hindisamay head


अ+ अ-

कविता

माँ उजाला, दिया-बाती

शीला पांडे


चढ़ी चूल्हे पर निरंतर
दाल जैसी खदबदाती
भाप भी उड़ने न पाती।

बंधनों में पंख साधे
ग्लैशियर है शीश पर।
चोंच भर दानें मिलें तो
वक्ष दे दें चीर कर।
‘बोझ भर’ दायित्व लादे
रोज साँसें भदभदाती
आह भी रिसने न पाती।

ठौर या प्रतिबद्धता
निःशेष हर संबंध में।
कागजों की नाव खेना
रह गया अनुबंध में।
आँसुओं में डूब जाती
पीर जो उठती धधाती
चोट भी भरने न पाती।

संस्कृति कंधे-धरे
दी आयु सेवा भाव में।
भीत पर धक्का लगाती
जिंदगी रख दाँव में।
त्रास के पल, लटे तन भी,
बाँटती, ममता दुधाती
माँ उजाला, दिया-बाती।
 


End Text   End Text    End Text

हिंदी समय में शीला पांडे की रचनाएँ