मैं बहुत खुश हूँ
हूँ बिलकुल कूल।
खुश दिख रही है
मेरी बालकनी,
खुश है बालकनी में
सीना ताने खड़े
गमले से बाहर झाँकते
चंपा के छोटे पेड़,
खुश हैं उस पर इठलाती
कुछ कलियाँ - खुश है ताजा खिला फूल,
खुश हैं इस हरियाली की झुरमुट से
कोने से ताक झाँक करता
सुर्ख गुड़हल का बड़ा सजीला फूल।
खुश है कटोरे के जल से
अपनी प्यास बुझाता गौरैया का जोड़ा ।
आज प्रातः
कानों को गर्म कर जाने वाली चर्चाओं ने
हवा की शीतलता को नहीं मरोड़ा
पार्क के फूल की खुशबुओं के मजमों को
दूषित विचारों की दुर्गंध से नहीं गया तोड़ा।
कितनी ताजगी भरी खुशबू है
चूल्हे पर चढ़े
भगोने में पकती चाय की,
गुसल खाने के नहाने वाले साबुन की,
खुशबू धोबी के ताजे
स्त्री किए वस्त्रों की।
मुझे फिर से सुनाई पड़ने लगी है
भोर के पक्षियों की चहचहाहट
बुलबुल की आवाज,
दूर मंदिर की घंटियों की
शांतिदायक ध्वनि,
सुन पाता हूँ कदमों की आहट।
सुन पा रहा हूँ,
दूधिये की साइकिल की आवाज,
शोर मचाना
स्कूल न जाने को तैयार
पड़ोस के नन्हें बालक का,
स्कूल के रिक्शे में बैठती
छोटी सी बिटिया की
बाय बाय कहती मीठी आवाज,
बाथरूम से आ रही वाटर टैप की आवाज,
रिक्शे में टंगे ट्रान्जिस्टर से निकलता
विविध भारती का सुमधुर गीत-संगीत
कोरस में लगे साज।
मैं वाकई बहुत खुश हूँ
पिछले महीने से
छोड़ दिया है देखना - समाचार का
छोड़ दिया है सुनना - समाचार का
छोड़ दिया है बतकहा अखबार का
खरीदना / पढ़ना अखबार का।