आओ रोटी सेंके
गाँव के बाहर
हरिया की झुग्गी में
लगी आग पर
हरहरा कर जलते उसके
फटे-पुराने गुदड़ी-गठरी
और धुआँ उठाते उसके सपनों पर
अर्धनग्न शरीरों वाले कुनबे के
क्लोज एंगल से खिचे चित्र के साथ
पीड़ा - त्रासदी - जुल्म
अत्याचार में पकी खबर
कल जब अखबार में छपेगी तो
देखना कितनी करारी - मजेदार
स्वाद देगी,
जब पार्टी दफ्तर का बिल्ला चमकेगा
मेरे सफेद लकदक कुर्ते पर ।