'हम तुमसे मोहोब्बत करके सलम' - सलम सलम वाला सलीमा का यह गाना फणीश्वरनाथ 'रेणु' की कहानी 'पंचलाइट' का नायक गोधन अपनी प्रेमिका को संबोधित कर गाता रहता है। रूमानी होने की सजा के बतौर वह जाति से बहिष्कृत कर दिया जाता है, लेकिन जाति पंचायत की पंचलाइट जलाने में निपुणता के कारण वह पुनः जाति में शामिल कर दिया जाता है। जाति का मुखिया कहता है-'तुमने जाति की इज्जत रख ली, तुम्हारा सात खून माफ... खूब गाओ सलीमा का गाना।' इस कथा में रेणु दो तकनीकों के गाँव में प्रवेश की समाजशास्त्रीय परिघटना को रेखांकित करते हैं - पहला, गाँव में पंचलाइट खरीदने की आर्थिक क्षमता और जलाने की तकनीकी दक्षता से निम्न जाति-वर्ग का लैस होना और दूसरा, सिनेमा द्वारा रचित लोकवृत्त और रूमान में गोधनों (निम्नवर्गीय ग्रामीण युवा) का साझीदार होना एवं समाज के मुखिया से उसकी स्वीकृति पाना। तकनीकी प्रतीकों का संदेश यह है कि पंचलाइट उजाला कर अंधेरा मिटाता है और सिनेमा भी अंधेरे में रोशनी का जादू पैदा करता है। प्रकारांतर से अनेक विधाओं और अभिव्यक्तियों का समवेत महामाध्यम सिनेमा 'पंचलाइट' ही है जिसमें कल्पना और यथार्थ का संभव-असंभव दृश्य प्रस्तुत होता है। रेणु इस कहानी में अनेक परिवर्तनकारी संकेतों के साथ इसकी भी आहट देते हैं कि सिनेमा गाँव के जीवन को कितना और कैसे प्रभावित करना प्रारंभ करता है।
दरअसल, सिनेमा ने गाँव का अनेक प्रकार से इस्तेमाल किया है। विषयवस्तु, लोकगीत, लोकनृत्य, लोकधुन, दृश्य-परिवेश और दर्शकों के ग्राम-संबंध, ग्राम-मोह एवं ग्राम-स्मृति के बतौर सिनेमा में गाँव उपस्थित होता रहा है लेकिन, गाँव ने सिनेमा को किस तरह ग्रहण किया है गाँव में सिनेमा किन-किन पगडंडियों से लुकछिप कर पहुँचा और प्रतिष्ठित हुआ, इसकी कथा भी कम रोचक नहीं है और यह मानने में भी कोई हर्ज नहीं है कि बायस्कोप ही सिनेमा का दूत था। चूँकि तकनीकी सुलभता और आर्थिक तरलता के कारण सिनेमाघर शहर और कस्बा केंद्रित थे, इसलिए जिन ग्रामीण वर्गों की शहरों-कस्बों में आवाजाही थी, उन्हें ही इसका प्रथम स्वाद मिला करता था। स्पष्ट है कि इसमें ग्रामसमाज का साधन संपन्न वर्ग अगुआ था। इस वर्ग में भी पुरुषों को ही पहला दर्शक बनना था क्योंकि वे मुकदमों की सुनवाई और दवा-इलाज के लिए निकटस्थ शहरों-कस्बों में जाते थे। यदि वहाँ कोई धार्मिक फिल्म लगी होती थी तो वे उसका आनंद भी लेते थे। ऐसी ही एक फिल्म में मैं अपने मौसाजी के साथ दर्शक था। मुझे फिल्म का कुछ भी याद नहीं है, लेकिन इतनी स्मृति जरूर है कि मौसाजी पूरी फिल्म में हाथ जोड़कर बैठे रहे। उनके लिए यह भगवान का साक्षात्कार था लेकिन यह उनकी गँवई मनोरचना पर सिनेमा की ऐतिहासिक जीत थी। हिंदू मिथकों का अवतारवाद सिनेमाघरों की खिड़की पर अच्छी तरह बिकने लगा था। बावजूद इसके कि सिनेमा का जादू संपन्न ग्रामीण पुरुषों पर छाने लगा था लेकिन वे देखी गई फिल्म की चर्चा गाँव के चौपालों या दालानों पर नहीं करते थे। वे इसे गुप्त रखते थे। इस तरह की चर्चा से बदचाल माने जाने का डर था क्योंकि लंबे समय तक यह मान्यता थी कि सिनेमा समाज और व्यक्ति को बिगाड़ता है। बुजुर्ग तबका सिनेमा के खिलाफ मोर्चाबंद था। बाद में धीरे-धीरे साधनसंपन्न वर्ग के वे दंपति भी सिनेमा देखने लगे, जो शहरों और कस्बों की यात्राओं पर जाते थे। फिल्मों की कहानी बयान करने से पुरुषों में परहेज लंबे समय तक बना रहा, लेकिन स्त्रियाँ फिल्मों के किस्से बताने लगीं। मैंने माँ को 'रामराज्य', 'आग', 'धूल का फूल', 'मुगल-ए-आजम', 'आवारा' आदि की कहानियाँ कहते सुना था। अपनी समझ से मैंने भी उन किस्सों को अपने हमउम्रों से साझा किया था। मेरे हमउम्रों ने उसी तरह मंत्रमुग्धता से उन किस्सों को आत्मसात किया था, जिस तरह मैंने। दृश्यकथा का किस्सागोई में ढलना भी उन दिनों इतना अनूठा था कि आज उसे अनुभव नहीं किया जा सकता। मैं उस शाम को भूल वहीं सकता जब मुझसे पाँच-छह वर्ष बड़े एक लड़के ने 'दिल अपना और प्रीत पराई' का किस्सा बड़ी तन्मयता से संगी-साथियों को सुनाया था। वह एक आने में उस फिल्म के गानों की पुस्तिका भी खरीद लाया था। उसने एक गीत भी गाकर सुनाया था - 'मोरी छम-छम बाजे पायलिया।' वह गीत गँवई संगी-साथियों के दिलोदिमाग पर छा गया था। हमारी नजरों में फिल्म देखनेवाले उस लड़के का दर्जा बढ़ गया था, मानो उसने कोई दुर्लभ ज्ञान प्राप्त कर लिया हो, क्योंकि हमें इसका कोई प्रत्यक्ष अनुभव नहीं था। इस अनुभव को शहरी और कस्बाई लड़के नहीं महसूस कर सकते क्योंकि सिनेमा उनकी पहुँच में होता था।
उन दिनों के एक दृश्य की मुझे हल्की-सी याद है, जब गाँव के एक रईस के घर ग्रामोफोन आया था। उस पर गाने के तवे घूमते थे। मशीन से निकलती आवाज सुनकर ग्रामीण हैरत में थे। ग्रामोफोन पर हर प्रकार के फिल्मी गीत बजते थे - प्यार, देशप्रेम, भक्ति के और कव्वालियाँ भी। गाँव की हवा में फिल्मी गाने घुलने लगे थे। उन दिनों गाँव के मेलों में धार्मिक, ऐतिहासिक और सामाजिक नाटक खेले जाते थे। नाटक में बीच-बीच में गाँव का ही कोई गायक लोकगीत प्रस्तुत करता था। मसखरी भी होती थी। बाद में नाटक के विषय तो पूर्ववत रहे लेकिन नाटक के दृश्य या अंक परिवर्तन में आने वाले अंतराल में डांसर (पुरूष नर्तक) स्त्री वेश और श्रृंगार से सज्जित होकर आने लगे और रोमांटिक फिल्मी गानों पर नृत्य करने लगे थे। यह ग्रामीण और लोकरूचि में उल्लेखनीय परिवर्तन था। ग्रामसमाज फिल्मी गानों में रस लेने लगा था या कि अपनी सांस्कृतिक विरासत पर टिके रहने की जिद छोड़ने लगा था! यह लोकप्रिय और व्यावसायिक सिनेमा की विजय यात्रा थी। इसके बाद नाटकों के विषय पर भी फिल्मी पटकथाएँ हावी होने लगीं। नागिन, 'अनारकली', 'हरिश्चंद्र', 'मुगल-ए-आजम' आदि की सिने-पटकथाएँ ग्रामीण नाटकों को बेदखल करने लगीं। फिल्मों के मंचन का दायरा बढ़ता गया। एक दिन ऐसा भी आया, जब दशहरा मेला में टूरिंग टाकीज आई। नावों और बैलगाड़ियों पर मेले में फिल्म के प्रदर्शन का प्रचार किया गया। चार आने, छह आने और दस आने के टिकट बेचे गए। मैंने भी चोरी-छिपे तीन फिल्में देखी - 'रानी रूपमती', 'बैजू बावरा' और 'आकाश' (शायद!)। ग्रामीण दर्शकों ने इतिहास और संगीत से रची-बनी पहली दो फिल्मों को खूब पंसद किया लेकिन तीसरी फिल्म कम पसंद की गई क्योंकि वह शहरी मध्यमवर्ग पर आधारित थी। इसकी कहानी ग्रामीणों के अनुभव जगत के लिए अजनबी थी। इस तरह मेरे गाँव के आसपास के बीसों गाँवों ने पहली बार फिल्मों का साक्षात्कार किया। वह शायद 58-59 का वर्ष था यानी भारतीय सिनेमा का पाँचवाँ दशक। यह प्रत्यक्ष नाटकों, रामलीलाओं और लोककलाओं की अघोषित हार भी थी।
जब गाँव में रेडियो आया तो उसमें भी फिल्मी गीतों को जगह मिल चुकी थी। बाद में सिलोन रेडियो से प्रसारित बिना का गीत माला का नशा ग्रामीण युवा पीढ़ी पर भी तारी हो चुका था। गाँव के दालानों और चौपालों पर बुधवार को रात आठ बजे समाचार सुना जाए या बिनाका गीत माला-इसको लेकर पीढ़ीगत संघर्ष शुरू हो चुका था। ट्रांजिस्टर ने इस संघर्ष में निर्णायक फैसला सुनाया। युवा पीढ़ी के चौपाल अलग हो गए और वहाँ अमीन सयानी की आवाज के साथ सोलह फिल्मी गानों का परचम हर सप्ताह फहराने लगा। पुरानी पीढ़ी दूसरे चौपाल पर समाचार सुनती रही। सिनेमा ने गाँव में विभाजक रेखा खींच दी थी। हालाँकि तबतक युवा पीढ़ी दातून से ही दाँत साफ करती थी। बिनाका टूथपेस्ट का अतापता नहीं था, लेकिन बिना का कपंनी ने युवाओं का मिजाज फतह कर लिया था। ग्रामीण श्रोताओं के लिए प्रतिदिन सुबह आठ बजे भी दुविधा होती थी कि रेडियो सिलोन से महान गायक के.एल.सहगल के गीत सुनें कि आकाशवाणी से देवकीनंदन पांडेय द्वारा वाचित समाचार। दोनों की आवाज का सम्मोहन समान था। रेडियो सिलोन की इन दोनों कामयाब पेशकश के दवाब में आकाशवाणी को भी फिल्मी गीतों का प्रसारण बढ़ाना पड़ा। कालांतर में रेडियो पर फिल्मों के ध्वन्यांकन (साउंड रिकार्डिंग) प्रसारित होने लगे। फिल्में ग्रामीणों के अधिक करीब आ गई। श्रोता संवादों और गीतों में सिनेमा का लुत्फ उठाने लगे। सिर्फ दृश्य नदारद था। संस्कार गीतों में भी फिल्मी तर्ज की नकल होने लगी। बाद में परंपरागत संस्कार गीतों को गाँव भुला बैठा और फिल्मी गीतों ने अपना बसेरा कायम कर लिया। भजन-कीर्तन मंडलियाँ भी फिल्मी भजनों-गीतों पर आश्रित होने लगीं। विवाहों में लाउडस्पीकर का बजना अनिवार्य हो गया। फिल्मी गीतों का समाँ बंध गया।
आखिर ऐसी स्थिति आई कि ग्रामीण परिवारों में फिल्मों से परिचित लोगों की तादाद बढ़ने लगी। शहरों में कार्यरत ग्रामीण श्रमिकों की भी फिल्मों से पहचान बढ़ी। गाँवों से शहरों में विस्थापित परिवारों और श्रमिकों ने भी कठोर श्रम की एकरसता मिटाने के लिए सिनेमा का सहारा लिया। ग्रामीणों में अपना बाजार बढ़ाने के लिए फिल्मों ने वे सभी लटके-झटके अपनाए, जो मन को मुट्ठी में करने के लिए अनिवार्य थे और हैं। टेलीविजन ने इसे संगठित विस्तार दिया। गाँवों में सिनेमाघर बन नहीं सकते थे और टेलीविजन ने उस खाली जगह को भर दिया। प्रारंभ में आम ग्रामीणों के लिए टेलीविजन सिर्फ सिनेमा ही सिनेमा था। बाद में वे फिल्म और सिरियल का विभाजन समझने लगे। दोपहर, शाम और रात की फिल्मों का वर्गीकरण भी उनकी समझ में आया। अब ग्रामीण टीवी दर्शकों के लिए सिनेमा रोजमर्रा की चीज है। दुर्लभता का आकर्षण खत्म हो चुका है और सुलभता ने ललक को कमतर किया है लेकिन उपभोग की लालच को बढ़ा दिया है।
इस तरह सौ साल पहले 'सिनेमा में गाँव' से शुरू हुआ सफर 'गाँव में सिनेमा' को पहुँचाकर सफल हो गया। संगठित ओर केंद्रीकृत मनोरंजन के नाम से प्रारंभ इस मनोयुद्ध में महामाध्यम सिनेमा को निर्णायक विजय मिली। अब तक गाँव का अधिकांश कच्चा माल सिनेमा इस्तेमाल कर चुका है और सिनेमा द्वारा संचालित अधिकांश प्रभाव (नकारात्मक या सकारात्मक) गाँव पर पड़ चुका है। अब पंचलाइट के गोधन को सलम सलम वाला सलीमा का गीत गाने पर जाति बहिष्कृत होने या मुखिया की अनुमति की जरूरत नहीं रह गई है, लेकिन प्रेम या अंतरजातीय विवाह पर जाति पंचायतों और वर्ण-धर्म का पहरा यथावत है। उसे सिनेमा भी समाप्त नहीं कर सका है। फिलहाल सिनेमा का दबदबा कायम है मिजाज से लेकर मनोरंजन तक। सिनेमा का बाजार तो गाँवों तक फैल ही चुका है। शासक वर्ग की सारी नीति-रणनीति गाँवों में सिनेमा के जरिए भी सक्रिय है क्योंकि अनिवार्यतः पूंजी नियंत्रित होने के कारण सिनेमा राज्य का ही प्रचारक है। वैसे भी भारतीय सिनेमा औपनिवेशिक चौकसी में पला बढ़ा है, इसलिए उसका चरित्र राज्यवादी ही है। गाँवों ने इस पर अभी सवाल करना नहीं सीखा है लेकिन वह दिन आएगा जब गाँव भी सिनेमा पर सोचना और सवाल करना शुरू करेंगे। सवाल होना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि अंततः सिनेमा अधिकतम व्यवसाय और व्यावसायिक उद्देश्य है। इसका पूरा तंत्र काले धन पर टिका है और दर्शकों से सफेद धन प्राप्त कर ही यह वैधता पाता है। इस सफेद धन में ग्रामीण दर्शकों का भी बड़ा हिस्सा है। ग्रामीण दर्शकों में जिस दिन यह सच उजागर होगा, उस दिन वह सिनेमा की अदा पर फिदा होना छोड़कर उसके निहितार्थों से परिचित होगा और सिनेमा का वास्तविक सिनेमा उसके सामने भी प्रकट होगा।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)