फागुन की वासंती हवाएँ मदमस्त कर देती है। सामाजिक बंधनों से पार जाने की क्षमता व प्रेरणा भी उनमें है। रिश्तों का शिथिलीकरण भी इसमें संभव होता है। 'भर फागुन
बाबा देवर लागें।' भारतीय मनुष्य की ऐंद्रिय कलात्मकता का श्रेष्ठतम मास है यह।
चारों तरफ प्रकृति भी एक विशिष्ट पारिस्थितिकी रचती है। सुगंध और फूलों के रस से सराबोर भीना-भीना वातावरण। चाहे जहाँ चले जाएँगे, भाँति के रंग-बिरंगे पुष्प
आपका मन हर लेंगे। बस, आप के पास एक ऐसा मन हो, जो उन्हें निहार सके। समकालीनता के कठिन प्रत्ययों ने हमसे ऐसा मन छीनना चाहा है।
ग्रीष्म के पूर्व फागुन के रंग में बहुआयामी कोण दिखते हैं। फागुन एक तरह का आमंत्रण है मनुष्य की रसवंती कल्पनाशीलता का। फागुन कोरे कागज पर सभ्यता की आदिम समय
से रसलिपि है। जितनी इतिहास में प्रकृति की लीला है, जितना भूगोल में मनुष्य के चित्त-प्रासादों का परिष्कार है : सब फागुन में एक साथ है।
वसंत एक तरह का वह संरचनात्मक लोक है, जहाँ मनुष्य के खंडहर में भी हरियाली के पौथे अपने पत्ते ललछौंहें कर लेते हैं। वसंत में मस्ती का आलम पूरी फिजा में होता
है। होली उसी का चरमोत्कर्ष है। होली में रंग एक-दूसरे में समा जाते हैं। क्या तात्पर्य हुआ? अपने का दूसरे में विलयन। निजता बचाते हुए अहंकार का विसर्जन। निजता
अहमन्यता से अलग है। अहम् का दुर्गुण यह है कि उसमें आत्म नहीं होता। उसमें खुद का बोझ होता है। स्वयम् को उठाए ढोते फिरो। जिनको जीवन को नशा है, वे ही वसंतजीवी
हैं। किसी भंग के नशे में क्या मजा? थोड़ी-बहुत घोंट ली तो थोड़ी-बहुत देर चली। आनंद तो तब है जब कोई बेहतर लत पाली जाय। 'पीएँ' तो कुछ ऐसा, जिससे खुद भी भला लगे,
समाज भी गतिशील हो। 'प्रेम' करें तो इस तरह कि सारी 'कटुता' समाप्त हो जाए। या कम हो जाए।
'होली' वसंत के रंगों का ऐसा सर्वहारा त्यौहार है, जिसमें गरीब-अमीर का भेद या तो मिटता है या कम हो जाता है। किसी के गाल पर गुलाल मल सकते हैं आप। विरोधी को भी
गले लगा सकते हैं। जो त्यौहार धन को नहीं, जीवन के विविधवर्णी आयाम को महत्व देता हो, वहाँ रंगों की आभा में मनुष्य की निष्कलुशता की जय-जय है। वैज्ञानिकों का
कथन है कि सभी रंगों की समानुपातिक मिश्रणशीलता से 'सत्य' ही सृजित होता है। वही सत्य का रंग। 'असतो मा सद् गमय।' असत्य से सत्य की ओर ले चलो। टिकता तो साँच है।
साँच को आँच कहाँ? साँच की अपनी आँच है।
होली में इतनी शक्ति है कि वह जातियों व धर्मों की सीमा-रेखा को तोड़ सके। इस त्यौहार में जाति-धर्म को परे रख दिया जाता है। सभी लोग एक दूसरे से प्रेम से मिलते
हैं। यह एक ऐसा पर्व है जो सामूहिक रूप से मनाया जाता है। टोलियाँ एक दूसरे के घर जाती हैं। जिस के यहाँ जाती हैं, उसके घर का बना मिष्ठान्न खाती हैं, होली के
गीत गाती हैं, फिर आगे बढ़ जाती हैं यानी दूसरे के घर चली जाती हैं। इस तरह यह क्रम बढ़ता रहता है।
वसंत में 'होरहा' खाने का अपना मजा है। मैं बता दूँ कि होरहा क्या है? मटर या चने की फलियों को डंठल व पत्तियों समेत भूनना। उसके साथ गन्ने के कच्चे रस में दही
डालकर कर पीना। एकदम स्वाद से लबरेज।
वसंत की आँखों में सरसों के फूल हैं। सरसों के पौधे की गंध है। वसंत की साँसों में मदन है। वसंत की भंगिमा में ढोलक व माँदल की थाप है। वसंत व होली में संगीत की
लय स्वतः अनुभूत की जा सकती है।
होली में उल्लास, समरसता, आत्मीयता, एक दूसरे की लगाव-भावना ही केंद्रीय सूत्र है। पृथ्वी से छलके हुए उल्लास को यदि कोई ऋतु अपनी आँखों में पीती है तो वह वसंत
है। वसंत सपनों के साथ ठिठोली करने वाली ऋतु है। कभी-कभी होली में वसंत ऋतु के साथ कोई-कोई बरजोरी जरूर करना चाहता है। गुलाल-टीका रंग मिलने तक तो ठीक, लेकिन
हुरजोरी से सारा मामला बेमजा हो जाता है। किसी के साथ बाँकपन करो। किसी को हृदय दो। किसी का दिल जीतो। देह-भाषा से पहले हृदय-भाषा समझो। ऐसे वातावरण में, जब सब
कुछ विषाक्त या प्रदूषित होने लगा है, रंगों को इको फ्रेंडली या पारिस्थितिक मैत्री से परिपूर्ण बनाना उचित है, साथ ही प्रेम संबंधों की पवित्रता से घृणा के
वातावरण का बेहतर बनाना औचित्यपूर्ण।
होली खा पीकर मस्त होने तक सीमित नहीं, अपितु संबंधों के परिष्कार का बेहतर सेतु है। वर्ष भर इस पर्व की हम प्रतीक्षा करते रहते हैं कि हम 'नव रस' लें। दिशाओं
में फूलों की सुगंध इस तरह पसरी रहती है कि एक उन्माद-सा रहता है। इस 'उन्माद' को सकारात्मक बना लेता है वही समाज में 'भरपूर' जीता है और दूसरे को जीने देता है।
उन्माद का अर्थ बौराना नहीं है। उन्माद एक तरह का 'पैशन' है, जो सही दिशा में रखें तो जीवन व समाज के लिए गतिशीलता का कारक हो सकता है।
मौन मधु है। वसंत भी मधु है। इसलिए होली का रस मुखर होकर केवल 'कबीरा' गाने में ही नहीं है, किसी को मौन से रंग डाल देने में भी है। अपने कर्म राग को अंतर से
अनुस्यूत कर के होली के कलर्स में तब्दील कर देना भी एकशिल्प है। यह होली वस्तुतः हमें वसंत के अंतःचरित्र से लेनी होगी। यह हमें विह्वलता की समीपता, एक दूसरे
से जुड़ाव, हर किसी में रंग देखने से संबद्ध है। यह आवश्यक है कि हर किसी के भीतर की रंगमयता को देख लिया जाय, उसके संवेदन को छुआ जाय और अपनी संवेदना में उसकी
संवेदना को सराबोर कर दिया जाए।