और नेमिचन्द्र जैन जैसे रंगकर्मियों तथा आलोचकों ने नाटक और रंगमंच को देखने की दृष्टि को व्यापक बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभायी। विशेषतः नेमिचन्द्र जैन ने नाट्यालोचना के लिए जिस समन्वित आलोचनात्मक दृष्टि की आवश्यकता पर बल दिया, वह इस संदर्भ में उल्लेखनीय है। उनका मानना है - " सृजनात्मक काम की शक्ति और कमज़ोरी,प्रासंगिकता और कलात्मकता की पूरी पहचान न तो केवल उसके निजी स्वायत्त संसार के नियमों के अनुसार हो सकती है और न केवल उसके व्यापक सामाजिक संदर्भ के पैमाने से। उसके सही मूल्यांकन के लिए रचना में इन दोनों आयामों के समावेश, संतुलन और तनाव का अन्वेषण ज़रूरी है।" (रंगदर्शन, पृ. 154, अक्षर प्रकाशन, दिल्ली, 1967)

नेमिचन्द्र जैन की यह आलोचनात्मक दृष्टि साहित्यिक कृति की स्वायत्तता और उसके सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भों के बीच संतुलित संबंध स्थापित करने पर बल देती है। किसी भी महान साहित्यिक कृति की सार्थकता केवल उसकी वैचारिक प्रासंगिकता अथवा कलात्मक विशिष्टता में न होकर अनुभूति के विस्तार और उसकी गहनता के रचनात्मक समन्वय में निहित होती है। यही कसौटी नाट्यालोचना के संदर्भ में भी लागू होती है। नाटक में जीवनानुभवों का विस्तार तभी कलात्मक अर्थवत्ता प्राप्त करता है, जब वह नाटकीय संरचना, दृश्यात्मकता और प्रदर्शनपरक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रभावी रूप में संप्रेषित हो सके। इसलिए नाट्यालोचक के लिए नाटक की सामाजिक प्रासंगिकता और उसकी कलात्मक स्वायत्तता के साथ-साथ उन दोनों के बीच विद्यमान रचनात्मक तनाव का अन्वेषण भी आवश्यक है।

नाटक मूलतः एक जीवंत और सामूहिक कला-विधा है, जो रंगमंच पर अपनी पूर्ण अभिव्यक्ति प्राप्त करती है। नाटक की यही विशिष्ट प्रकृति उसे साहित्य की अन्य विधाओं से अलग करती है। भारतीय नाट्य-परंपरा में भरतमुनि ने 'नाट्यशास्त्र' के माध्यम से नाटक की इस बहुआयामी कलात्मक सत्ता को व्यवस्थित रूप प्रदान किया था। आधुनिक हिन्दी साहित्य में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने नाटक को सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना के प्रभावी माध्यम के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए नाट्य-लेखन, रंगमंचीय गतिविधियों और नाट्य-आंदोलन के विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किये। उनके नाट्यकर्म में नाटक की साहित्यिकता के साथ-साथ उसकी मंचीय प्रभावशीलता और सामाजिक उपयोगिता के प्रति भी सजगता दिखायी देती है।

भारतेन्दु के बाद हिन्दी रंगमंच की संस्थागत और सामूहिक गतिविधियों में आयी शिथिलता का प्रभाव नाट्य-लेखन और नाट्यालोचना, दोनों पर पड़ा। रंगमंचीय गतिविधियों के अपेक्षित विस्तार के अभाव में नाटक का मूल्यांकन प्रायः साहित्यिक प्रतिमानों, सैद्धांतिक धारणाओं, नैतिक आदर्शों और उद्देश्यपरकता के आधार पर किया जाता रहा। परिणामतः नाटक की विशिष्ट रंगमंचीय प्रकृति और उसकी प्रदर्शनपरक संभावनाएँ आलोचना के केंद्र में अपेक्षित स्थान प्राप्त नहीं कर सकीं। भुवनेश्वर, जगदीशचन्द्र माथुर और उपेन्द्रनाथ अश्क जैसे नाटककारों की रचनाओं में नाटकीय संरचना, आधुनिक संवेदना और रंगमंचीय प्रयोगों की जो संभावनाएँ उपस्थित थीं, वे हिन्दी नाट्यालोचना की दृष्टि को एक नयी दिशा प्रदान कर सकती थीं, किंतु उस समय व्यापक सामूहिक रंगचेतना, सक्रिय रंगमंचीय संस्कृति और नाटककारों तथा आलोचकों के बीच अपेक्षित संवाद का पर्याप्त विकास नहीं हो पाया था। इस स्थिति ने हिन्दी नाट्यालोचना की स्वतंत्र आलोचनात्मक दृष्टि के विकास को प्रभावित किया।

हिन्दी नाट्यालोचना की एक प्रमुख समस्या यह भी रही कि नाटक को लंबे समय तक या तो साहित्य की एक विधा, विशेषतः संवादात्मक कथा के रूप में देखा गया अथवा उसे मनोरंजन के माध्यम के रूप में स्वीकार किया गया। पारसी रंगमंच की लोकप्रियता और उसकी प्रदर्शनपरक परंपरा के प्रभाव में नाटक की मनोरंजनात्मक संभावनाओं को भी पर्याप्त महत्त्व मिला, किंतु इन दोनों दृष्टियों में नाटक की बहुआयामी कलात्मक संरचना को समग्रता में समझने की अपेक्षा सीमित दृष्टिकोण अधिक प्रभावी रहा। वस्तुतः नाटक एक जटिल और समन्वित कला-विधा है, जिसमें साहित्य, अभिनय, संगीत, नृत्य, दृश्य-कला, प्रकाश, ध्वनि और स्थानिक संरचना जैसी अनेक कलाओं का रचनात्मक समावेश होता है। इस समन्वय में साहित्यिक पक्ष नाटक का एक महत्त्वपूर्ण अवयव अवश्य है, किंतु वही उसकी संपूर्ण कलात्मक सत्ता का प्रतिनिधित्व नहीं करता।

नाटक की भाषा को केवल लिखित शब्दों की भाषा मानना भी उसकी विशिष्ट प्रकृति को सीमित कर देना है। रंगमंच पर भाषा का वास्तविक विस्तार अभिनेता की जीवंत उपस्थिति, उसकी वाचिक अभिव्यक्ति, शारीरिक मुद्राओं, गतियों, मौन, ध्वनि और दृश्यात्मक संकेतों के माध्यम से होता है। लिखित शब्द जब अभिनेता के स्वर, लय, आरोह-अवरोह, विराम और भाव-भंगिमाओं के साथ मंच पर अभिव्यक्त होता है, तब वह अपने मूल पाठ से आगे बढ़कर अनेक अर्थ-स्तरों का निर्माण करता है। संगीत के स्वरों की भाँति बोले गए शब्द में भी ऐसी व्याप्ति और संवेदनात्मक संभावनाएँ होती हैं, जिन्हें केवल लिखित रूप में पूरी तरह ग्रहण नहीं किया जा सकता। अभिनेता की वाणी, उसकी देहभाषा और मंचीय उपस्थिति शब्द को एक विशिष्ट नाटकीय भाषा में रूपांतरित कर देती है। इसीलिए साहित्यिक भाषा और नाटकीय भाषा के बीच के अंतर को समझना नाट्यालोचना की बुनियादी आवश्यकता है।

इसके बावजूद हिन्दी नाट्यालोचना में लंबे समय तक लिखित शब्द और साहित्यिक कथ्य पर अधिक बल दिया जाता रहा, जबकि नाटकीय भाषा की विशिष्ट संरचना और उसकी प्रदर्शनपरक संभावनाओं का अपेक्षित विश्लेषण नहीं हो पाया। नाटक में शब्द केवल अर्थ का वाहक नहीं होता; वह अभिनय, दृश्यात्मकता, ध्वनि और मौन के साथ मिलकर नाटकीय अर्थ की निर्मिति करता है। इस दृष्टि से नाट्यालोचक के लिए यह आवश्यक है कि वह लिखित पाठ में प्रयुक्त शब्दों के अर्थ तक सीमित न रहे, बल्कि मंच पर उन शब्दों के रूपांतरण, उनके संप्रेषण और उनसे निर्मित नाटकीय प्रभाव का भी विश्लेषण करे। साहित्यिक शब्द और नाटकीय भाषा के बीच विद्यमान इस अंतर को पहचानने में हुई चूक हिन्दी नाट्यालोचना की प्रमुख सीमाओं में से एक रही है।

नाट्यालोचना की जटिलता का एक अन्य कारण यह है कि उसे नाट्य-रूप और उसकी प्रस्तुतिपरक कलाओं के विविध घटकों का समग्रता में परीक्षण करना पड़ता है। दृश्यबंध, प्रकाश-योजना, ध्वनि-व्यवस्था, रूप-सज्जा, वेशभूषा, रंगोपकरण, अभिनय-शैलियाँ, अभिनेता की शारीरिक गतियाँ, समूह-संचालन और निर्देशक की समग्र रंग-दृष्टि जैसे तत्त्व नाट्य-प्रस्तुति की अर्थवत्ता और प्रभावशीलता को निर्धारित करते हैं। इसके अतिरिक्त, रंगशाला की संरचना, मंच और दर्शक के बीच की दूरी, दर्शकों की सामूहिक उपस्थिति तथा प्रस्तुति के प्रति उनकी संवेदनात्मक प्रतिक्रिया भी नाटकीय संप्रेषण को प्रभावित करती है। इन सभी तत्त्वों को केवल अलग-अलग घटकों के रूप में देखना पर्याप्त नहीं है, अपितु यह समझना भी आवश्यक है कि वे एक-दूसरे के साथ किस प्रकार अंतःक्रिया करते हुए नाटकीय प्रभाव की निर्मिति करते हैं। इतनी व्यापक कलात्मक संरचना का अपने अनुभव, संवेदनशीलता और सृजनात्मक विवेक के आधार पर संतुलित आलोचनात्मक मूल्यांकन करना निस्संदेह एक जटिल और उत्तरदायित्वपूर्ण कार्य है।

इक्कीसवीं सदी के आरंभिक दौर में हिन्दी नाट्यालोचना और रंगमंच के समक्ष तकनीकी विकास, बदलती सांस्कृतिक प्राथमिकताओं तथा दृश्य-श्रव्य माध्यमों के विस्तार से जुड़ी नयी चुनौतियाँ उपस्थित हुई हैं। एक ओर इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव ने रंगमंच की सामाजिक उपस्थिति, दर्शकीय रुचि और प्रस्तुति की परंपरागत संरचनाओं के समक्ष नये प्रश्न खड़े किये हैं, तो दूसरी ओर इसी तकनीकी विकास ने रंगभाषा के नये प्रयोगों और अभिव्यक्ति की नवीन संभावनाओं के द्वार भी खोले हैं। दृश्य-श्रव्य तकनीक, वीडियो, डिजिटल प्रक्षेपण और अन्य तकनीकी साधनों के उपयोग से रंगमंचीय प्रस्तुति की दृश्यात्मक संरचना में परिवर्तन आ रहा है। इसके परिणामस्वरूप यथार्थवादी परिदृश्य और संवादात्मक अभिव्यक्ति से आगे बढ़कर सांकेतिकता, प्रतीकात्मकता तथा बहुस्तरीय दृश्य-भाषा के नये प्रयोगों की संभावनाएँ विकसित हुई हैं।

इसी के साथ लोकप्रिय संगीत, विशेषतः रॉक और पॉप संगीत के विभिन्न रूपों तथा भारतीय रंगमंचीय परंपराओं के बीच बढ़ते अंतर्संबंधों ने भी रंगकर्म की अभिव्यक्ति को प्रभावित किया है। दूसरी ओर, बाज़ार-व्यवस्था और उपभोक्तावादी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव ने नाटक की विषयवस्तु, प्रस्तुति और दर्शकीय रुचि के सामने नयी चुनौतियाँ उपस्थित की हैं। इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के व्यापक प्रभाव के कारण भाषा, दृश्य और ध्वनि के पारंपरिक संबंधों में भी परिवर्तन आया है। ऐसी स्थिति में नाट्यालोचना के लिए केवल परंपरागत साहित्यिक प्रतिमान पर्याप्त नहीं रह जाते। उसे तकनीकी हस्तक्षेप, बदलती रंगभाषा, नये दृश्यात्मक प्रयोगों और बाजार-प्रेरित सांस्कृतिक प्रवृत्तियों के बीच नाटक की कलात्मक स्वायत्तता तथा सामाजिक प्रासंगिकता का भी परीक्षण करना पड़ता है।

इस बदलते परिदृश्य में 'मादा कैक्टस'और ' आषाढ़ का एक दिन' जैसी नाट्य-कृतियों का मूल्यांकन केवल अंक-विभाजन, दृश्य-संरचना, संधि, अर्थ-प्रकृति, कार्यावस्था, कथावस्तु, चरित्र-चित्रण, संवाद, भाषा-शैली, उद्देश्य, देशकाल और रंगमंचीयता जैसे पारंपरिक प्रतिमानों के आधार पर करना पर्याप्त नहीं हो सकता। इन प्रतिमानों का अपना ऐतिहासिक और सैद्धांतिक महत्त्व है, किंतु प्रत्येक नाट्य-कृति की विशिष्ट संरचना, अंतर्वस्तु और रंगमंचीय संभावनाओं के अनुरूप उनकी प्रासंगिकता का परीक्षण करना भी आवश्यक है। आधुनिक नाट्य-लेखन में विकसित हुई नयी संवेदनाओं, संरचनात्मक प्रयोगों और अभिव्यक्ति की विविध पद्धतियों ने नाटक के मूल्यांकन के लिए अधिक लचीली, व्यापक और रचनाकेंद्रित आलोचनात्मक दृष्टि की आवश्यकता को रेखांकित किया है। इसलिए नाट्य-कृतियों का मूल्यांकन केवल पूर्वनिर्धारित शास्त्रीय मानदंडों के आधार पर करने के बजाय उनकी विशिष्ट कलात्मक संरचना और रंगमंचीय संभावनाओं के अनुरूप किया जाना चाहिए।

' अंधायुग' और ' आषाढ़ का एक दिन' जैसी काव्यात्मक तथा वैचारिक गहनता से युक्त नाट्य-कृतियों में रस, भाव और काव्यात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर आलोचनात्मक विवेचन की पर्याप्त संभावनाएँ हैं। किंतु भुवनेश्वर, लक्ष्मीकांत वर्मा और विपिन अग्रवाल जैसे नाटककारों की विशिष्ट प्रयोगधर्मी रचनाओं का मूल्यांकन केवल पारंपरिक काव्यशास्त्रीय प्रतिमानों के आधार पर करना उनकी नाटकीय संरचना और अभिव्यक्ति की विशिष्टता को सीमित कर सकता है। प्रत्येक नाट्य-कृति की अपनी आंतरिक संरचना, वैचारिक भूमि, नाटकीय भाषा और रंगमंचीय संभावनाएँ होती हैं। इसलिए किसी एक स्थापित आलोचनात्मक प्रतिमान को सभी नाटकों पर समान रूप से लागू करना न केवल उनकी रचनात्मक विशिष्टताओं की उपेक्षा करना है, अपितु आलोचना की संभावनाओं को भी सीमित करना है। परंपरागत मूल्यों और प्रतिमानों के आधार पर नवीन प्रयोगधर्मी नाटकों का एकांगी मूल्यांकन कई बार उनकी वास्तविक कलात्मक उपलब्धियों को समझने में बाधक हो सकता है।

वस्तुतः किसी भी युग के नाटक की आलोचना उसकी नाटकीय सार्थकता और कलात्मक महत्ता के संदर्भ में की जानी चाहिए। नाटक की विषयवस्तु, शैली अथवा वैचारिक अभिप्राय चाहे जो भी हों, आलोचना के लिए यह प्रश्न अधिक महत्त्वपूर्ण है कि वह अपनी अंतर्वस्तु को किस सीमा तक नाटकीय संरचना में रूपांतरित कर पाता है। केवल विषय की गंभीरता अथवा कथ्य की सामाजिक प्रासंगिकता किसी नाटक की नाटकीय सफलता का पर्याप्त आधार नहीं हो सकती। इसके लिए यह देखना आवश्यक है कि नाटककार ने अपने कथ्य को किस प्रकार नाटकीय संघर्ष, अंतर्द्वंद्व, तनाव, पात्रों की अंतःक्रिया और दृश्यात्मक संभावनाओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया है। नाट्य-कृति की आंतरिक संरचना में विद्यमान संघर्ष और तनाव ही उसकी अर्थवत्ता को विशिष्ट रूप प्रदान करते हैं। इसी रचनात्मक तनाव के माध्यम से नाटक अपनी वैचारिक अंतर्वस्तु और कलात्मक अभिव्यक्ति के बीच एक प्रभावी संबंध स्थापित करता है। अतः नाट्यालोचना में नाटक की श्रेष्ठता के सामान्य निर्णय से अधिक महत्त्वपूर्ण उसकी नाटकीय रचनात्मकता और उसके भीतर सक्रिय कलात्मक प्रक्रियाओं का अन्वेषण है।

नये नाटकों के आविर्भाव से पूर्व हिन्दी नाट्य-समीक्षा में काव्यात्मकता और साहित्यिकता की प्रधानता रही। परिणामतः नाटक की समीक्षा भी प्रायः काव्य-समीक्षा के प्रतिमानों के आसपास ही विकसित होती रही। आधुनिक रंगमंच के विस्तार के साथ रंग-समीक्षा, प्रस्तुति-समीक्षा और रंगालोचन जैसी आलोचनात्मक प्रवृत्तियाँ विकसित हुईं, जिनमें नाटक की दृश्यात्मकता, अभिनय और रंगमंचीय प्रस्तुति को प्राथमिकता दी जाने लगी, किंतु इस परिवर्तन के बावजूद प्रस्तुति-समीक्षा कई बार मंचीय गतिविधियों और तकनीकी घटकों के विवरण तक सीमित रह गयी। इस प्रकार एक ओर नाटक के साहित्यिक पक्ष पर केंद्रित कृति-समीक्षा की सीमाएँ बनी रहीं, तो दूसरी ओर प्रस्तुति-समीक्षा में नाट्य-पाठ की अंतर्वस्तु और नाटकीय संरचना के समुचित विश्लेषण का अभाव दिखायी दिया।

नेमिचन्द्र जैन जैसे आलोचकों ने इन दोनों प्रवृत्तियों की सीमाओं से आगे बढ़कर नाट्यालोचना की एक समन्वित दृष्टि विकसित करने का प्रयास किया। उनके अतिरिक्त मोहन महर्षि, मुद्राराक्षस, देवेन्द्र राज अंकुर, हृषीकेश सुलभ और महेश आनंद जैसे रंगकर्मियों तथा आलोचकों के विचार और लेखन भी हिन्दी नाट्यालोचना की विविध प्रवृत्तियों और संभावनाओं को समझने में महत्त्वपूर्ण हैं। इनके आलोचनात्मक और रंगकर्म संबंधी योगदान ने नाट्य-पाठ, रंगमंचीय प्रस्तुति और नाटकीय संवेदना के परस्पर संबंधों पर विचार करने के लिए नये आधार उपलब्ध कराए हैं। इस संदर्भ में नाट्यालोचना के सामने सबसे महत्त्वपूर्ण प्रश्न यह है कि कृति-समीक्षा और प्रस्तुति-समीक्षा के बीच स्थापित विभाजन को किस प्रकार पार किया जाए, ताकि नाटक की साहित्यिक और रंगमंचीय सत्ता का एकीकृत मूल्यांकन संभव हो सके।

कुल मिलाकर, हिन्दी नाट्यालोचना में काव्य-समीक्षा की परंपरागत दृष्टि और रंग-समीक्षा की प्रस्तुति-केंद्रित एकांगी प्रवृत्ति की सीमाएँ अब अधिक स्पष्ट रूप से अनुभव की जाने लगी हैं। इसलिए ऐसी नाट्यालोचना की आवश्यकता है, जिसमें नाट्य-पाठ और मंचीय प्रस्तुति को अलग-अलग इकाइयों के रूप में देखने के बजाय एक-दूसरे के पूरक तथा अंतःसंबद्ध पक्षों के रूप में ग्रहण किया जाए। इस संदर्भ में नाट्यालोचना की समन्वित दृष्टि को दो स्तरों पर सक्रिय होना चाहिए-एक ओर नाटक के लिखित पाठ, उसकी नाटकीयता, अंतर्वस्तु और रचनात्मक संरचना का विश्लेषण हो तथा दूसरी ओर उसकी दृश्यात्मकता, अभिनेयता और मंचीय अभिव्यक्ति की संभावनाओं का अन्वेषण किया जाए। इन दोनों स्तरों का परस्पर संवाद ही नाटक की संपूर्ण कलात्मक सत्ता को उद्घाटित कर सकता है। इस प्रकार नाट्य-पाठ और उसके दृश्य-रूप का एक साथ आलोचनात्मक मंथन करना नाट्यालोचना की अनिवार्य आवश्यकता है।

नाट्य-समीक्षा की प्रक्रिया में आलोचक का पहला दायित्व यह होना चाहिए कि वह किसी नाट्य-कृति का मूल्यांकन उसकी दृश्यात्मक संभावनाओं और नाटकीय संरचना के संदर्भ में करे। इसके लिए आवश्यक है कि वह नाट्य-कृति के अंतर्जगत में प्रवेश करे और उसके कथ्य, पात्रों, संवादों, अंतर्विरोधों तथा नाटकीय तनावों की उन संभावनाओं की पहचान करे, जो उसे रंगमंच पर अभिव्यक्त होने की क्षमता प्रदान करती हैं। नाट्यालोचक की जीवनानुभवों में जितनी गहरी पैठ आवश्यक है, उतनी ही गहरी समझ नाट्य-कृति की आंतरिक संरचना और उसकी कलात्मक प्रक्रियाओं के प्रति भी अपेक्षित है। जीवन और रचना के इन दोनों आयामों का समन्वित बोध ही आलोचक को नाट्य-कृति की वास्तविक अर्थवत्ता तक पहुँचने में समर्थ बनाता है।

नाट्यालोचक अपनी आलोचनात्मक यात्रा मुख्यतः दो परस्पर संबद्ध मार्गों से पूरी कर सकता है। पहला मार्ग नाट्य-कृति की दृश्यात्मक संभावनाओं के विश्लेषण से उसकी अंतर्निहित नाटकीयता तक पहुँचने का है। इस प्रक्रिया में आलोचक यह अन्वेषण करता है कि नाटक के लिखित पाठ में उपलब्ध दृश्य-संकेत, संवाद, पात्रों की क्रियाएँ, मौन और अंतर्निहित तनाव किस प्रकार मंचीय अभिव्यक्ति की संभावनाओं का निर्माण करते हैं। दूसरा मार्ग नाट्य-कृति की अंतर्निहित नाटकीयता और उसकी रचनात्मक संरचना का विश्लेषण करते हुए उसमें विद्यमान दृश्यात्मक संभावनाओं का अन्वेषण करना है। इन दोनों मार्गों के माध्यम से आलोचक न केवल नाट्य-पाठ की साहित्यिक संरचना को समझ सकता है, बल्कि उसकी मंचीय व्याख्या और अभिव्यक्ति की संभावनाओं को भी उद्घाटित कर सकता है। इस प्रकार नाट्यालोचना की चुनौती का सामना करने के लिए आलोचक को पाठ और दृश्य, दोनों के बीच निरंतर आवागमन करने वाली आलोचनात्मक दृष्टि विकसित करनी होगी।

इस संदर्भ में प्रस्तुति-समीक्षा के अंतर्गत वेशभूषा, ध्वनि एवं प्रकाश-संयोजन, रूप-सज्जा, अभिनय, रंगोपकरण और दृश्यबंध आदि का मात्र विवरण प्रस्तुत कर देना पर्याप्त नहीं है। इन तत्त्वों का आलोचनात्मक महत्त्व तभी स्थापित होता है, जब उनके माध्यम से नाट्य-कृति की नाटकीयता, दृश्यात्मकता और अंतर्निहित अर्थ-संरचना की व्याख्या संभव हो सके। उदाहरणार्थ, किसी प्रस्तुति में प्रकाश-योजना का उल्लेख तभी सार्थक होगा, जब यह स्पष्ट किया जाए कि वह नाटक की संवेदना, पात्रों की मनःस्थिति, दृश्य के तनाव अथवा निर्देशक की रंग-दृष्टि को किस प्रकार अभिव्यक्त करती है। इसी प्रकार अभिनय, संगीत, दृश्यबंध और ध्वनि-संयोजन का विश्लेषण भी नाटक की समग्र अर्थवत्ता और मंचीय प्रभावशीलता के संदर्भ में किया जाना चाहिए। केवल रंगमंचीय घटकों की उपस्थिति अथवा उनके तकनीकी कौशल का विवरण नाट्यालोचना का विकल्प नहीं हो सकता। आलोचना का वास्तविक दायित्व इन घटकों की रचनात्मक भूमिका, उनकी पारस्परिक संगति और नाट्य-कृति की अंतर्निहित संभावनाओं के साथ उनके संबंधों को उद्घाटित करना है।

अंततः, नाट्यालोचना की सार्थकता इसी में है कि वह नाट्य-पाठ और रंगमंचीय प्रस्तुति के बीच विद्यमान रचनात्मक संबंधों की गहन पड़ताल करते हुए नाटक की संपूर्ण कलात्मक सत्ता को समझने का प्रयास करे। ऐसी आलोचना में नाटककार की सृजनात्मक दृष्टि, निर्देशक की रंग-परिकल्पना, अभिनेता की प्रदर्शनपरक अभिव्यक्ति और दर्शक की संवेदनात्मक सहभागिता - सभी को समुचित स्थान प्राप्त होना चाहिए। नाट्यालोचक के लिए यह आवश्यक है कि वह किसी एक पक्ष को निर्णायक मानकर दूसरे पक्षों की उपेक्षा न करे, अपितु इन सभी के बीच सक्रिय संवाद, तनाव, अंतर्विरोध और सृजनात्मक संभावनाओं को पहचानते हुए नाट्य-कृति की अर्थवत्ता का उद्घाटन करे। अन्यथा नाट्यालोचना केवल विवरण, प्रशंसा अथवा दोष-दर्शन तक सीमित होकर रह जाएगी और नाटक की वास्तविक नाटकीयता तथा कलात्मक रचनाशीलता उसकी दृष्टि से ओझल हो जाएगी। ऐसी स्थिति में आलोचना उस आत्मालोचनात्मक विवेक से भी वंचित हो जाती है, जो किसी रचना के अंतर्जगत में प्रवेश कर उसकी अनकही संभावनाओं को उद्घाटित करने के लिए आवश्यक है। इसलिए हिन्दी नाट्यालोचना के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती एक ऐसी समग्र, संवेदनशील और रचनाकेंद्रित आलोचनात्मक दृष्टि विकसित करने की है, जो नाटक के लिखित पाठ और उसके मंचीय रूप - दोनों की अंतर्निहित संभावनाओं का संतुलित तथा गहन विवेचन कर सके। यही दृष्टि हिन्दी नाट्यालोचना को उसकी वास्तविक आलोचनात्मक पहचान और स्वतंत्र वैचारिक आधार प्रदान कर सकती है।

हिन्दी नाट्यालोचना का विकास नाटक की साहित्यिकता से उसकी रंगमंचीयता और फिर इन दोनों के समन्वित आलोचनात्मक विवेचन की ओर हुई यात्रा का परिचायक है। प्रारंभिक दौर में नाटक-समीक्षा मुख्यतः कथ्य, भाषा, भाव, चरित्र और गुण-दोषों के विवेचन तक सीमित रही। बाद में रंगमंचीय गतिविधियों के विस्तार के साथ रंग-समीक्षा और प्रस्तुति-समीक्षा की प्रवृत्तियाँ विकसित हुईं, किंतु इनमें भी नाट्य-पाठ और मंचीय अभिव्यक्ति के स्वतंत्र तथा एकांगी मूल्यांकन की सीमाएँ बनी रहीं। वस्तुतः नाटक न तो केवल साहित्यिक पाठ है और न ही मंच पर प्रस्तुत मनोरंजन का माध्यम, बल्कि वह साहित्य, अभिनय, दृश्य, ध्वनि, संगीत और दर्शकीय सहभागिता के रचनात्मक समन्वय से निर्मित एक विशिष्ट एवं बहुआयामी कला-विधा है।

इस दृष्टि से नाट्यालोचना की सबसे बड़ी चुनौती नाट्य-पाठ की अंतर्निहित नाटकीयता, उसकी दृश्यात्मक संभावनाओं, निर्देशकीय पुनर्व्याख्या और मंचीय अभिव्यक्ति के बीच विद्यमान अंतर्संबंधों तथा रचनात्मक तनावों का समग्र अन्वेषण करना है। बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश, नवीन रंगभाषा और तकनीकी माध्यमों के विस्तार ने इस चुनौती को और अधिक जटिल बना दिया है। अतः नाट्यालोचना को परंपरागत साहित्यिक एवं शास्त्रीय प्रतिमानों की सीमाओं से आगे बढ़कर प्रत्येक नाट्य-कृति की विशिष्ट संरचना, संवेदना, अभिव्यक्ति और रंगमंचीय संभावनाओं के अनुरूप अपनी आलोचनात्मक दृष्टि विकसित करनी होगी। एक ऐसी समन्वित नाट्यालोचना, जिसमें आलोचक की एक दृष्टि नाट्य-पाठ की नाटकीयता और दूसरी उसकी दृश्यात्मकता पर केंद्रित हो तथा दोनों के अंतर्संबंधों का विवेचन एक साथ किया जाए, ही नाटक की संपूर्ण कलात्मक सत्ता और अर्थवत्ता का उद्घाटन कर सकती है। यही हिन्दी नाट्यालोचना की मूलभूत आवश्यकता, उसकी सबसे बड़ी चुनौती और उसके भावी विकास की दिशा है।

 

 

Hindi Natyalochan Ki Chunautiyan" published in 'Rang Abhiyan-23', 2012,

non-periodic (ISSN 2347-842X) (pp 16-21).

Editor: Dr. Anil Patang, Natya Vidyalaya, Bagha, Post-Suhradnagar, Dist- Begusarai-851 218


End Text   End Text    End Text

हिंदी समय में आनन्द पाटील की रचनाएँ