hindisamay head


अ+ अ-

अन्य

साहित्य प्रश्नोत्तर

मुकुल


'संतन को कहा सीकरी सों काम? आवत जात पनहियाँ टूटी, बिसरि गयौ हरि नाम। जिनको मुख देखत दुख उपजत, तिनको करिबे परी सलाम।...' - यह पद किसने रचा था?

कुंभनदास ने। बादशाह अकबर के बुलावे पर वे फतहपुर सीकरी गए थे। वहाँ से लौटने के बाद उन्होंने इस पद की रचना की थी।

रामचंद्र शुक्ल ने औपचारिक शिक्षा कहाँ तक पाई थी?

हाई स्कूल तक। इंटर में कुछ दिन पढ़े, फिर पढ़ाई छोड़ दी। बाद में वे काशी विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष बने।

प्रेमचंद के उपन्यास 'गोदान' का संपादन किसने किया था?

शिवपूजन सहाय ने।

'उसने कहा था' के लेखक चंद्रधर शर्मा गुलेरी की अन्य कहानियों के नाम बताइए।

'उसने कहा था' के अतिरिक्त गुलेरी जी की छह और कहानियाँ उपलब्ध हैं। इन के शीर्षक हैं - घंटाघर, धर्मपरायण रीछ, पाठशाला, बुद्धू का काँटा, सुखमय जीवन, हीरे का हीरा।

हिंदी के किन रचनाकारों को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिल चुका है?

हिंदी में ज्ञानपीठ पुरस्कार सब से पहले सुमित्रानंदन पंत को मिला। पंत जी के बाद ज्ञानपीठ पुरस्कार पानेवाले हिंदी लेखक हैं - रामधारी सिंह दिनकर, अज्ञेय, महादेवी वर्मा, नरेश मेहता, निर्मल वर्मा, कुँवर नारायण, अमरकांत, श्रीलाल शुक्ल।

'विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा' के लेखक का नाम बताइए।

इस गीत की रचना श्यामलाल गुप्त 'पार्षद' ने की थी। वे कानपुर के कांग्रेस कार्यकर्ता थे। 1938 में कांग्रेस के हरिपुरा अधिवेशन में इस गीत को 'झंडा गीत' की मान्यता प्रदान की गई थी।

अज्ञेय द्वारा संपादित 'तार सप्तक' में किन कवियों को शामिल किया गया था?

'तार सप्तक' में शामिल कवि थे - गजानन माधव मुक्तिबोध, नेमिचंद्र जैन, भारतभूषण अग्रवाल, प्रभाकर माचवे, गिरिजाकुमार माथुर, रामविलास शर्मा एवं अज्ञेय। यह कविता संकलन 1943 में प्रकाशित हुआ था।

विष्णु प्रभाकर की पुस्तक 'आवारा मसीहा' किसकी जीवनी है?

यह बाँग्ला के शीर्षस्थ कथाकार शरतचंद्र चट्टोपाध्याय की जीवनी है।


End Text   End Text    End Text