सभ्य हुए हम,
रीति-रिवाजों रिश्ते-नातों के
इस घर में टूट गए दम।
भूल गए
चैका बासन, चूल्हा चकिया में
सूखा चेहरा
लगा हुआ सबके अंतर पर
अब पश्चिमी पलस्तर गहरा
महँगी कार
बड़ा है बंगला
रहते हैं कंप्यूटर में गुम।
पढ़ लिखकर
हम बड़े हो गए
फटी बिवाई देख-देख कर
हल में बैल बन गए बापू
हमें बना पाने को अफसर
माटी सनी
पिता की बंडी
डूबी रही पसीने हरदम
एक ओर
ममता का सागर
पूँजी और कर्म की धरती
उनकी आशीषों से
अब तक आने से पीड़ाएँ डरतीं
कथा लिखी
मन की किताब में
दुहरा लेते हैं अक्सर हम।