विकृति
संस्कृति को ललकारे
हर ओर
क्षरण ही क्षरण बंधु!
सन्नाटा बुनता अंधियारा
अब चीख रही
‘दामिनी’ विवश
देवालय के
उजले आँगन में
नाच रही निर्लज्ज हवस
सर्वमंगला सत्व शुभांगी
झेले बेबस अपहरण बंधु!
चोरी हो गई
सुवास-सुमन
आरोपित है भोली तितली
रोबोट खा गया
पचा गया
गांधी जी की छोटी तकली
कितने अमृतघट लाओगे
हर ओर
मरण ही मरण बंधु!
विकृति
संस्कूति को ललकारे
हर ओर
क्षरण ही क्षरण बंधु!