hindisamay head


अ+ अ-

कविता

समय के पंख

मधुकर अस्थाना


सर्जना में जब
समय के शंख बजते हैं
शब्द के भी
मर्म को तब पंख लगते हैं।

देखकर प्रतिगामिता की
सोच का दलदल
मौन रहती है जहाँ
परिवेश की हलचल
हृदय पर
अभिव्यक्तियों के डंक लगते हैं।

लोग चुनते सीपियाँ
बैठे किनारे पर
लगाए हैं टकटकी
टूटे सितारे पर
धार से
कटकर तटों पर पंक लगते हैं।

आदमी का अर्थ
आँखों में रहे पानी
लेखनी से सृजित हो
अनुभूति की बानी
अन्यथा
संभावना से रंक लगते हैं।

मूल्य और नियम
यहाँ पर हथकड़ी पहने
जा रही संवेदना
युगबोध में दहने
हुए कालातीत
जो बदरंग लगते हैं।


End Text   End Text    End Text