hindisamay head


अ+ अ-

आलोचना

देवेंद्र कुमार 'बंगाली' के गीत

कृष्ण चंद्र लाल


गोरखपुर की धरती को गौरवान्वित करने वाले प्रेमचंद और फिराक जैसी महान विभूतियों की परंपरा की एक महत्‍वपूर्ण कड़ी थे नई कविता और नवगीत के अद्वितीय कवि देवेंद्र कुमार 'बंगाली'। 'कसया' (कुशीनगर) नामक कस्‍बे की हरिजन बस्‍ती में 'कवि जी' के नाम से ख्‍यात इस साधारण से इनसान ने अपनी काव्‍य प्रतिभा और उदात्त व्‍यक्तित्‍व से लोगों के दिलों में जो जगह बनाई, वह बहुत भाग्यशाली लोगों को ही नसीब होती है। नाम था देवेंद्र कुमार किंतु ख्‍याति थी 'बंगाली जी' के रूप में। कवि केदारनाथ सिंह के लिए वे 'मुनिवर' थे। गोरखपुर के रेलवे कार्यालय में कार्यरत रेल कर्मचारी के रूप में उन्‍होंने सरल, सौम्‍य और सादगीपूर्ण जीवन जिया लेकिन साहित्यिकता और मनुष्‍यता की दृष्टि से समाज में बड़ा ही आदरपूर्ण स्‍थान प्राप्‍त किया।

बंगाली जी जितने अच्‍छे इनसान थे, उतने ही अच्‍छे कवि और गीतकार भी थे। उनकी साहित्‍य यात्रा गीत-सृजन से शुरू हुई थी। 'एक पेड़ चादनी लगाया है आँगने। फूले तो आ जाना एक फूल माँगने।' गीत के साथ वे हिंदी कविता के मंच पर छा गए थे। उल्‍लेखनीय तथ्‍य यह है कि जहाँ अन्‍य तमाम गीतकार अपने किन्‍हीं एक-दो गीतों को ही जिंदगी भर अपनी लोकप्रियता का आधा बनाए रखते हैं। वहाँ बंगाली जी ने इस सीमा को तोड़कर निरंतर नए अनुभवों, टटके बिंबों, नए भाषा-संकेतों, नई अर्थ छवियों और नवीन सौंदर्य कल्‍पनाओं तथा शिल्‍पगत नवीनताओं से समृद्ध नए-नए गीतों से अपनी लोकप्रिय छवि बरकरार रखी और ऐसे गीत लिखे जो अनुभव और सोच की ताजगी के साथ-साथ नए-नए प्रयोगों की भी सूचना देते थे। बंगाली जी को यदि प्रयोगधर्मी प्रगतिशील गीतकार की संज्ञा दी जाय तो अत्युक्ति न होगी। उनके गीतों में लिजलिजी भावुकता की जगह संवेदनात्‍मक वैचारिकता और आंतरिकता है। कठिन तुकों और आंतरिक लयों का जैसा सहज और सफल निर्वाह बंगाली जी के गीतों में दिखाई पड़ता है, वैसा अन्‍यत्र दुर्लभ है। बंगाली जी ने गीतों में न केवल अनुभवों की परती धरती तोड़ी है बल्कि शिल्‍पगत प्रयोगों का नया क्षितिज भी उद्घाटित किया है। इस दृष्टि से उनकी कुछ गीत पंक्तियाँ द्रष्‍टव्‍य हैं -

1.

फागुन का रथ कोई रोके।
ठूँठी शाखें पतियाने लगीं
घेर-घेर कर बतियाने लगीं
ऐसे में कौन इन्‍हें टोंके।

2.

फूल-पत्ती, टहनियों में
बात उलझी है।
x x x
रेत की नागिन
नदी :
सहमी हुई है,
अँधेरे की
क्‍या चहल-कदमी हुई है ?
नींद :
बाँझिन की उँगलियों में
गुलमुहर की
शाख उलझी है।

3.

लो आए मक्‍के में दाने।
जाग रहे रखवाले, गाँव, घर
सिवाने।

4.

खोल दिए नदियों ने जूड़े
दाँतों को खा गए मसूड़े
किस्‍से
कुछ नए
कुछ पुराने।

5.

खो गए अँधेरे में
धूप के पखेरू
घास-फूस के छाजे
लकड़ी के दरवाजे
मिट्टी के घर में
न गाय,
न बछेरू।

बंगाली के गीतों में गाँव, घर, सीवान, नदी, वन, पर्वत, झरने, फूल, पत्ते, टहनियाँ, सूरज-चाँद और तारे, सुबह, शाम, दोपहरी आदि के चित्र स्‍थूल रूप में न होकर संवेदनात्‍मक और नए अर्थ-संकेतों से परिपूर्ण हैं। शहरी और कस्‍बाई जिंदगी का भी उन्‍हें गहरा बोध है। 'शहरों' का हाल देखिए -

बिजुलियाँ
लुटातीं हीरे मोती
बाँहों में
बर्फ की नदी सोती।
शहरों में
        और सभी
                होता है
सिर्फ एक चाँदनी
नहीं होती।

इसीलिए बंगाली का मन बराबर खेतों, खलिहानों की ओर भागता है। उनका प्रसिद्ध गीत है -

चलो, चलें-होलें, धनखरियों के देश।
             धान-परियों के देश।

आगे-आगे पछुआ
पीछे पुरवाई
बादल दो बहनों के
बीच एक भाई
बरखा के बन तड़ित-मछरियों के देश।
             जल-लहरियों के देश।

बंगाली के गीतों में विचारों, भावों और कल्‍पनाओं की उड़ान है। उनकी कल्‍पना पक्षी की तरह इस डाल से उस डाल पर फुदकती हई प्रतीत होती है और विचार हवा भरे गुब्‍बारों की तरह उड़ान भरते हुए। बंगाली जी सोचते विचारते, कल्‍पना करते हुए गीतों में कहाँ से कहाँ पहुँच जाएँगे, इसकी पूर्व कल्‍पना करना आसान नहीं है। उनका गीत शुरू होता है - 'हम ठहरे गाँव के' और वे 'बोझ हुए रिश्‍ते सब', 'भेद-भाव सन्‍नाटा / ये साही का काँटा' से होते हुए एक बड़े ऐतिहासिक यथार्थ पर पहुँच जाते हैं -

सीमा, गोड़ी, टाँगे / माँगें तो क्‍या माँगें /
बकरी के मोल बिके / बच्‍चे उमराव के।'

वे जिस तरह तुकों का निर्वाह करते हैं, वह भी अद्भुत और प्रशंसनीय है। 'पौ' 'लौ' के साथ जब वे 'ओ' नहीं 'औ' तथा 'एक दिया जौ' का तुक बैठाते हैं तब केवल तुकबंदी नहीं करते हैं बल्कि जीवन यथार्थ का मार्मिक सच उद्घाटित करते हैं। वास्‍तव में देवेंद्र कुमार संवेदना और शिल्‍प की दृष्टि से एक अनूठे गीतकार हैं। लोक संस्‍कृति में उनका मन पूरी तरह रचा-बसा हुआ है।


End Text   End Text    End Text

हिंदी समय में कृष्ण चंद्र लाल की रचनाएँ