hindisamay head


अ+ अ-

व्यंग्य

घाटमपुर के इलेक्शन

पंकज प्रसून


शहर की पहुँच से पचास किलोमीटर दूर बसा गाँव घाटमपुर। विधायक निधि से बना ग्राम्य संपर्क मार्ग। जो बारिश के संपर्क में आते ही स्खलन का शिकार हो जाता है। यह सड़क घाटमपुर के लिए सहूलियत तो नहीं बन पाई पर पंद्रह सालों से चुनावी मुद्दा जरूर बन रही है। उसी सड़क के अंतिम छोर पर हर सप्ताह ग्राम समाज की जमीन पर लगने वाली बुध बाजार। दाईं और रोहू मछलियों की दुकान। उसके ठीक बगल में छुट्टन कसाई का बाड़ा, जहाँ बकरे और मुर्गे हलाल किए जा रहे थे जिनका खून बाल्टी में भरा जा रहा था, इसके पीछे छुट्टन का खून लेकर आजादी देने का कांसेप्ट था। दूसरी और खटिक सब्जियाँ बेच रहे थे। महँगाई गुलजार थी। आस पास की गाँवों के लोग मोल भाव करके एक आध रुपया छुड़वा रहे थे। इन सबसे बेखबर ग्राम समाज का बछड़ा बाजार में कुलाचें भर रहा था। कभी भिंडी पर मुँह मारता था तो कभी पालक पर। हरी सब्जी खाने को अरसे से तरस रहा बुद्धन उस बछड़े की किस्मत पर गर्व कर रहा था। मन मसोस कर आधा किलो आलू में अठन्नी छुड़वाने के लिए बीस मिनट से बिंदादीन खटिक से भिड़ा पड़ा था।

वहीं बाजार का एक पीछे वाला छोर भी था। जहाँ खुल्लमखुल्ला कच्ची शराब बेची जा रही थी, पक्के इरादों के साथ। महँगाई का यहाँ कोई असर नहीं। बाल्टी और टीन के डिब्बों में भरा घरेलू किस्म का सोमरस। जिसे बेचने वाली घूँघट के अंदर से झाँकती सुहागिनें। घाटमपुर में आम और नीम तो कब के पार उतर गए। यह शराब ही है जिसने महुआ को आज तक जीवंत बनाए रखा है। यूँ तो यहाँ एक सरकारी मधुशाला भी है पर यहाँ 45 का पउआ और 90 का अद्धा मिलता है। यह दुकान लाखैरों की उस बिरादरी का प्रतिनिधित्व करती है जो गरीबी रेखा से थोड़ा ऊपर हैं, पीले कार्ड वाले। ये मेज के ऊपर बैठ चने नमकीन के साथ दारू हलक से नीचे उतारते हैं। सफेद कार्ड वाले पारंपरिक पियक्कड़ होते हैं। ये सरकारी दारू में विश्वास नहीं करते बिलकुल सरकारी योजनाओं की तरह। यह गृह उद्योग के तहत विशुद्ध देशी विधि से निर्मित कच्ची शराब का एक लोटा पीकर लोट जाते हैं। खड़ंजे के किनारे, खेतों की मेड़, सूख चुकी नहर की पुलिया इनके पसंदीदा विश्राम स्थल होते है। हाँ, जो लोग राशन कार्ड बनवाते हैं ईश्वर उनको ऐसी बरक्कत देता है की घाटमपुर अड्डे में आने की नौबत नहीं आती। उनका ठिकाना तो घाटमपुर से दस किलोमीटर दूर स्थित लालगंज कस्बे का बियर बार होता है।

घाटमपुर बाजार से सटी हुई अमरू पंसारी की मड़ैया। जहाँ आस-पास के गाँवों के ठेलुहे दो चार गिलास गटकाकर एक दूसरे की माँ बहनों को खुलेआम न्योता देते पाए जाते हैं... जातिवाचक और संबंधसूचक इन गालियों की भी अपनी एक मिठास होती है और कडवाहट भी। बस खयाल ऊँच-नीच का रखना पड़ता है।

दारू की दुर्गंध और बीड़ी के उड़ते धुएँ के छल्लों के बीच गाड़ी के हार्न की आवाज आती है। सामने एक बोलेरो आकर रुकती है जिसमें आगे की ड्राइवर सीट के बगल बैठे चार लोग। और पीछे पूरी गाड़ी खाली। इसके पीछे समान बिरादरी और समान प्रभुत्व की भावना है। 'हम उनसे कमजोर हैं का जो पीछे बैठेंगे' गाड़ी अब भी हार्न बजा रही थी, हार्न उनकी संपन्नता और शान का सूचक होता है। जिस हार्न की जितनी आवाज समझो वह उतना संपन्न। और यह हार्न तब तक बजाते हैं जब तक की कोई विपन्न आकर गाड़ी का गेट न खोले। ये बबलू पांडे की गाड़ी थी। अमरू पंसारी जान बूझकर गाड़ी के पास नहीं जा रहा था। अमरू तो गाली खाने का आदी था ही वह यह समझ गया कि जरूर ससुरे की गाड़ी फँसी है। तभी वह भागता हुआ बाहर आता है और तपाक से गाड़ी का गेट खोलता है,

'अरे साहब, देर के लिए माफी, भाग जागे हमरी मड़ैया के जउन आप पधारे, बताओ मालिक का सेवा करी आपके खातिर।'

'परधानी का इलेक्शन आने वाला है, और इस बार सामान्य सीट आने वाली नहीं। हरिजन सीट आ रही है। कुछ सोचा है। पिछली बार तो तुम खा के डकार गए थे पाँच हजार और जितवा दिए थे रज्जन सिंह को।'

'पर मालिक ई काहे भूली जात हव की रज्जन सिंह दस दस हजार बाँटे रहय। ई महँगाई के दौर मा वोटर के दाम बढ़ी गें हैं।'

'साले, दाम नहीं भाव बढ़ गए हैं इन वोटरों के।'

'हम तो आपके गुलाम हैं, मदद के लिए तैयार हैं मालिक, लेकिन हरिजन सीट है तो आप नाहक परेशान हो रहे हैं। अमरू उनको सिगरेट पीने को देता है और खुद बीड़ी का सुट्टा लगाता है।

'परेशानी की बात तो है ही। मैं मद्दे पासी को चुनाव में खडा करना चाहता हूँ।'

'अच्छा, जिसकी तीन पीढ़ियाँ आपका कर्जा उतारते उतारते संसार के पार उतर चुकी हैं।'

'साले, कर्जा लेकर दारू पिएँगे तो होगा क्या, बाप मर जाता है तो उसके गम में लड़का शराबी हो जाता है, ये चार पैसे कमाने के लिए जालंधर में जाकर भट्ठा झोंकते हैं। साले जन्मजात टीबी के मरीज होते हैं, रही सही कसर ये भट्ठा पूरी कर देता है।'

'पुत्तन जरा खैनी बना,' बबलू पांडे और उनके दोनों पट्टीदार होठों और दाँतों के बीच की जगह को भरने की कोशिश करते हैं...

इधर अमरू दूसरी बीड़ी सुलगा चुका होता है...

'हाँ, तो मालिक दिक्कत का है, मद्दे पासी तो आप ही की जमीन पर हगता मूतता है, आप जब कहेंगे खड़ा हो जाएगा, जब कहेंगे बैठ जाएगा।'

'दिक्कत मद्दे पासी नहीं बल्कि दिक्कत तो रग्घू चर्मकार है, सुना है उसने रज्जन सिंह का सारा कर्ज उतार दिया है। आजकल साले के पाँव जमीन पर नहीं पड़ते। इतना दरूहल है फिर भी बिटिया को पढ़ा डाला और सुना है अब वो ट्यूशन भी पढ़ाने लगी है।'

'हाँ साहेब। ऊ लालगंज मा ट्यूशन पढ़ाती है, और उसने अपनी अम्मा के साथ मिलकर सारा कर्जा उतार दिया है। बड़ी चकड़ है उनकी अम्मा फूलमतिया, यहीं दारू बेच रही होगी।'

'माँ बाप दरूहल और बिटिया संस्कारी, वाह रे पंसारी..., सुना है वो परधानी के लिए हाथ पाँव मार रहा है। और काफी जनाधार इकट्ठा कर लिया है।'

'हाँ कुछ तो वहिके बिटिया के आशिक हैं और कुछ वहिके मेहरारू के...'

'और कुछ वहिके मेहरारू के दारू के...'

पुत्तन बीच में बोलता है बब्लू और राघव ताली पीट पीट कर ठहाके लगाते हैं, अमरू भी हँसता है पर कट्टी साधकर।

'अबे अमरू, सुना है कि रग्घू और परधान रज्जन पांडे में छत्तीस का आँकड़ा है...'

'अरे साहब, जब गरीब बहत्तर कमाए लागी तो अमीरन से छत्तीस का आँकड़ा तो होइबे करी... और ऊपर से रज्जन सिंह का सारा कर्जा उतार दिया सो अलग। वहिके बिटिया हिसाब मा अव्वल है, रज्जन ब्याज मा ज्यादा बेईमानी नहीं कर पाया। फिर भी भरा बैठा है रज्जन के खिलाफ। और चुनाव मा रज्जन के कंडीडेट पियारे लोध के खिलाफ ताल ठोंके कै तैयारी मा हय।'

'सुन पंसारी, कुछ ऐसा कर कि रज्जन सिंह और रग्घू चर्मकार दोनों का आत्मविश्वास कमजोर हो।'

'वो तो ठीक है सरकार, लेकिन पहिले कुछ हमरे झोली मा डाल दीजिए जहिसे हमार आतम विश्वास मजबूत होवे।' अमरू बबलू पांडे का पाँव दबाते हुए बोला।

'उतर आया न कमीनापंथी पर। ये ले हजार रुपये और काम पर लग जा।'

अमरू नोट पे टार्च मारता है, गांधी जी और आरबीआई साफ साफ नजर आते हैं, फिर बबलू पांडे के पाँव पकड़ते हुए बोलता है, 'वो क्या है न साहिब, काम भले ही गंदा हो पर गांधी साफ सुथरे दिखने चाहिए नोट में...'

शाम ढल चुकी थी, बाजार लगभग खत्म हो चुकी थी। ग्राम समाज का साँड़ और कुछ बकरियाँ गोभी, मूली, सड़े टमाटर की सफाई में जुट गए थे। रग्घू कसाई की दुकान के पास कुत्तों में हड्डियाँ नोचने की होड़ लग चुकी थी, कुछ कमजोर किस्म के कुत्ते छलकी हुई शराब को सूँघ कर बलशाली कुत्तों के ऊपर भोंक रहे थे। बबलू पांडे की बोलेरो जा चुकी थी। अमरू ने सारे ठेलुहों से दस दस रुपये लेकर उनको चलता कर दिया था। वे सब खड़ंजे पर एक दूसरे को गिरते गिराते और गारियारे हुए अपने घरों की ओर जा रहे थे। अमरू की मड़ैया में अब जमुनिया आ चुकी थी, और शराब से भी कम कीमत अदा कर अमरू शबाब लूटने में मस्त हो गया।


2 .

दोपहर का वक्त। रग्घू चर्मकार का घर।

पीछे की और कच्चा और आगे की और एक कमरा पक्की ईंटों से बना हुआ, जिसमें रग्घू चिलम सुलगा रहा था। पत्नी फूलमतिया चौका पानी करके भट्टी में शराब पका रही थी। बगल में दूध उबल रहा था। बेटी कोमल लालगंज गई हुई थी ट्यूशन पढ़ाने।

अमरू पंसारी साइकिल से झोला उतार कर रग्घू के घर में प्रवेश करता है।

'आओ पंसारी, कइसन आना हुआ, चिलम मारोगे'

'चिलम छोड़ रग्घू, तुम्हारी कमजोरी लेकर आया हूँ, मनोरंजन का पक्का इंतजाम।'

'ये ले अपनी लालपरी', अमरू झोले से व्हिस्की का खंभा निकालता है।

'जियो पंसारी, बड़े दिनन के बाद ई अंग्रेजी मिली है। ई बिटिया महतारी मिलकर हमार देशी छोड़वाई दिहिन, चिलम से काम चल नहीं पाता।'

अरे, फूलमतिया, तनी दुई गिलास और पियाज काटी के लावा तो, आज पंसारी प्यार लेके आया है'

'रग्घू, प्यार के साथ पूरा प्लान लेके आया हूँ, तुमको परधानी जितवानी है इस बार।'

'हाँ, तुम्हारी ई विदेशी दारू का कर्ज तभी उतारूँगा, देशी घपले करके।'

फूलमतिया गिलास और प्याज देकर पंसारी को घूरते हुए चली जाती है, रग्घू पैग तैयार करता है।

'रग्घू, तुमको जीतने के लिए पंडित और ठाकुर बिरादरी का वोट भी चाहिए होगा, रज्जन सिंह तो पियारे लोध को खड़ा कर रहा है, लेकिन बबलू पांडे तुम्हारा साथ देना चाहता है...।'

'काहे का, आखिर बबलू पांडे भी तो अपना हरिजन कंडीडेट खड़ा करी।' पहला पैग एक झटके में खाली कर देता है रग्घू।

'पिछली बार का हारा प्रत्याशी है वो, उसको मालूम है तुम्हारे वोट बैंक के बारे मा। सारी चर्मकार बिरादरी तो तुम्हारे साथ है, कुछ पंडित बिरादरी का वोट मिल गया तो तुम निकल जाओगे।'

इस बीच पंसारी एक और पैग रग्घू को देता है।

'देख रग्घू, रज्जन तेरी राह का रोड़ा है, इसने तुझसे ब्याज भी खूब ऐंठा हैं, इसके लड़के कई बार तेरी लड़की को भी छेड़ भी चुके हैं। और तू हाथ पे हाथ धरे बैठा है, अब तो थानेदार सी पी कुरील भी तेरी बिरादरी का है... तुझे अपनी बिरादरी में हीरो बनना हैं तो रज्जन सिंह के सामने सर उठाकर चलना सीखना पड़ेगा।'

रग्घू, एक पैग और खींच जाता है। और एक पूरा प्याज चबा जाता है...।

'जी तो करत है की इसी पियाज के तरह चबा जाई रज्जनवा का। '

एक पैग और ले रग्घू, बबलू पांडे तुम्हारे साथ है, आज ही रज्जन सिंह के घर जाकर उनको गरिया के आओ, इससे गाँव में तुम्हारा नाम हो जाएगा।'

तभी फूलमतिया निकल के बाहर आ गई, 'वाह "पंसारी मेहरबान तो रग्घू पहलवान"। कहीं नहीं जावेक है तुमका, समझे।'

रग्घू तैश में आ गया, 'तू रोकेगी हमका, हम होने वाले परधान हैं, फैसले करेंगे गाँव के, ई रज्जनवा के खिलाफ बड़ी आग है दिल मा, आज निकल जाने दे।'

दम नहीं है देहीं मा, आग निकलेक बजाय हवा निकल जाई तो पता लागी।

रग्घू फूलमतिया को धक्का देते हुए निकल पड़ता है


3 .

रग्घू रज्जन के घर के सामने अपनी लहराती आवाज से रज्जन के परिवार के सदस्यों को गालियों के फिट कर रहा था। और सफल भी हो रहा था। यूँ तो उसके पाँव भी लहर खा रहे थे। पर मुँह की बात ही कुछ और थी। पंसारी तो अपना काम करके निकल चुका था। रग्घू जुटा था, अवधी जब क्रोधित होती है तो वो खड़ी बोली का रूप ले लेती है -

'निकल साले, बहुत आग मूती है तूने, मन से लूटा है मनरेगा को, विकलांग पेंशन खा गया, साठ साल से पहले ही लील गया सारी वृद्धा पेंशन। भूतन को रोजगार गारंटी दे रहा है और जो लोग जिंदा है उनको ब्याज पर पैसा।

निकल चोरकट, हेड मास्टर के साथ मिलकर सारा मिड डे मील खा के पचा गया। और डकार तक नहीं ली मोटे ने... हमको कालोनी नहीं दिलवा पाया और अपनी तीसरी कोठी बनवा रहा है... हम करें इसके घर में मजूरी और ये बनवाए मंजिलें... निकल... आज सारा हिसाब होगा।'

प्रधान के तीनों लड़के घर के सामने मजमा जुटने का इंतजार कर रहे थे। मजमा उनकी सामाजिक नाक का प्रतीक होता है। आठ दस लोग जब इकट्ठा हो गए तो तीनों लाठी लेकर निकले फिर लाठी रखकर जूतों से उसको पीटने लगते हैं...

रग्घू चिल्ला रहा होता है, 'मार लो सालों, चप्पलों से पीटूँगा तुमको, परधान बन जाने दो एक बार...।'

वो लोग तब तक जूतमपैजार करते हैं जब तक रग्घू का मुँह बंद नहीं हो जाता।

तब तक पीछे से फूलमतिया और उसकी बेटी कोमल दौडती हुई आती हैं, फूलमतिया फफक रही थी, 'हाय रे, मार डाला मेरे प्यारे रग्घू को, मैं छोड़ूँगी नहीं तुम लोगन का, सारी हवा निकाल दी रग्घू की, पेट पिचक गवा है,पापड़ बनी गें सैयाँ हमार...'

तभी रग्घू चिल्लाता है, 'अरे हम जिंदा हन, दारू ज्यादा हो गई इसलिए लुढ़क गए हैं। 'चलो लादो हमका रेड़ी पर, लइ चलव थाने का...।'

लालगंज थाने में दरोगा सी पी कुरील के सामने रग्घू जोर जोर से कराह रहा था, और उससे भी तेज फूलमतिया रोए जा रही थी। अलाप और विलाप की स्वरलहरियों से थाना गुंजायमान हो उठा था। पति की चोट और पत्नी का प्रेम दोनों की मात्रा इतनी ज्यादा नहीं थी जितनी की कराह और रुदन। यह मामले को गंभीर बनाने का प्रयास था।

दरोगा कुरील से फूलमतिया एफआईआर लिखने को कह रही थी,' साहब, आप तो हमरी बिरादरी के हैं, देखो कितने जूते मारे हैं रज्जन के हरामजादों ने, शरीर पिचक गवा है'

दरोगा कुरील बोले, 'शरीर पर जूते पड़ते हैं तो शरीर फूलता है, पिचकता नहीं। मैं एफआईआर लिख कार्यवाही भी करता लेकिन यह खुद नशे की हालत में है। इसलिए घर जाओ, और रग्घू को समझाओ की शराब पीना बंद कर दे। तुम तो बेचना बंद नहीं कर सकती हो।'

'बुद्धी खराब होई गे रहय हमार जउन यहिका देशी पिए से मना किया, अंग्रेजी दारू ने तो पिटवा ही दिया।'


4 .

अगले दिन की सुबह। फूलमतिया के मन में प्रतिशोध की भावना भड़क चुकी थी। अमरू पंसारी के घर में घुसते ही वह गालियों से उनका स्वागत करती है। पर रग्घू यह कहते हुए पत्नी को शांत कराता है कि पंसारी ने हमारे स्वाभिमान को जगाया है, वर्ना कभी सोचा न था कि उसको माँ बहन की गालियाँ दूँगा।

पंसारी के आते ही पीछे से बब्लू पांडे की बोलेरो आती है। आते ही वो रग्घू का हाल पूछता है और एक शीशी फूलमतिया को देते हुए बोलता है, 'ये हल्दी का तेल है, जमके मालिश करो रग्घू की।'

'साहिब, कउनो जमाना मा ई बहुत तेल लगावत रहा रज्जनवा के, आज देखो सब तेल निकाल डालिस...।'

'लेकिन इसने जो बहादुरी दिखाई है उसकी मैं तारीफ करता हूँ।' बब्लू पांडे ने रग्घू की पीठ थपथपाई। रग्घू को दर्द तो हुआ पर बहादुरी के चलते कराह नहीं सका।

पंसारी बीच में टोकता है, 'देखो साहेब, ई बात तो पक्की है कि रग्घू ने रज्जन को गरिया के अपने समाज में नाम तो कमा लिया है, पर पीटे जाने से साख पर बट्टा भी लगा है, रज्जन सिंह के रसूख मा कोइ खास कमी नहीं आई है।'

'बात तो सही कही पंसारी ने, एक पिटे हुए प्रत्याशी को कोई पंडित वोट देना पसंद नहीं करेगा।'

फूलमतिया यह कहते हुए उन्हें आश्वस्त करती है कि वो रज्जन सिंह के लड़कों को पिटवा के रहेगी...।


5 .

शाम के 7 बजे का वक्त। लालगंज से घाटमपुर के बीच की सुनसान सड़क। जहाँ एक पुलिया की ओट में फूलमतिया अपनी साड़ी और ब्लाउज कोमल से फड़वा रही थी। बेटी बार बार मना कर रही थी पर फूलमतिया उसे डपट दे रही थी, 'अगर इज्जत गँवाने का नाटक करने से तेरे बाप की इज्जत वापस आ जाए तो बेजा क्या है' थोड़ी देर बाद उसने कोमल की समीज भी फाड़ डाली थी। कोमल रो रही थी पर बेबस थी...।

तभी फूलमतिया का मोबाइल घनघनाया और उधर से संदेश आया कि प्रधान के लड़के लालगंज बियर बार से शराब पीकर दो मोटर साइकिलों से निकल चुके हैं। अब फूलमतिया का मिशन छेड़खानी शुरू होने वाला था।

सामने से दो मोटर साइकिलें आती दिखाई पडीं। सड़क पर कोमल साइकिल की चेन चढ़ाने लगी। दोनों ने मोटर साइकिलें रोक दीं -

'अरे ये तो कोमल है, रग्घे की बिटीवा... ज्यादा ट्यूशन मिलने लगे का इसको...' कोमल चौंकने का नाटक करती है

उनमें से एक ने एक हाथ चैन और एक हाथ कोमल की पीठ पर लगाते हुए बोला, 'दारू चढ़ गई पर निगोड़ी चैन न चढ़ पाई अभी तक।'

तभी फूलमतिया मैदान में आती है और जोर जोर से चिल्लाने लगती है, 'बचाओ, बचाओ, रज्जन के लड़के हमारी इज्जत से खेल रहे हैं...।'

वो तीनों हैरान हो जाते हैं फिर बाइक पर चढ़कर भागते हैं तो आगे धर लिए जाए हैं... यह फूलमतिया की इन्फार्मेशन टेक्नोलाजी का कमाल था।

लालगंज का थाना। दरोगा सी पी कुरील तीनों पर बेंत बरसा रहा था। उनके गाल फूल आए थे। यह देख फूलमतिया फूले नहीं समा रही थी।

'हरामियों, कितना गिर गए, बेटी तो बेटी माँ को भी नहीं छोड़ा, अच्छा हुआ कि मैं मौका-ए-वारदात पर पहुँच गया...।' अमूमन ऐसा होता नहीं, पर यह अजूबा कैसा हुआ यह जानने के लिए फूलमतिया के मोबाइल की आउट गोइंग काल देखनी पड़ेगी।

रज्जन सिंह लाव लश्कर के साथ थाने पहुँचा। और दरोगा को अर्दब में लेने की कोशिश करने लगा।

दरोगा डंडा हिलाते हुए बोले, 'शराब पीकर गाड़ी चलाना, बलात्कार की कोशिश, दलित उत्पीड़न तमाम केस बना कर अंदर कर दूँगा तीनों को। जमानत को तरस जाओगे प्रधान।'

रज्जन सिंह समझ गए थे कि ऐसे बात बनने वाली नहीं है, तभी दरोगा ने उन्हें अपने केबिन में चलने का इशारा किया।

उस केबिन में वही हो रहा था जिसकी हम पुलिस से अपेक्षा करते हैं... वो सुलह कराने को राजी हो गया, पर लेन देन का मामला जम नहीं पा रहा था।

'देखो प्रधान, बात साफ है। मैं ठहरा कुरील, आपकी जाति का होता तो कुछ कम ज्यादा भी कर लेता, फिर आप से नहीं लूँगा तो अपनी बिरादरी का भला कैसे कर पाऊँगा?'

बात बीस हजार में फाइनल हो गई। पाँच हजार फूलमतिया को देकर और 15 अपनी जेब के हवाले कर पीड़ित और पुलिस दोनों का भला कर दिया था दरोगा साब ने।

फूलमतिया ने कोमल की इज्जत ताख पर रखकर रग्घू के हाथों में पाँच हजार रुपये रख दिए थे। रज्जन सिंह के बेटों की पिटाई से रग्घू की हड्डियों का दर्द लगभग खत्म हो चुका था। आखिर उसने अपने जीवन में एक और उपलब्धि प्राप्त कर ली थी। बेटी की शादी हो न हो, पर उसे चुनाव में जीत नजर आ रही थी...।


6 .

करीब दो महीने बाद।

लालगंज में कोमल को ट्यूशन मिलना बंद हो चुके थे। फूलमतिया का दारू का धंधा भी चौपट हो गया। दरोगा कुरील के ट्रांसफर होते ही रज्जन सिंह ने उसकी भट्टी पर छापा डलवा दिया था। रज्जन सिंह के बदनाम बेटे अब कुख्यात हो चुके थे। घटते जनाधार के बीच वह पियारे लोध को उतारने के जोड़-तोड़ में लगा था।

इधर अमरू पंसारी की मड़ैया में बबलू पांडे, पुत्तन, राघव जाम पर जाम चढ़ाए जा रहे थे। लालगंज से बियर के केन मँगाए गए थे। जोरदार अट्टहास के बीच बियर और मुर्गे का कार्यक्रम चल रहा था। सफलता और दारू ने मैत्री और समानता का ऐसा वातावरण बना दिया था कि अमरू को बबलू पांडे खुद अपने हाथों से पैग बना के पिला रहा था।

'वाह अमरू, मान गए गुरू, रज्जन सिंह और रग्घू चर्मकार दोनों की साख गिरा दी तूने, कितना गिरा हुआ कमीना है तू। सबकी छवि खराब करके मुझे पाक साफ कर दिया'।

'साहिब, अब आप जइसन बड़े लोगन के साथ रह के थोड़ा जमादारी हम भी सीख गए हैं न।'

'अब तो अपना मजदूर मद्दे पासी तो जीता हुआ समझो...।'

एक नशेमन शाम के साथ ही पंसारी की मड़ैया खाली हो चुकी थी। और जमुनिया उसको बाँहों में समा चुकी थी।


7 .

अगली सुबह घाटमपुर की राजनीति में जलजला लेकर आई। अफरा-तफरी का माहौल। हर खेत हर चौबारे पर चर्चाओं का माहौल गर्म हो रहा था। कुछ खिल्लीबाज खैनी मसल मसल के चटखारे ले रहे थे। सार्वजनिक अखबार की इकलौती दुकान ढनगू पान वाले के यहाँ कुछ सभ्य किस्म के लुच्चे पान और पुड़िया का रसास्वादन करते हुए गैर शाकाहारी जुमलों से तंज पर तंज मार रहे थे। रज्जन सिंह और बबलू पांडे हाथ पर हाथ धरे बैठे थे... किसी के घर में चूल्हा नहीं जल रहा था। जब दर्द का सामान वितरण होता है तो दो दुश्मन भी दोस्ताना रवैया अपनाने लगते हैं। इन दोनों के दुख से रग्घू चर्मकार खुश था। उसने चिलम में तंबाकू की मात्रा बढ़ा दी थी। फूलमतिया का जियरा बल्लियों उछल रहा था।

असल में आज सुबह के अखबार में खबर आई थी की घाटमपुर की सीट हरिजन के बजाय अन्य पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित कर दी गई थी।

उधर अमरू अपनी मड़ैया में जमुनिया को बाँहों में लेकर बोल रहा था, 'अब तुम बनोगी परधानिन और मैं परधान अमरू पंसारी...।


End Text   End Text    End Text