चक्रवाती हैं हवाएँ
बीच तुम अर्जुन अकेले।
सब खड़े प्रतिपक्ष में हैं
विष बुझाए तीर ले ले।
सामने सेना अपरिमित
है खड़ी शमशीर ताने,
आँख की चिनगारियों में
घृणा का आकाश साने।
हे धनुर्धर मौन तोड़ो!
भाव क्यों इतने थकेले ?
चक्रवाती हैं हवाएँ
बीच तुम अर्जुन अकेले।
कौन तेरा, कौन मेरा
सोचने का क्षण नहीं है।
युद्ध से भयभीत होने का
तुम्हारा प्रण नहीं है।
वीर तुम सन्नद्ध हो लो!
सामने हैं शत्रु रेले।
चक्रवाती हैं हवाएँ
बीच तुम अर्जुन अकेले।
यह तुम्हारी रीति है
हो लक्ष्य पर ही सधी-आँखें।
दृष्टि में आने न पाएँ
वृक्ष-पत्ते और शाखें।
बढ़ो आगे व्यूह तोड़ो!
रौंद डालो पाप-ठेले।
चक्रवाती हैं हवाएँ
बीच तुम अर्जुन अकेले।
धर्म की स्थापना
करनी तुम्हें ही है यहाँ।
द्रोपदी की पीर भी
हरनी तुम्हें ही है यहाँ।
पार्थ! लो ब्रह्मास्त्र कर में!
भस्म कर दो अरि झमेले।
चक्रवाती हैं हवाएँ
बीच तुम अर्जुन अकेले।