hindisamay head


अ+ अ-

कविता

लमहा

महेन्द्र भटनागर


एक लमहा
सिर्फ एक लमहा
एकाएक छीन लेता है
        जिंदगी!
हाँ, फकत एक लमहा।
हर लमहा
अपना गूढ़ अर्थ रखता है,
अपना एक मुकम्मिल इतिहास
           सिरजता है,
बार-बार बजता है।
इसलिए जरूरी है -
हर लमहे को भरपूर जियो,
जब-तक
कर दे न तुम्हारी सत्ता को
            चूर-चूर वह।
हर लमहा
खामोश फिसलता है
एक-सी नपी रफ्तार से
अनगिनत हादसों को
          अंकित करता हुआ,
अपने महत्व को घोषित करता हुआ!


End Text   End Text    End Text

हिंदी समय में महेन्द्र भटनागर की रचनाएँ