अ+ अ-
|
|
|
1 .
देखो देखो भाग रहे हैं लोग
खाँसते खखारते
आँखें मलते साफ करते
अपनी छाती दबाए हुए
कुहरे में भाग रहे हैं लोग
न जाने किस ओर
एक-दूसरे से बेखबर
लोग भाग रहे हैं
और पकड़े नहीं है
किसी का हाथ
क्यों भाग रहे हैं लोग
क्या जल्दी है
आश्चर्य है
उन्होंने ताले भी नहीं लगाए
अपने घरों में
वे सिर्फ भाग रहे है
बेतहाशा छोड़कर होशो-हवास
उनके पास कोई नहीं है सामान
सिर्फ हवा है
और पैरों तले जमीन
कुछ ही क्षणों में
हवा ने दे दी दगा
और वे खाली शीशियों की तरह
लुढ़क गए जमीन पर
फड़फड़ाते हुए
उस सुबह
फिर हमारी आँखें ही नहीं
पत्थर, पत्तियाँ और जमीन भी गीली थीं
2 .
अजीब दृश्य है
इस शहर में चारों तरफ आँखें ही आँखें हैं
चलती फिरती
गहरी सुर्ख आँखें
या खुली फैली निश्चल आँखें
फैली निश्चल आँखों को देखकर
मुझे लगता है
जैसे वे विनती कर रहे हों
अभी और दुनिया देखने की
थोड़ी दूरी पर
बकरी इस कदर सुंदर लग रही है
कि मैं अपने आपको रोक नहीं पाता हूँ
मैं उसकी पूँछ छूता हूँ
उसके शरीर में कोई हरकत नहीं होती है
उमेठता हूँ कान
उसके शरीर में कोई हरकत नहीं होती है
मैं अपनी आँखों पर डालता हूँ जोर
और हैरानगी से फेरता हूँ
उसकी त्वचा पर हाथ
उसकी त्वचा
न तो पत्थर की है
और न ही रबड़ की
उसकी त्वचा सिर्फ बकरी की त्वचा है
शत प्रतिशत बकरी की त्वचा
सिर्फ उसमें वह कंपन नहीं है
जिससे आ जाती
हथेलियों में गर्माहट
डरा हुआ
जब मैं सोचता हूँ
लोगों की आँखें फैली क्यों हैं
वे हिलती-डुलती क्यों नहीं
लोगों को छूने से
मेरी हथेलियों में क्यों नहीं आती गर्माहट
मेरा शरीर झनझनाने लगता है
|
|