hindisamay head


अ+ अ-

कविता

शब्द चरित्र बदल लेते हैं

मयंक श्रीवास्तव


हमने अर्थ
नहीं बदला है
शब्द चरित्र बदल लेते हैं

बदल-बदल कर रंगत अपनी
हमें बना देते हैं बौना
मन के खेल खेलते रहते
शब्द समझते हमें खिलौना
शब्द समय की
धार देखकर
अपने मित्र बदल लेते हैं

शब्दों की अपनी दुनिया है
शब्दों की अपनी माया है
कभी भरोसा देते हैं तो
कभी शब्द ने भरमाया है
शब्द क्षणों में
बहुत पुराने
भाव पवित्र बदल लेते हैं

शब्द सभी के हो जाते हैं
शब्द किसी के नहीं सगे हैं
जब चाहा अपने हो जाते
जब चाहा तब दूर भगे हैं
शब्द स्वयं के
बने बनाए
अपने चित्र बदल लेते हैं।


End Text   End Text    End Text