क्या फर्क पड़ता है ?
संप्रदाय के नाम पर
कागज और कलम को
विभाजन की राह होने में,
नीली स्याही द्वारा
सफेद कागज की जगह
चेहरे को स्याह होने में,
क्या फर्क पड़ता है?
अखबार की एक खबर से
प्रभावित होकर कूचे में
परस्पर दुआ-सलाम की जगह
नफरत - मन भेद बे-पनाह होने में।
क्या फर्क पड़ता है?
आज जाति के नाम पर
बस्ती के अंदर
रहने वाले लोगों का आपस में बँट जाना,
क्या फर्क पड़ता है?
समझदार और कुशल हाथों को
आरक्षण के हाथों
उनके नैसर्गिक अधिकारों से वंचित हो
विकास से हट जाना,
क्या फर्क पड़ता है?
व्यापम की व्यापकता से
समाज को
कमजोर प्रबंधन - आधे अधूरे ज्ञान का
खामियाजा भुगतने से,
क्या फर्क पड़ता है?
गरीब की झोपड़ी में
रोटी-कपड़ा और मकान की माँग करती
नारे वाली तख्तियाँ रखने से,
क्या फर्क पड़ता है?
यदि मौत का तांडव
पड़ोस में हुआ है,
क्या फर्क पड़ता है?
दरिंदों के पंजों में
बच्चियों की चीखें हैं
बिलखते माँ - बाप की दुआ है,
क्या फर्क पड़ता है? जानकार...
मर गया,
अस्पताल की चौखट पर
इलाज से वंचित बुजुर्ग,
क्या फर्क पड़ता है ? देखकर...
सम्मान - पद - प्रतिष्ठा
को वापस करने में
टूटते - बिखरते
साहित्य - सोंच - सरोकार के दुर्ग,
हाँ सोचिए तो सही...
मित्र फर्क पड़ता है वोटो पर...
फर्क पड़ता है
संजीदा दिलों की चोटों पर...
फर्क पड़ता है
मीडिया के विज्ञापन से आय पर...
फर्क पड़ता है इस फर्क को भुनाने में माहिर
बुद्धिजनों की कीमती राय पर...
वरना, ...फर्क पैदा करने वाले
फर्क उगाने वाले बीजों से
कभी का मुक्त कर देते
बरगलाई समाज की
जमीनी सोच को,
मुक्त कर देते वंचितों की / पीड़ाओं को
असहनीय खरोंच को,
यदि ये फर्क न देते
उसे सत्ता के फायदे
यदि न पहुँचा देते
उसकी उँगलियों तक
सत्ता से जुड़े
अधिकार - कानून - कायदे...